July 30, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    मुंगेली

    मुंगेली (654)

       मुंगेली/शौर्यपथ /नगर पंचायत बरेला और जरहागांव में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। मुंगेली एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल ने विधिपूर्वक अध्यक्ष और पार्षदों को शपथ दिलाई। समारोह में उप मुख्यमंत्री अरूण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अध्यक्ष एवं पार्षदों को बधाई और शुभकामनाएं दी और नगर पंचायत बरेला एवं जरहागांव के शपथ ग्रहण को ऐतिहासिक और यादगार पल बताते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की अपील की।
          उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नवगठित नगर पंचायतों की जिम्मेदारियों को रेखांकित करते हुए कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ अपना जनादेश दिया है, उन पर पूरी निष्ठा से काम करना सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार के नेतृत्व में नगर पंचायत बरेला एवं जरहागांव के चहुंमुखी विकास के लिए हर संभव सहयोग की जाएगी। उन्होंने दोनों नगर पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी को मिलकर कार्य करना होगा। साथ ही, उन्होंने बिलासपुर जिले के ग्राम मोहभट्ठा में 30 मार्च को होने वाले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में नागरिकों को शामिल होने का आग्रह किया।
         कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि नगर की जनता ने निष्पक्ष रूप से अपने मतदान का प्रयोग कर आप लोगों को जिताया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नगर पंचायत बरेला और जरहागांव के सभी नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदगण नागरिकों के अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे और नगर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह, गणमान्य नागरिक गिरीश शुक्ला, दीनानाथ केशरवानी, शैलेष पाठक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
    नगर पंचायत बरेला में इन्हें दिलाई गई शपथ
         अध्यक्ष - नरेश पटेल, पार्षदगण - नितेश पटेल, देवहूति बबलू पटेल, जया पटेल, हीरालाल पटेल, मुन्नीबाई पटेल, सुनिता विजय दीवान, प्रदीप ध्रुवंशी, संजय कुमार, शेख जैनूल, विवेक बंटी सेमरिया, जगदीश साहू, भगेला ध्रुवंशी, राजकुमार साहू, पिंकी निर्मलकर और संजय निर्मलकर को शपथ दिलाई गई।
    नगर पंचायत जरहागांव में इन्हें दिलाई गई शपथ
       अध्यक्ष - श्रीमती रूपाली वेदप्रकाश कश्यप, पार्षदगण - सुरेश कुमार साहू, राधिका जायसवाल, लता सुखराम कश्यप, लोकेश कश्यप, संतोष कुमार साहू, संजू कुमार कश्यप, उषा साहू, मनोज कुमार कश्यप, सुमित कश्यप, प्रभा कश्यप, अनिल कुमार कश्यप, धीर सिंह बंजारे, दुर्गेश्वरी नोविन कश्यप, सनोज कुमार कश्यप और सुरेन्द्र कश्यप को शपथ दिलाई गई।

    हितग्राहियों को वितरण किया आयुष्मान वय वंदना कार्ड
      मुंगेली/शौर्यपथ / जिला कलेक्टोरेट में आज जनदर्शन का आयोजन किया गया। कलेक्टर राहुल देव ने आमजनों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री  अरूण साव के मंशानुरूप जिले के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार को जनदर्शन का आयोजन किया जाता है। इसमें आमजन बड़ी आशा के साथ अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आते हैं। संबंधित विभाग के अधिकारी गंभीरता से लेते हुए निर्धारित तय सीमा में निराकरण करना सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही एवं कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
           जनदर्शन में कलेक्टर ने दो हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड वितरण किया और योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्ड से 70 से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को 05 लाख रूपए तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों को पात्रतानुसार आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आमजनों के पुलिस विभाग से संबंधित समस्याओं से रूबरू हुए और नियमानुसार निराकरण के लिए आश्वासन दिया। जनदर्शन में लोरमी विकासखण्ड के ग्राम मुछेल की आनंद बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम पौनी के दिव्यांग राकेश सिंह ने दिव्यांग पेंशन दिलाने, ग्राम भथरी के रविकांत ने अपनी भूमि का सीमांकन कराने सहित अन्य आवेदकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार निराकरण की बात कही। इस दौरान अपर कलेक्टर  श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जी. एल. यादव, श्रीमती मेनका प्रधान, डिप्टी कलेक्टर अजय शतरंज सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

    मार्च माह तक सभी किसानों का पहचान पत्र बनाने के दिए निर्देश
      मुंगेली/शौर्यपथ /कलेक्टर  राहुल देव और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने पथरिया विकासखंड के ग्राम सिलतरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत भवन में एग्रीस्टेक परियोजना के तहत किसानों के कृषि भूमि पहचान पत्र निर्माण प्रक्रिया का जायजा लिया और मार्च माह तक सभी किसानों का कृषि भूमि पहचान पत्र बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि मार्च माह तक शत-प्रतिशत किसानों के भूमि पहचान पत्र बनाए जाएं, जिससे वे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य देशभर में कृषि भू-स्वामियों का एक एकीकृत पंजीकरण तैयार करना है, जिससे कृषि अनुदान, फसल बीमा और अन्य योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
         गौरतलब है कि ग्राम पंचायत सिलतरा के कुल 589 किसानों में से 202 किसानों के भूमि पहचान पत्र बनाए जा चुके हैं। कलेक्टर ने शेष किसानों को जल्द से जल्द पंजीयन कराने की अपील की और बताया कि किसान बी1 (भू-अधिकार पत्र), खसरा, ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ कॉमन सर्विस सेंटर या पटवारी के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं।
    खेल मैदान समतलीकरण एवं बुनियादी समस्याओं पर त्वरित निर्देश
        ग्रामीणों ने कलेक्टर से खेल मैदान समतलीकरण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि गांव के युवा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं और कई युवा पुलिस एवं सैन्य भर्ती की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन असमतल मैदान के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने इस संबंध में जनपद सीईओ को स्थानीय विधायक की सहमति से शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा बिजली, पेयजल, राजस्व संबंधी समस्या और तालाब के गहरीकरण एवं मेड़ बंधान को भी लेकर चर्चा की गई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने गांव में सुरक्षा संबंधी मुद्दों की समीक्षा की और युवाओं को नशा एवं गलत संगत से दूर रहते हुए लक्ष्य आधारित मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
    ग्राम धरदेई में धान उठाव कार्य का निरीक्षण
            पथरिया विकासखंड के ग्राम धरदेई खरीदी केंद्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने धान उठाव कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जीरो शॉर्टेज का लक्ष्य रखते हुए शीघ्र धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि खरीदी केन्द्र में 78 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जिनमें से 70 हजार क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है। वहीं 08 हजार क्विंटल धान निराकरण के लिए शेष है। कलेक्टर ने कहा कि यदि धान उठाव में देरी होती है तो संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
    सरगांव में पटाखा भंडारगृह निर्माण का अवलोकन
            कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सरगांव क्षेत्र में निर्माणाधीन पटाखा भंडार गृह का निरीक्षण किया और लाइसेंस एवं पर्यावरण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को निर्देशित किया कि सभी नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, पथरिया एसडीएम  भरोसा राम ठाकुर, तहसीलदार श्रीमती छाया अग्रवाल, जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    कृभकों द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
    मुंगेली/शौर्यपथ /अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के तहत जिले में सहकारी समितियों को सशक्त बनाने एवं किसानों को अधिक लाभान्वित करने के उद्देश्य से गुरुवार को ‘‘कृषक भारती को-आपरेटिव लिमिटेड’’ (कृभकों) द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पैक्स एवं लैम्प समितियों को पीओएस मशीन, डीबीटी, खाद भंडारण एवं वितरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला के दौरान केसीसी खाद वितरण में समितियों की भूमिका को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।
             कृभकों द्वारा समितियों को उर्वरकों की सीधी आपूर्ति करने और किसानों को समय पर आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराने की रणनीति पर चर्चा की गई। इसके अलावा किसानों को फसल विविधीकरण के प्रति जागरूक करने और धान के बदले अन्य फसलों के लिए अधिक से अधिक लोन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। गौरतलब है कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को 0 प्रतिशत ब्याज दर पर केसीसी लोन उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें खाद, बीज, कृषि उपकरण और नगद राशि शामिल होती है। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने किसानों को इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में राज्य प्रमुख कृभको श्री राघवेन्द्र सिंह तोमर, सहायक आयुक्त सहकारिता श्री हितेश श्रीवास, उप संचालक कृषि विभाग श्री एम. आर. तिग्गा, नोडल अधिकारी सीसीबी श्री संतोष ठाकुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं समस्त समिति प्रबंधक उपस्थित रहे।

    जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित
    कलेक्टर ने सहकारिता गतिविधियों पर आधारित कैलेंडर का किया विमोचन
    मुंगेली /शौर्यपथ /कलेक्टर राहुल देव की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोेरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित किया गया। बैठक में कलेक्टर ने ‘‘सहकार से समृद्धि’’ के विजन को साकार करने, सहकारी आंदोलन को मजबूती प्रदान करने, इसकी जमीनी स्तर पर पहुंच बनाने एवं सहकारी क्षेत्र में विश्व की सबसे बड़ी अनाज भण्डारण योजना के क्रियान्वयन एवं निगरानी के लिए विभिन्न कार्य योजना की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायत में बहुद्देशीय समितियां की स्थापना, स्व सहायता समूह का सहकारी समितियां के रूप में पंजीयन, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां के कंप्यूटराइजेशन प्रधानमंत्री जन औषधि सहित विभिन्न सहकारी गतिविधियों के प्रगति के संबंध में जानकारी ली तथा सहकारी समितियों को सशक्त एवं मजबूत बनाने बेहतर कार्य योजना के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
          कलेक्टर ने प्रत्येक समिति को ई डिस्ट्रिक्ट में पंजीयन कराने के लिए निर्देशित किया, ताकि समिति के लोग ई डिस्ट्रिक्ट सेवाओं का भी लाभ ले सकें। उन्होंने सहकारिता गतिविधियों पर आधारित जिले द्वारा निर्मित कैलेंडर का भी विमोचन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पांडेय सहित समिति से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त श्री हितेश श्रीवास ने बताया कि सहकार से समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ते हुए जिले में अब तक 100 से अधिक समितियां बनाई जा चुकी हैं जिसमें पैक्स, लैंप्स एवं दुग्ध से संबंधित समितियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र योजना के अंतर्गत समितियां द्वारा दवाई दुकानों का भी संचालन किया जा रहा है। सहकारी समितियां के कॉमन सर्विस सेंटर में आईडी बनाए गए हैं। इसके साथ-साथ पैक्स कंप्यूटराइजेशन का भी कार्य चल रहा है।

    त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025: द्वितीय चरण का चुनाव जिले में शांतिपूर्ण सम्पन्न
    सभी वर्ग के मतदाताओं ने लिया उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर हिस्सा
       मुंगेली/शौर्यपथ /त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 अंतर्गत जिले के जनपद पंचायत क्षेत्र लोरमी में द्वितीय चरण का मतदान 20 फरवरी को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। सभी मतदाता अपने घरों से निकलकर संबंधित मतदान केन्द्र पहुंचे और निर्भीक होकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता निभाई। लोरमी क्षेत्र अंतर्गत गांव की सरकार बनाने के लिए कुल 75.46 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उत्साहपूर्वक प्रयोग किया। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल देव और पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतदान केन्द्रों में सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने हेतु सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
               मतदान समाप्ति के पश्चात् मतगणना संबंधित मतदान केन्द्रों में की गई, जिसके बाद मतदान दलों की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सारधा-लोरमी में सकुशल वापसी हुई। जहां मतदान दलों का पुष्पाहार पहनाकर स्वागत किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान ने बताया कि लोरमी जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कुल 147 ग्राम पंचायत के लिए 439 मतदान केन्द्र बनाए गए थे। 527 मतदान दलों की ड्यूटी लगाई गई थी। द्वितीय चरण के चुनाव में 86 हजार 761 पुरूष और 84 हजार 459 महिला सहित कुल 01 लाख 71 हजार 220 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सभी वर्ग के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान का प्रतिशत 75.46 रहा, इनमें 75.47 पुरूष मतदाता और 75.46 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल हैं। बता दें कि जनपद पंचायत लोरमी क्षेत्र अंतर्गत जिला पंचायत के 05 सीटों के लिए 27 प्रत्याशी, जनपद सदस्य के 25 सीटों के लिए 119 प्रत्याशी, सरपंच के 135 सीटों के लिए 619 प्रत्याशी और पंच के 1358 सीटों के लिए 3163 प्रत्याशी चुनाव के मैदान में थे।

    मुंगेली/शौर्यपथ / जिला मुंगेली के ग्राम करही में मुख्य मार्ग पर जिला एवं सत्र न्यायालय के समीप एक लावारिस गाय के बीमार होने की सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक उपचार प्रदान किया। इसके बाद, गाय को नगर पालिका मुंगेली के काउ कैचर की सहायता से पण्डरभट्ठा गौशाला में सुरक्षित पहुंचाया गया, जहां उसका आगे इलाज किया जा रहा है। गाय के उपचार में अतिरिक्त उप संचालक डॉ. डी. के. सारस्वत एवं सहायक पशु चिकित्सक क्षेत्र अधिकारी  अनिल सोनी का विशेष सहयोग रहा।
              पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक डॉ. शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि गाय फूड पॉइजनिंग से पीड़ित थी। अधिक मात्रा में बचा हुआ भोजन खाने से मवेशियों को यह बीमारी हो जाती है, जो कई बार घातक भी साबित होती है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा, शादी-विवाह या अन्य आयोजनों के बाद बचे हुए भोजन को खुले में न फेंकें। इसे किसी गड्ढे में डालें या उचित तरीके से निपटान करें, ताकि लावारिस मवेशियों को अनावश्यक खतरा न हो।
    बीमार या घायल पशु दिखे तो करें संपर्क
              पशु चिकित्सा विभाग ने आमजन से अनुरोध किया है कि यदि कहीं कोई अस्वस्थ या घायल पशु दिखे, तो तुरंत मोबाइल नंबर 9827167241 पर सूचना दें, ताकि समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। विभाग मवेशियों की देखभाल और उनके उपचार के लिए तत्पर है।

    मुंगेली/शौर्यपथ / त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के द्वितीय चरण के तहत जनपद पंचायत लोरमी के विभिन्न ग्राम पंचायतों में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। इसी कड़ी में ग्राम अखरार के मतदान केन्द्र क्रमांक 04 में एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब नवविवाहित युवक मिथलेश जायसवाल और उनकी बहन महारानी जायसवाल ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
             मिथलेश जायसवाल की शादी हाल ही में 18 फरवरी को संपन्न हुई थी, जबकि उनकी बहन महारानी की बारात आज ही आने वाली है। बावजूद इसके, दोनों ने पहले अपने नागरिक कर्तव्यों को प्राथमिकता दी और मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र को मजबूत करने की पहल की। खास बात यह रही कि महारानी जायसवाल ने दुल्हन के पारंपरिक परिधान में मतदान किया, जिससे अन्य मतदाताओं को भी मतदान के प्रति प्रेरणा मिली। मतदान के बाद दोनों ने कहा, मतदान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए हमें अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करना चाहिए।

    02 लाख 26 हजार 899 मतदाता अपने मताधिकार का करेंगे प्रयोग
    शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र सारधा लोरमी से दलों को मतदान सामाग्री का वितरण कर केन्द्र के लिए किया गया रवाना
       मुंगेली/शौर्यपथ /राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप द्वितीय चरण में होने वाले चुनाव के लिए विकासखण्ड लोरमी क्षेत्र में सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल देव के निर्देशानुसार स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन हेतु मतदान केन्द्रों में पेयजल, छाया, बिजली सहित तमाम व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों द्वारा क्षेत्र का लगातार भ्रमण किया जा रहा है। मतदान प्रक्रिया 20 फरवरी को प्रातः 07 बजे से शुरू होगा। मतदान दलों को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र सारधा लोरमी में मतदान सामाग्री का वितरण कर मतदान केन्द्रों की ओर रवाना किया गया। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्री रामप्रसाद चौहान, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने दलों को किए जा रहे मतदान सामाग्री वितरण का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
          उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान ने बताया कि लोरमी जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कुल 147 ग्राम पंचायत के लिए 439 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। 24 सेक्टर अधिकारियों तथा रिजर्व सहित 527 मतदान दलों की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान केन्द्रों तक पहुंचने के लिए 92 रूट बनाए गए हैं। द्वितीय चरण के चुनाव में 01 लाख 14 हजार 605 पुरूष मतदाता, 01 लाख 11 हजार 924 महिला मतदाता और 10 तृतीय लिंग सहित कुल 02 लाख 26 हजार 899 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जनपद पंचायत लोरमी क्षेत्र अंतर्गत जिला पंचायत के 05 सीटों के लिए 27 प्रत्याशी, जनपद सदस्य के 25 सीटों के लिए 119 प्रत्याशी, सरपंच के 135 सीटों के लिए 619 प्रत्याशी और पंच के 1358 सीटों के लिए 3163 प्रत्याशी चुनाव के मैदान में है।

     सभी वर्ग के मतदाताओं ने लिया उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर हिस्सा
        मुंगेली/शौर्यपथ / त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 अंतर्गत जिले के जनपद पंचायत क्षेत्र मुंगेली में प्रथम चरण का मतदान 17 फरवरी सोमवार को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। सभी पंचायतों के मतदाता अपने घरों से निकलकर संबंधित मतदान केन्द्र पहुंचे और निर्भीक होकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता निभाई। क्षेत्र अंतर्गत गांव की सरकार बनाने के लिए कुल 77.04 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उत्साहपूर्वक प्रयोग किया। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल देव और पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतदान केन्द्रों में सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने हेतु सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
               मतदान समाप्ति के पश्चात् मतगणना संबंधित मतदान केन्द्रों में की गई, जिसके बाद मतदान दलों की शासकीय एसएनजी महाविद्यालय में सकुशल वापसी हुई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान सहित संबंधित अधिकारियों ने पुष्पाहार पहनाकर स्वागत किया और सफलतापूर्वक मतदान सम्पन्न कराने के लिए बधाई दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान ने बताया कि मुंगेली जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कुल 124 ग्राम पंचायत हैं, जिसमें 351 मतदान केन्द्र बनाए गए थे। जनपद पंचायत मुंगेली क्षेत्र अंतर्गत जिला पंचायत के 04 सीटों के लिए 31 प्रत्याशी, जनपद सदस्य के 25 सीटों के लिए 144 प्रत्याशी, सरपंच के 118 सीटों के लिए 626 प्रत्याशी और पंच के 1125 सीटों के लिए 2702 प्रत्याशी चुनाव के मैदान में थे। मतदान के दौरान सभी वर्ग के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान का प्रतिशत 77.04 रहा, इनमें 77.54 पुरूष मतदाता और 76.52 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल हैं।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision