
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
जनजातीय गौरव दिवस पर बालोद में जिला स्तरीय समारोह, नारागांव बनेगा प्रदेश का पहला शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा संचालित गांव
पेयजल, प्रधानमंत्री आवास और महतारी वंदन योजना से गांवों तक पहुंच रही विकास की रोशनी
बालोद । जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में बालोद में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलते हुए छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जनजातीय समुदाय तक शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समारोह की अध्यक्षता कांकेर सांसद भोजराज नाग ने की। उप मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की आजादी और जनजातीय अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि मात्र 25 वर्ष की आयु में बिरसा मुंडा ने समाज और देश के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव याद किया जाएगा।
नारागांव बनेगा प्रदेश का पहला सौर ऊर्जा संचालित गांव
उप मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कनेरी-धनोरा मल्टी विलेज पेयजल योजना का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इससे अनेक गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। वहीं बालोद जिले का नारागांव प्रदेश का पहला ऐसा गांव बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां सभी घरों और शासकीय कार्यालयों को सौर ऊर्जा से संचालित करने की पहल की जा रही है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
बस्तर में लौट रही शांति, फिर जीवंत हो रहीं परंपराएं
बस्तर में बदलते हालात का उल्लेख करते हुए शर्मा ने कहा कि माओवाद के प्रभाव में कमी आने से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत हो रहा है। गांवों में दशहरा सहित पारंपरिक पर्वों, मेलों और उत्सवों में लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। जनजातीय अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर वहां बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है।
जनजातीय समाज को मिल रहा सम्मान और नई पहचान : भोजराज नाग
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना, जनजातीय उत्कर्ष अभियान और महतारी वंदन योजना से जनजातीय क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत से जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को राष्ट्रीय पहचान मिली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होना तथा छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नेतृत्व भी समाज के लिए गौरव का विषय है।
186 गांव धरती आबा अभियान में शामिल
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने बताया कि जिले के 186 गांव धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में शामिल हैं। प्रशासन का प्रयास है कि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। समारोह में विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनियों के माध्यम से योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शहीद परिवारों तथा देशसेवा में योगदान देने वाले सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया गया। शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का भी सम्मान हुआ।
कार्यक्रम में पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, आदिवासी समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
