November 23, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    विविधताओं में एकता ही भारत की असली ताकत, युवा पीढ़ी के कंधों पर विकसित राष्ट्र की जिम्मेदारी : अरुण साव

    • doing of business

    ‘वंदे मातरम् शिविर’ में छह राज्यों के 150 युवाओं से मिले उप मुख्यमंत्री, बोले—आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष से ही मिलती है सफलता

    सात दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास में युवाओं ने जाना प्रदेश का सांस्कृतिक वैभव, इतिहास और विकास; सिरपुर, आदिवासी संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन और विधानसभा का किया भ्रमण

     

    रायपुर । भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विविधता में एकता की भावना देश को मजबूत बनाती है। विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। युवाओं में देश को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने की क्षमता, योग्यता और आत्मविश्वास मौजूद है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए छह राज्यों के युवाओं से मुलाकात के दौरान कही।

    भारत सरकार के ‘वंदे मातरम् शिविर’ के अंतर्गत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए 150 युवाओं ने नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में श्री साव से मुलाकात की। 17 से 23 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय शिविर के अंतिम दिन युवाओं ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए।

    श्री साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवा शक्ति की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता, संस्कार और गौरव के प्रति सम्मान रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

    उन्होंने कहा कि सात दिनों के इस शिविर से युवा केवल यादें लेकर नहीं, बल्कि जीवनभर काम आने वाली अनमोल पूंजी लेकर लौट रहे हैं। यहां बने रिश्ते और आपसी जुड़ाव भविष्य में भी देश की एकता को मजबूत करेंगे। आपने सात दिनों में केवल 200 दोस्त नहीं बनाए, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में 200 नए परिवारों से संबंध जोड़े हैं। यही आत्मीयता और अपनापन भारत की वास्तविक ताकत है।

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता में एकता है। यहां हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और वेशभूषा बदल जाती है, लेकिन हमारी राष्ट्रीय एकता और भावनात्मक जुड़ाव सदैव कायम रहता है। भाषा और भौगोलिक सीमाएं कभी हमारी एकता में बाधा नहीं बनीं। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना ही वंदे मातरम् शिविर का मूल उद्देश्य है।

    आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं का ज्ञान भी जरूरी

    श्री साव ने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान के साथ भारतीय संस्कृति, सभ्यता, अध्यात्म, संस्कार एवं परंपराओं की जानकारी भी होनी चाहिए। देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पीढ़ी की प्रतिभा का समन्वय ही भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि यदि युवा एकजुट होकर देश के गौरव और विकास के लिए काम करें, तो भारत को विश्व गुरु बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

    युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियां और कठिनाइयां आती रहती हैं, लेकिन सफलता उसी को मिलती है जो आत्मविश्वास, धैर्य और साहस के साथ उनका सामना करता है। निराशा से घबराने के बजाय संघर्ष करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिविर से मिली ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवनभर बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक श्री अर्पित तिवारी भी उपस्थित थे।

    छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक वैभव से हुए परिचित

    मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा आयोजित इस सात दिवसीय शिविर में छह राज्यों के कुल 150 युवाओं ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा और आधुनिक जीवन-कौशल को प्रोत्साहित करना था। इसके साथ ही डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी युवाओं को जागरूक किया गया।

    प्रवास के दौरान युवाओं ने राज्यपाल श्री रमेन डेका से मुलाकात की। इसके अलावा सिरपुर, नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन और छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण किया। इन स्थलों के माध्यम से उन्होंने प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, कला, इतिहास, खानपान, पुरातात्विक विरासत और विकास की गतिविधियों को करीब से जाना।

    सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लेकर सामाजिक सेवा तक मिली सीख

    शिविर के दौरान युवाओं ने रायपुर स्थित ‘सियान गुड़ी’ वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह का भ्रमण कर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। वहीं डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराध से बचाव और उद्यमिता पर आयोजित संवादात्मक सत्रों में हिस्सा लेकर उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं।

    छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह), रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य महोत्सव का आयोजन भी किया गया। खाद्य महोत्सव में अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से युवाओं ने एक-दूसरे की खानपान संस्कृति और जीवनशैली को समझा।

    सात दिनों तक चले इस आयोजन ने विभिन्न राज्यों से आए युवाओं को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी मित्रता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता का अवसर प्रदान किया। शिविर के समापन पर युवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं और आत्मीय आतिथ्य के अनुभवों के साथ अपने-अपने राज्यों के लिए रवाना हुए।

    Rate this item
    (0 votes)

    Leave a comment

    Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision