August 17, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    टीम इंडिया ने भगाया '36' और 'गाबा' का भूत, ऑस्ट्रेलिया का 32 सालों का तोड़ा तिलिस्म

    • doing of business

    खेल / शौर्यपथ / युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (91), टीम इंडिया की दीवार चेतेश्वर पुजारा (56) और प्रतिभाशाली विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (नाबाद 89) की करिश्माई बल्लेबाजी से भारत ने ब्रिसबेन के गाबा मैदान में ऑस्ट्रेलिया को चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पांचवें दिन मंगलवार को तीन विकेट से हराकर नया इतिहास रच दिया। भारत ने पहली बार ब्रिसबेन में टेस्ट जीत हासिल की और चार मैचों की सीरीज को 2-1 से जीत लिया। इस मैच में जीत दर्ज करते ही भारत ने एडिलेड मैदान पर 36 पर ऑलआउट होने के डर और गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की 32 साल की बादशाहत भी खत्म कर दी। ऑस्‍ट्रेलिया ने अपनी धरती पर गाबा में आखिरी बार साल 1989 में हार का मुंह देखा था। इसके बाद से ही कंगारू टीम को यहां कभी कोई हरा नहीं पाया था।
    भारत की गाबा मैदान में सात टेस्ट मैचों में यह पहली जीत है। भारत ने इस मैदान पर अपने पिछले छह टेस्ट मैचों में पांच हारे थे और एक ड्रॉ खेला था। गाबा मैदान में भारत की ऐतिहासिक जीत के तीन बड़े हीरो रहे। शुभमन, पुजारा और पंत ने मैच के अंतिम दिन ऐसी बल्लेबाजी की जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। शुभमन ने 146 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 91 रन की आक्रामक पारी खेली जिसने भारत को जीत का आधार दिया। पुजारा ने चट्टान की तरह एक छोर संभाल कर खेलते हुए 211 गेंदों में सात चौकों के सहारे 56 रन बनाए।
    पुजारा की इस पारी ने भी टीम इंडिया को मजबूती प्रदान की और पंत ने 138 गेंदों में नौ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 89 रन बनाकर मुकाबले में भारत की जीत की मुहर लगा दी। उनके अलावा कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 24, मयंक अग्रवाल ने नौ रन और वॉशिंगटन सुंदर ने 29 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के के सहारे 22 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया अपनी पूरी ताकत के साथ गेंदबाजी करने के बावजूद टीम इंडिया के हौंसलों को नहीं डगमगा पाया और भारत ने 2-1 की जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरा समाप्त किया। भारत ने इस दौरे में वनडे सीरीज 1-2 से गंवाई लेकिन फिर वापसी करते हुए टी-20 सीरीज 2-1 से और टेस्ट सीरीज 2-1 से जीत ली।
    भारत को इस मुकाबले को जीतने के लिए 328 रन का लक्ष्य मिला था। भारत ने सुबह जब बिना कोई विकेट खोए चार रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया तो किसी को उम्मीद नहीं थी कि भारत चौथी पारी में इतने मुश्किल लक्ष्य को हासिल कर लेगा। भारतीय बल्लेबाजों ने आखिर में करिश्मा कर दिखाया जिसका करोड़ों देशवासियों को इंतजार था। भारत ने 97 ओवर में सात विकेट पर 329 रन बनाकर ऐतिसाहिक जीत दर्ज की।

    Rate this item
    (0 votes)

    Leave a comment

    Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision