
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
रमन बाजार में हथियार के साथ घूम रहा था युवक, पूछताछ में तीन और नाम सामने आए, पिस्टल व मैग्जिन बरामद
मृणेन्द्र चौबे
राजनांदगांव/शौर्यपथ /चिखली के रमन बाजार क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों के बीच दहशत पैदा करने और इलाके में दबदबा कायम करने की कोशिश करने वाले चार युवकों को चिखली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और मैग्जिन बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रमन बाजार तालाब क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे थे। चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर की रात चिखली पुलिस की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बड़ा तालाब पार रमन बाजार में एक युवक पिस्टल दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से धनुष साहू उर्फ गोलू (19), पिता स्व. भानू साहू, निवासी रमन बाजार चिखली वार्ड क्रमांक 10 को पकड़ा। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले रंग की पिस्टल और मैग्जिन बरामद हुई।
हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने धनुष साहू से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि पिस्टल शेख शहबाज उर्फ शिब्बू और जफर मोमीन द्वारा खरीदकर लाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे जांच करते हुए शेख शहबाज उर्फ शिब्बू, जफर मोमीन और ऐश्वर्य झा उर्फ राम को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में चारों द्वारा चिखली क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने की कोशिश किए जाने की जानकारी सामने आई। गिरफ्तार आरोपियों में शेख शहबाज उर्फ शिब्बू (28), पिता शेख परवेज, निवासी ओवरब्रिज के पास स्टेशनपारा वार्ड क्रमांक 12; जफर मोमीन (20), पिता हाजी सफीक मोमीन, निवासी पेट्रोल पंप के पास वार्ड क्रमांक 10; तथा ऐश्वर्य झा उर्फ राम (19), पिता स्व. विवेकानंद झा, निवासी देशमुख होटल चौक के पास चिखली वार्ड क्रमांक 5 शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज हैं। इनमें शेख शहबाज के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में कई प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। जफर मोमीन, ऐश्वर्य झा और धनुष साहू के खिलाफ भी पूर्व में प्रतिबंधात्मक एवं अन्य धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। उक्त कार्रवाई में प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर, सहायक उप निरीक्षक विनोद वर्मा, पीएसआई दुर्गेश धुरंधर सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मृणेन्द्र चौबे ( राजनांदगांव )
राजनांदगांव/ शौर्यपथ / चिखली-शांतिनगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक खैरागढ़ रोड पर एकत्र हुए और चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की और क्षेत्र के तीन पार्षदों के पुतले फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा। प्रदर्शन में शामिल नागरिकों ने क्षेत्र में बढ़ती नशे की गतिविधियों को लेकर गंभीर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि मोहल्ले के कई हिस्सों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों का जमावड़ा रहता है। शराबखोरी के साथ कुछ स्थानों पर गांजा और शराब की बिक्री की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। नागरिकों का कहना था कि सार्वजनिक जगहों पर इस तरह की गतिविधियों से महिलाओं, बच्चों और परिवारों को परेशानी होती है तथा क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।
0 पार्षदों पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप
लोगों ने स्थानीय पार्षदों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत और ध्यानाकर्षण कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप था कि पार्षदों को नियमित रूप से क्षेत्र में पहुंचकर समस्याओं का जायजा लेना चाहिए, लेकिन जनसमस्याओं को लेकर गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है।
0 सड़क के गड्ढों से हादसों का खतरा
प्रदर्शन के दौरान सड़कों की खराब स्थिति भी प्रमुख मुद्दा रही। नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में जगह-जगह सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना था कि कई बार हादसे की स्थिति बन चुकी है, इसके बावजूद गड्ढों की मरम्मत को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
0 अंडरब्रिज का काम अधूरा, स्मार्ट मीटर पर भी नाराजगी
क्षेत्र में अंडरब्रिज का काम अधूरा रहने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। नागरिकों का कहना था कि अधूरे काम के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है और इसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने और मीटर रीडिंग को लेकर उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतों का मुद्दा भी प्रदर्शन के दौरान उठाया गया। लोगों ने संबंधित विभाग से मीटर और रीडिंग से जुड़ी शिकायतों का समाधान करने की मांग की।
0 काम नहीं करवा सकते तो इस्तीफा दें
प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने कहा कि पार्षद जनता के प्रतिनिधि हैं और क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान करवाना उनकी जिम्मेदारी है। आक्रोशित लोगों ने कहा कि यदि पार्षद जनता के काम नहीं करवा सकते और क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे सकते तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
चक्काजाम के दौरान पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा। प्रदर्शनकारियों ने नशे की गतिविधियों पर कार्रवाई, सड़क के गड्ढों की मरम्मत, अंडरब्रिज का काम पूरा कराने और स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग की। नागरिकों ने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
राजनांदगांव। शौर्यपथ / खेती-किसानी में कीटनाशकों का उपयोग फसलों को कीटों से बचाने के लिए किया जाता है, लेकिन इनके छिड़काव के दौरान बरती गई लापरवाही किसान के स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रकाश खुटे ने किसानों से कीटनाशकों का उपयोग करते समय सुरक्षा संबंधी सावधानियों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।
डॉ. खुटे ने बताया कि कीटनाशक रसायनों के संपर्क में आने से शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए किसी भी कीटनाशक का इस्तेमाल करने से पहले उसके लेबल पर दिए गए निर्देशों को अच्छी तरह समझना चाहिए। छिड़काव के समय किसान दस्ताने, मास्क अथवा उपयुक्त रेस्पिरेटर, पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े और जूते जरूर पहनें, ताकि रसायन सीधे शरीर के संपर्क में न आए।
उन्होंने कहा कि कीटनाशक का छिड़काव करते समय हवा की दिशा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। तेज हवा चलने पर स्प्रे करने से बचना चाहिए, क्योंकि रसायन के शरीर और चेहरे तक पहुंचने की आशंका बढ़ जाती है। कीटनाशकों को हाथ से सीधे छूने के बजाय उचित उपकरणों का इस्तेमाल करें और इन्हें हमेशा भोजन तथा पीने के पानी से अलग सुरक्षित स्थान पर रखें।
डॉ. खुटे ने कहा कि कीटनाशक के खाली डिब्बे या बोतल का घरेलू उपयोग कभी नहीं करना चाहिए। छिड़काव के दौरान खाना-पीना, धूम्रपान या तंबाकू-गुटखा का सेवन भी पूरी तरह से टालना चाहिए। कीटनाशक का इस्तेमाल पूरा होने के बाद हाथ-मुंह को साबुन और पानी से अच्छी तरह धोने तथा पहने हुए कपड़े बदलने की सलाह भी उन्होंने दी।
उन्होंने किसानों को कीटनाशक विषाक्तता के संभावित लक्षणों के प्रति भी जागरूक रहने को कहा। चक्कर आना, उल्टी, अत्यधिक पसीना आना, सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की जरूरत है।
डॉ. खुटे ने कहा कि कीटनाशकों का सुरक्षित इस्तेमाल केवल फसल की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसान और उसके परिवार के स्वास्थ्य से भी जुड़ा हुआ है। फसल को बचाना जरूरी है, लेकिन खेती करने वाले किसान की सेहत की सुरक्षा उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। थोड़ी सी सावधानी बरतकर कीटनाशकों से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों को काफी हद तक टाला जा सकता है।
0 सेवा के प्रति समर्पण के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया सम्मानित
राजनांदगांव/शौर्यपथ / स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय गरिमामय समारोह में चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं उत्कृष्ट सेवाभाव के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रकाश खूंटे को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सम्मानित किया। चिकित्सा सेवा के प्रति उनके समर्पण, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर सेवा देने के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. प्रकाश खूंटे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य करते हुए उन्होंने मरीजों के उपचार के साथ ही उनके प्रति मानवीय संवेदनाओं को हमेशा प्राथमिकता दी है। मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना, उनके उपचार में पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटना और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए तत्पर रहना उनके सेवाभावी व्यक्तित्व की पहचान है।
कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी डॉ. खूंटे ने उल्लेखनीय सेवाएं दीं। जब संक्रमण के कारण आम लोगों के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मियों के सामने भी गंभीर चुनौतियां थीं, उस समय उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए कोरोना मरीजों का उपचार किया। महामारी के दौरान उनकी सेवाभावना और समर्पण ने उन्हें मरीजों और उनके परिजनों के बीच एक भरोसेमंद चिकित्सक के रूप में पहचान दिलाई।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मान प्राप्त होने पर डॉ. प्रकाश खूंटे ने इसे अपने लिए गौरव के साथ-साथ नई जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा उनके लिए केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का माध्यम है। मरीज का स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटना ही एक चिकित्सक के लिए सबसे बड़ा संतोष और सम्मान है। उन्होंने कहा कि समारोह में मिला यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी मरीजों की सेवा और चिकित्सा के क्षेत्र में और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।डॉ. खूंटे ने सम्मान के लिए जिला प्रशासन एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं जिला प्रशाशन के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. प्रकाश खूंटे को स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर चिकित्सा सेवा के लिए सम्मानित किए जाने पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं उनके शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
राजनांदगांव/शौर्यपथ / सोमवार को कस्तूरबा स्कूल में एक दिवसीय इंटर डिस्ट्रिक्ट कराटे चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बॉडी टेक कराटे अकादमी के 9 खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल कर अकादमी एवं जिले का नाम रोशन किया।
डबल इवेंट में वर्णिका साहू ने दो गोल्ड मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं प्रकृति साव ने एक गोल्ड एवं एक सिल्वर मेडल हासिल किया। उल्लेखनीय है कि प्रकृति साव पूर्व में भी कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक पदक जीत चुकी हैं और लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। निरोसा वर्मा ने एक गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। अनंत तिवारी ने एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि विराज साहू ने दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। सिंगल इवेंट में वरुण खंडेलवाल ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया और अपेक्षा तिवारी ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। वहीं पहली बार टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सृष्टि नायक ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जबकि अनन्या शाह ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर सराहनीय प्रयास किया। सभी खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल बॉडी टेक कराटे अकादमी बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर कोच दीक्षित सर, जिला जिम एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अजमानी एवं श्रीमती रुचिका अजमानी ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अमित अजमानी ने कहा कि अकादमी पिछले 3 वर्षों से 3 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्रशिक्षण दे रही है और उनका लक्ष्य राजनांदगांव की हर बच्ची, विशेषकर लड़कियों को सशक्त बनाना है। बच्चों की इस बड़ी सफलता से उनके अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि आने वाले समय में और बड़े मुकाम हासिल करने की प्रेरणा देगी।
राजनांदगांव/शौर्यपथ । भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, राजनांदगांव द्वारा गुरुवार को पीटीएस ऑडिटोरियम में “Caring for Community – Health Awareness & BLS Training Program” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने वाली तकनीकों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. अतुल मनोहरराव देशकर, संयुक्त संचालक सह चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय राजनांदगांव ने “जीवनशैली में परिवर्तन का महत्व – नींद एवं योग की भूमिका” विषय पर जानकारी दी। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त नींद, संतुलित जीवनशैली और नियमित योगाभ्यास को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर डॉ. प्रकाश खुंटे, सहायक प्राध्यापक, चिकित्सा विभाग द्वारा बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने हृदयाघात जैसी आपात स्थिति में सीपीआर (CPR) की उपयोगिता और प्राथमिक उपचार के महत्व के बारे में बताया तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग की प्रशिक्षण टीम ने भी विशेष सहयोग दिया। टीम के सदस्यों ने आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार एवं जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में PTS School, Rajnandgaon के संकाय सदस्यों सहित करीब 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. अजय कुमार, डॉ. आदान भाटिया एवं अनिमेष श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा। प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य जागरूकता और जीवनरक्षक प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रमों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता जताई।
राजनांदगांव/ शौर्यपथ / विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, जिला राजनांदगांव द्वारा शंकरपुर मुक्तिधाम के समीप वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के 'बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के' अभियान के तहत किया गया।
भाजपा प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के निर्देश एवं भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय राय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में झाड़ीदार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय राय ने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण एवं उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुमित भाटिया, जिला महामंत्री दीपेश शेंडे, जिला उपाध्यक्ष मयंक डोंगरे, जिला मंत्री महेश महोबे एवं प्रवेश इलमकर, भाजयुमो के साकेत वैष्णव, जिला सहसंयोजक कृष्णा तिवारी, मण्डल अध्यक्ष करण कोसरे, शहर महामंत्री रवि बंजारे, दक्षिण मण्डल अध्यक्ष राजेश बोइर, प्रगेश पगारे, विकाश गजभीये तथा जिला सोशल मीडिया प्रभारी रोशन लाऊत्रे, जिला संयोजक महेश महोबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजनांदगांव/शौर्यपथ /जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में चौकी चिखली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब और बिक्री रकम जब्त की गई है।
चिखली चौकी प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध गांजा, शराब बिक्री, असामाजिक तत्वों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 17 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बोईरडीह स्थित प्राथमिक शाला भवन की बाउंड्री के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी चिखली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर पुलिस ने आरोपी उगेश पारधी पिता संतलाल पारधी उम्र 33 वर्ष निवासी बोईरडीह, ओपी चिखली जिला राजनांदगांव को शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 43 पौवा सवा शेरा देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 7.740 बल्क लीटर एवं कीमत लगभग 3440 रुपये आंकी गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। लगातार कार्रवाई के चलते क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी चिखली पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मृणेन्द्र चौबे
राजनांदगांव/शौर्यपथ /
शासकीय शिक्षक को “नक्सली” कहे जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जिला राजपूत समाज एवं राष्ट्रीय करणी सेना के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी सुरेश जैन के खिलाफ तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि स्टेशन पारा स्थित शासकीय मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक सतीश सिंह, डी.पी.एड. प्रशिक्षण पूर्ण कर कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद बाहरी व्यक्ति सुरेश जैन ने कथित रूप से शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए उन्हें धमकाया और स्वयं को पत्रकार बताते हुए दबाव बनाने का प्रयास किया। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी होने का दावा किया गया है। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि सोशल मीडिया ग्रुप में भी सुरेश जैन द्वारा सतीश सिंह को “नक्सली” और “आतंक फैलाने वाला” कहकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे न केवल संबंधित शिक्षक बल्कि पूरे समाज की भावना आहत हुई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सतीश सिंह नक्सल हिंसा से पीड़ित परिवार से आते हैं और खेल के क्षेत्र में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी को गंभीर और निंदनीय बताया गया है। समाज के पदाधिकारियों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी पूछा गया है कि बाहरी व्यक्ति को विद्यालय परिसर में हस्तक्षेप की अनुमति कैसे दी गई। राजपूत समाज ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
मृणेन्द्र चौबे
राजनांदगांव/शौर्यपथ /जिले में सजगता, सूझबूझ और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए राजनांदगांव पुलिस ने एक संभावित गंभीर अपराध को समय रहते विफल कर दिया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पद्मश्री श्रीमती फुलबासन देवी यादव के अपहरण की साजिश को नाकाम करते हुए उन्हें सुरक्षित मुक्त कराया गया। प्रातः लगभग 11:00 बजे गठुला रोड क्षेत्र में ट्रैफिक निरीक्षक नवरत्न कश्यप, आरक्षक कपिल श्रीवास्तव, आरक्षक सुखदेव साहू एवं उनकी टीम द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG08/Z/2334 को रोककर जांच की गई। वाहन में पीछे बैठी एक महिला की स्थिति संदिग्ध प्रतीत होने पर पूछताछ की गई, जिसमें वाहन सवार व्यक्तियों ने महिला को मिर्गी का मरीज बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता और अनुभव के चलते स्थिति को गंभीरता से लिया गया।
पूछताछ के दौरान महिला ने साहस दिखाते हुए पुलिस को सहायता का संकेत दिया, जिसके बाद तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी व्यक्तियों को वाहन से नीचे उतरवाकर गहन पूछताछ की गई। जांच में महिला की पहचान पद्मश्री श्रीमती फुलबासन देवी यादव निवासी ग्राम सुकुलदैहान के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा उन्हें बहला-फुसलाकर वाहन में बैठाया गया और जबरन ले जाया जा रहा था। साथ ही आरोपियों ने मिर्ची स्प्रे दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और विभिन्न कार्यों को लेकर दबाव बनाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को सुरक्षित मुक्त कराया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया।
आरोपी खुशबू साहू की निशानदेही पर मिर्ची स्प्रे एवं एक मोबाइल तथा आरोपी दिनेश बंजारे के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG08/Z/2334 एवं एक मोबाइल जब्त किया गया। मामले में पुलिस चौकी सुकुलदैहान, जिला राजनांदगांव में अपराध क्रमांक 182/2026 के तहत धारा 140(1), 140(3), 351(3), 61(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में खुशबू साहू पिता अरूण साहू उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम भिंभौरी थाना बेरला जिला बेमेतरा, सलोनी महेश्वरी पिता अरूण महेश्वरी निवासी ग्राम नेवनारा थाना बेरला जिला बेमेतरा, दिनेश बंजारे पिता स्वर्गीय कम्मल बंजारे उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम नयाढाबा थाना बेरला जिला बेमेतरा, गोपाल खेलवार पिता संतोष खेलवार उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम पथरिया थाना अहिवारा जिला दुर्ग तथा चिनक राम साहू पिता मन्नूलाल साहू उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम रताम बहेरा थाना बेरला जिला बेमेतरा शामिल हैं। राजनांदगांव पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से न केवल एक गंभीर अपराध टल गया, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत हुई है। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव श्री बालाजी राव एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। घटना के बाद पद्मश्री श्रीमती फुलबासन देवी यादव को सुरक्षा भी प्रदान की गई है।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
