
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
राजनांदगांव /शौर्यपथ /राजनांदगांव के समीप स्थित भिलाई कंडक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के 54 वर्षीय कर्मचारी, अंजोरा निवासी तुकाराम साहू की ड्यूटी पीरियड के दौरान सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई। वे फैक्ट्री के कार्य से धर्मकांटा गए हुए थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ। तुकाराम साहू फैक्ट्री के पुराने एवं समर्पित कर्मचारी थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। इसी दौरान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का राजनांदगांव दौरा निर्धारित था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने तत्काल प्रदेश अध्यक्ष को मोबाइल के माध्यम से पूरी जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष के स्पष्ट निर्देश पर जिलाध्यक्ष विपिन यादव कांग्रेसजनों के साथ पीड़ित परिवार के समर्थन में डटकर खड़े हुए और न्याय दिलाने का संकल्प लिया। मृत्यु के बाद परिजन एवं ग्रामीणजन फैक्ट्री प्रबंधन से उचित मुआवज़े की मांग कर रहे थे, किन्तु बात नहीं बनने पर वे मृतक का शव लेकर सोमनी थाने में बैठ गए।
सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन यादव अपने साथियों के साथ मौके पर पहुँचे। तहसीलदार एवं फैक्ट्री संचालक उदित राठी की उपस्थिति में चर्चा हुई, परंतु संतोषजनक समाधान नहीं निकल सका। इसके पश्चात परिजन, ग्रामीणजन एवं कांग्रेसजनों ने अंजोरा बायपास स्थित फैक्ट्री के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष भागवत साहू, महामंत्री राहुल तिवारी, प्रवक्ता अनीस खान, चुम्मन साहू, रितेश जैन, अमित अग्रवाल, पूर्व एल्डरमैन हेमू सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। मौके पर एसडीएम राजनांदगांव एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल सहित पहुँचे और समझाइश का प्रयास किया, किन्तु सभी की एक ही मांग थी कि फैक्ट्री प्रबंधक को बुलाकर सम्मानजनक मुआवज़े पर सहमति बनाई जाए।
प्रशासन के प्रयासों के बाद फैक्ट्री प्रबंधक उदित राठी मौके पर पहुँचे। फैक्ट्री परिसर में प्रशासन की उपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल—जिसमें विपिन यादव, राहुल तिवारी, अनीस खान, चुम्मन साहू, अंगेश्वर देशमुख एवं परिवार के सदस्य शामिल थे—के साथ विस्तृत बैठक हुई। लंबी चर्चा के बाद प्रबंधन ने तत्काल 5 लाख रुपये की राहत राशि, लगभग 23 लाख रुपये अतिरिक्त मुआवज़ा तथा मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन देने पर सहमति दी। सहमति बनने के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। परिजनों एवं ग्रामीणजनों ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव श्रमिकों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
