
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
तीन छायाकारों की कलाकृतियों में दिखी प्रकृति की अनूठी सुंदरता, कक्षा 9 के छात्र पीयूष सिन्हा की बांसुरी की मधुर धुन भी बनी आकर्षण
भिलाई। प्रकृति की मनमोहक छटा, पक्षियों की खूबसूरती और वन्यजीवों के दुर्लभ पलों को करीब से देखने का अवसर अब इस्पात नगरी के कला प्रेमियों को मिल रहा है। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित नेहरू आर्ट गैलरी में 8 अक्टूबर 2026 को प्रकृति एवं वन्यजीवन पर आधारित समूह छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर स्थित आर्ट गैलरी में मुख्य महाप्रबंधक (सीबीडी) सी. श्रीनिवास सेशु ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) अमूल्य प्रियदर्शी, जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आर्ट्स क्लब के सदस्य, स्थानीय कलाकार, छायाचित्र प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दुर्लभ पलों में दिखी प्रकृति की जीवंत तस्वीर
प्रदर्शनी में छायाकार ईश्वर कुमार पटेल, राहुल वेलायुधन पी.वी. और शरित शेखर बर्मन द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में खींचे गए पक्षियों, वन्यजीवों और प्राकृतिक परिवेश के आकर्षक छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इन तस्वीरों में प्रकृति के विविध रंगों, वन्यजीवों के व्यवहार और उनके प्राकृतिक आवासों की खूबसूरती को कलात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया गया है।
तीनों छायाकारों की रुचि पक्षी एवं वन्यजीव फोटोग्राफी के साथ पर्यावरण संरक्षण, यात्रा और ट्रेकिंग में भी है। उनके कैमरों में कैद दृश्य दर्शकों को प्रकृति के करीब ले जाने के साथ जैव विविधता के महत्व को समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद मुख्य अतिथि सी. श्रीनिवास सेशु ने छायाचित्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति और वन्यजीवन के मनोहारी क्षणों को कैमरे में सहेजना केवल रचनात्मक कला नहीं, बल्कि लोगों में जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने तीनों छायाकारों को उनकी रचनात्मक पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।
वन्यजीवन की तस्वीरों के साथ बांसुरी की मधुर धुन
नेहरू आर्ट गैलरी में कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए जनसंपर्क विभाग की ओर से एक नई पहल भी की गई है। इसके तहत प्रदर्शनियों के दौरान युवा वाद्य संगीतकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में इस प्रदर्शनी के दौरान कक्षा 9 के छात्र मास्टर पीयूष सिन्हा द्वारा मधुर बांसुरी वादन प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकृति के मनमोहक छायाचित्रों के बीच बांसुरी की धुन दर्शकों के अनुभव को और खास बना रही है।
10 अक्टूबर तक देख सकेंगे प्रदर्शनी
यह प्रदर्शनी 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। दर्शक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक नेहरू आर्ट गैलरी पहुंचकर छायाचित्रों का अवलोकन कर सकते हैं।
प्रदर्शनी में प्रस्तुत तस्वीरें प्रकृति की सुंदरता को सामने लाने के साथ यह संदेश भी देती हैं कि वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण भविष्य के लिए कितना आवश्यक है। कला, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को जोड़ने वाली यह पहल इस्पात नगरी के कला प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर है।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
