
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
बलरामपुर को ₹202.65 करोड़ के 2,009 विकास कार्यों की सौगात; शंकरगढ़ में नया स्कूल, चांदो में सामुदायिक भवन और प्रतिमा स्थल पर बनेगा स्मृति द्वार
रायपुर / शौर्यपथ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से बलरामपुर जिले के ग्राम चिरई-जसवंतपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसेवा, जनजातीय समाज के उत्थान और सरगुजा अंचल के विकास में स्वर्गीय लरंग साय के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने जिले को ₹202 करोड़ 65 लाख के 2,009 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें ₹156 करोड़ 68 लाख के 1,863 कार्यों का भूमिपूजन तथा ₹45 करोड़ 97 लाख के 146 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
क्षेत्र के विकास के लिए तीन घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने शंकरगढ़ के जर्जर बालक हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के स्थान पर नया भवन बनाने, चांदो में बड़े सामुदायिक भवन का निर्माण कराने तथा स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा स्थल के समीप भव्य स्मृति द्वार बनाने की घोषणा की।
श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय लरंग साय ने विधायक, सांसद और मंत्री के रूप में जनहित तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने उनके साथ अपने आत्मीय संबंधों को भी याद किया और कहा कि सरगुजा सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों का संतुलित विकास सरकार का संकल्प है।
किसानों, गरीबों और जनजातीय परिवारों पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत लगभग 32 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं तेंदूपत्ता संग्रहण की पारिश्रमिक दर ₹4,000 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रति मानक बोरा की गई है। भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को प्रतिवर्ष ₹10 हजार की सहायता भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए ई-ऑफिस तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों के लिए सरल और सुलभ बनाना है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्वर्गीय लरंग साय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विकास संबंधी सपनों को साकार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भी उनके व्यक्तित्व और जनसेवा को प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह, बब्रुवाहन महाराज, ओम प्रकाश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
