August 07, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    शौर्यपथ

    शौर्यपथ

     

    ? नगर निगम की समीक्षा बैठक में धीमे कार्यों पर कड़ा रुख
    ? 15वें वित्त आयोग व अधोसंरचना मद के कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तलब
    ? नागरिकों को समय पर मिले विकास का लाभ—अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश

    दुर्ग | 
    महापौर अलका बाघमार के मार्गदर्शन में नगर निगम के लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चंद्राकर ने गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में शहर में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा बैठक ली।

    बैठक में कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, सहायक अभियंता संजय ठाकुर, राजेन्द्र धाबाले, विनोद मांझी, मोहित मरकाम, अर्पणा मिश्रा, करण यादव, पंकज साहू, प्रेरणा दुबे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

    लोक कर्म प्रभारी ने अधोसंरचना मद एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत तथा प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए उनकी अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी

    देवनारायण चंद्राकर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ गति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर विकास कार्यों का लाभ मिल सके।

    समीक्षा के दौरान निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा की गई। प्रभारी ने चेतावनी दी कि जिन एजेंसियों के कारण कार्यों में देरी हो रही है, उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल कार्य कराना नहीं, बल्कि समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण विकास सुनिश्चित करना है, जिससे शहरवासियों को बेहतर और स्थायी सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

     

    राजनांदगांव, ।
    खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में संचालित धान खरीदी अभियान से किसानों में उत्साह और संतोष का माहौल है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा तक धान खरीदी की जा रही है।

    जिले में धान खरीदी के सुचारू संचालन हेतु व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी धान खरीदी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाइस, श्रमिकों की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आर्द्रता मापी यंत्रों के माध्यम से धान की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। जिले के सभी 96 धान खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य एवं खरीदी संबंधी जानकारी प्रदर्शित की गई है।

    धान बिक्री के लिए किसान ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे समय की बचत हो रही है और किसानों को सुविधा मिल रही है। धान खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी की जा रही है तथा कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान खरीदी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

    अब तक जिले में 84,398 पंजीकृत किसानों से 44,11,868.40 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत 1047 करोड़ 41 लाख 77 हजार रुपये है। धान का उठाव भी निरंतर जारी है और अब तक 11,89,219.50 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है।

    धान खरीदी अभियान की सुचारू व्यवस्था और समय पर भुगतान से जिले के किसानों में संतोष और भरोसा बढ़ा है।

    परकोलेशन टैंक, इंजेक्शन वेल व बोरवेल रिचार्ज सिस्टम का लिया जायजा

    राजनांदगांव ।
    ग्रामीण क्षेत्रों में भू-जल संरक्षण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मिशन जल रक्षा के अंतर्गत निर्मित जल संरचनाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बरगा एवं फरहद में परकोलेशन टैंक, इंजेक्शन वेल तथा बोरवेल सह रिचार्ज सॉफ्ट सैंड फिल्टर संरचनाओं का अवलोकन किया।

    इसके अतिरिक्त ग्राम भंवरमरा में निर्मित ऑक्सीजोन संरचना का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने भू-जल संवर्धन से जुड़ी तकनीकी विशेषताओं पर अधिकारियों से चर्चा की तथा समीप निर्मित बोरवेल सह रिचार्ज सॉफ्ट सैंड फिल्टर के निर्माण कार्य को भी देखा।

    निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि बोरवेल रिचार्ज सॉफ्ट सेंटर एक प्रभावी एवं उपयोगी तकनीक है, जिसके माध्यम से असफल बोरवेल में पुनर्भरण कर भू-जल स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने जिले में जल संरक्षण के लिए नवीन तकनीकों के अधिकाधिक विस्तार के निर्देश दिए।

    कलेक्टर ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर जल संरचनाओं के उपयोग, रख-रखाव तथा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली।

    निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्ता, डिप्टी कलेक्टर विश्वास कुमार, जनपद पंचायत सीईओ मनीष साहू, फैज मेमन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

     

    राजनांदगांव ।
    यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा जिले में विशेष जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परिवहन जांच चौकी पाटेकोहरा में रात्रिकालीन विशेष अभियान के तहत अंतर्राज्यीय तथा राज्य के भीतर संचालित 26 यात्री स्लीपर बसों की सघन जांच की गई।

    जांच के दौरान बसों में फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट-एड बॉक्स, इमरजेंसी एग्जिट, रिफ्लेक्टर, स्पीड गवर्नर सहित अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की बारीकी से जांच की गई। कई बसों में सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित बस संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 46 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

    अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं बस संचालकों को यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा

     

    राजनांदगांव ।
    राज्य शासन द्वारा नागरिकों को विभिन्न शासकीय दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा दस्तावेजों में आवश्यक संशोधन की सुविधा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल (लोक सेवा केंद्र) की स्थापना की गई है। जिले में वर्तमान में 9 लोक सेवा केंद्रों का संचालन किया जा रहा है।

    ये लोक सेवा केंद्र जिला कार्यालय (कलेक्टोरेट), नगर निगम राजनांदगांव, तहसील कार्यालय राजनांदगांव, डोंगरगांव, छुरिया, डोंगरगढ़, घुमका, लालबहादुर नगर तथा जनपद पंचायत डोंगरगांव में संचालित हैं।

    लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से जाति, निवास, आय एवं विवाह प्रमाण पत्र, दुकान एवं स्थापना पंजीयन, व्यापार लाइसेंस, सभी प्रकार की पेंशन सेवाएं, नगरीय क्षेत्र में संपत्ति नामांतरण, नल कनेक्शन, सूचना का अधिकार, भूमि उपयोग संबंधी जानकारी सहित कुल 76 सेवाएं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्रदान की जा रही हैं। सभी सेवाओं के लिए अलग-अलग समय-सीमा निर्धारित की गई है।

    वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल 2025 से अब तक जिले में लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से 1,37,080 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1,23,064 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। इस अवधि में डोंगरगांव से 21,053, डोंगरगढ़ से 18,419, कुमरदा से 12,456, घुमका से 9,790, लालबहादुर नगर से 9,826 तथा राजनांदगांव से 30,422 नागरिक इन सेवाओं से लाभान्वित हुए हैं।

    राजनांदगांव ।
    जिले में वर्तमान में दिन का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से कम तथा रात्रि का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। इस कारण ठंडी हवाओं का मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शीतलहर का सबसे अधिक असर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, दीर्घकालिक रोगों से पीड़ित व्यक्तियों तथा उच्च रक्तचाप के मरीजों पर पड़ता है।

    ठंड के कारण रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे हृदयघात, ब्रेन स्ट्रोक एवं अनियमित हृदयगति जैसी गंभीर समस्याओं की आशंका बढ़ जाती है।

    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति में अत्यधिक ठिठुरन, शरीर का अकड़ना, उंगलियों का पीला या सफेद पड़ जाना, सुन्नपन जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।

    उन्होंने नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए स्वेटर, जैकेट, मोजे, दस्ताने सहित गर्म कपड़ों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, मौसम के अनुरूप वस्त्र पहनने तथा अनावश्यक रूप से ठंड में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या टोल-फ्री नंबर 104 पर संपर्क करने का आग्रह किया गया है।

    डॉ. नवरतन ने शरीर को गर्म रखने के लिए गर्म तरल पदार्थों का सेवन करते रहने तथा आग तापते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने बंद कमरे में कोयला या लकड़ी न जलाने की चेतावनी दी, क्योंकि इससे निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस अत्यंत जहरीली और जानलेवा हो सकती है।

    उन्होंने बताया कि जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में ठंड से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु पृथक बेड आरक्षित रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

    518 रोगियों ने लिया उपचार, 128 बच्चों का हुआ स्वर्णप्राशन

    राजनांदगांव ।
    आयुष विभाग द्वारा डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम कोलिहापुरी में विकासखंड स्तरीय निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी तथा राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत संचालित एनपीसीडीसीएस योजना के तहत ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।

    शिविर में कुल 518 रोगियों ने उपचार का लाभ लिया। इनमें से 62 रोगियों की ब्लड प्रेशर एवं मधुमेह जांच कर उन्हें आहार-विहार संबंधी आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। साथ ही गैर-संक्रामक रोगों के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

    शिविर के दौरान योग, प्राणायाम, दिनचर्या, ऋतुचर्या तथा स्वर्णप्राशन के महत्व पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रोगियों को आवश्यकता अनुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर 128 बच्चों का स्वर्णप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।

    शिविर में ग्राम सरपंच मदन देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्साधिकारी हर्ष साहू, शोबी खान, वंदना डकहा, होम्योपैथी चिकित्साधिकारी आलोक कल्चुरी, आयुष चिकित्सक अनमोल गुप्ता, योग चिकित्सक स्नेहा देशमुख सहित आयुष विभाग के अन्य कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

    बोरी एवं भेड़ीकला हायर सेकेंडरी स्कूल में शैक्षणिक स्थिति का लिया जायजा

    राजनांदगांव ।
    कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा अद्र्धवार्षिक परीक्षा में अपेक्षाकृत कम परिणाम वाले राजनांदगांव विकासखंड के हायर सेकेंडरी स्कूल बोरी एवं भेड़ीकला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई की स्थिति, विषयों की समझ और परीक्षा तैयारी की जानकारी ली।

    कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ाई कोई कठिन कार्य नहीं है। निरंतर अभ्यास, समय प्रबंधन और ध्यान केंद्रित करने से किसी भी विषय को आसानी से समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी जैसे विषयों पर विशेष फोकस करने की आवश्यकता है तथा पाठ्यक्रम पूर्ण होने के बाद पूर्व वर्षों के प्रश्न पत्रों का नियमित अभ्यास करना अत्यंत लाभकारी होता है।

    उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि असफलता से घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। पढ़ाई के लिए आज अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, जिनमें शिक्षक, पुस्तकें एवं ऑनलाइन माध्यम शामिल हैं। स्कूल से घर लौटने के बाद भी नियमित स्व-अध्ययन और अभ्यास को दिनचर्या में शामिल करना जरूरी है। शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है।

    कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की कमजोरियों की पहचान कर विषयवार विशेष ध्यान दें तथा परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए अतिरिक्त कक्षाओं और पुनरावृत्ति अभ्यास पर जोर दें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन से ही बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और बेहतर परिणाम सामने आएंगे।

    इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए विद्यार्थियों को अभी से गंभीरता से तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने और पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने की सलाह दी।

    निरीक्षण के दौरान डीएमसी सतीष ब्यौहारे, जनपद पंचायत सीईओ मनीष साहू, फैज मेमन सहित अन्य अधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित थे।

    स्टॉक व खाली बारदानों का कराया भौतिक सत्यापन

    बालोद, 08 जनवरी 2026
    कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री नूतन कंवर ने आज जिला मुख्यालय स्थित गंगोत्री राइस मिल, बालोद का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

    निरीक्षण के दौरान धान स्टॉक एवं खाली बारदानों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में पाया गया कि राइस मिल संचालक द्वारा क्षमता के अनुरूप धान उठाव के लिए आवश्यक रिक्वेस्ट नहीं डाली गई थी। जहां मिल को 6666 क्विंटल धान के उठाव हेतु रिक्वेस्ट डाली जानी थी, वहां केवल 4380 क्विंटल की रिक्वेस्ट पाई गई।

    इस पर एसडीएम श्री नूतन कंवर ने मिल संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए मौके पर ही 2280 क्विंटल धान के उठाव हेतु शेष रिक्वेस्ट डलवाई। उन्होंने भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर राइस मिल के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा राइस मिल के विद्युत कनेक्शन एवं बिजली बिल की समय पर अदायगी की भी जांच की गई।

    इस अवसर पर तहसीलदार श्री आशुतोष शर्मा, सहायक खाद्य अधिकारी श्री संतोष कुमार, मंडी निरीक्षक श्री जितेन्द्र जुंगेले, राजस्व निरीक्षक श्री दयालु राम सागर, विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता श्री आर.के. कंवर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

    बालोद
    धान खरीदी केंद्रों से समय पर धान उठाव सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा राइस मिलों की लगातार जांच की जा रही है।

    इसी क्रम में आज एसडीएम श्री राम कुमार सोनकर ने राजस्व, खाद्य एवं कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारियों के साथ गुरूर विकासखंड स्थित खेम ट्रेडर्स यूनिट-वन, उसना राइस मिल (पुरूर) का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध धान एवं चावल का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में संचालित अरवा राइस मिल की भी जांच की गई।

    साथ ही छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों द्वारा राइस मिल के विद्युत कनेक्शन एवं बिजली बिल भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने राइस मिल संचालक को धान खरीदी केंद्रों से समय पर धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    इस अवसर पर तहसीलदार श्री हनुमंत श्याम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision