
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
तीन वर्षों में 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा; 19 पुल निर्माणाधीन और 92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत
रायपुर / शौर्यपथ। कांकेर जिले के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा वृहद पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। विभाग और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से पिछले तीन वर्षों में 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर संभाग में सड़क और पुल निर्माण कार्यों में भी तेजी आई है।
210 गांवों की 1.68 लाख आबादी को मिला बारहमासी संपर्क
कांकेर के नक्सल प्रभावित रहे कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़, मेढ़की नदी में 12 करोड़ और महला नदी में 6.50 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए गए हैं। वहीं, भैंसगांव-आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में 9.86 करोड़ रुपये से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया गया है। इन पुलों से जिले के लगभग 210 गांवों की 1.68 लाख आबादी को विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय तक वर्षभर आवागमन की सुविधा मिली है। इससे आवागमन के साथ सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास गतिविधियों को भी सहूलियत मिली है।
कुछ महीनों में 61 करोड़ के नौ पुल पूरे
पिछले कुछ महीनों में 61 करोड़ रुपये की लागत से नौ उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7.46 करोड़, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4.58 करोड़, टुरी नदी पर 4.50 करोड़ तथा कापसी (पी.वी.-130)-पखांजूर मार्ग के त्रास नाला पर 6.57 करोड़ रुपये से बने पुल शामिल हैं। इनके निर्माण से 80 गांवों की करीब 56 हजार आबादी को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिली है। इससे उच्च शिक्षा, व्यापार, कृषि, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और शासकीय योजनाओं तक पहुंच आसान हुई है।
महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क होगा सुगम
दूरस्थ क्षेत्रों में संपर्क मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण जारी है। मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ तथा ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण जारी है। इनके पूरा होने से दुर्गम इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय आवागमन भी सुगम होगा।
140 करोड़ के 19 पुल निर्माणाधीन, 92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत
ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण जारी है। इसके अलावा 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को स्वीकृति दी गई है, जिनका काम जल्द शुरू किया जाएगा।
स्वीकृत पुलों में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5.50 करोड़, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ तथा हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं से जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
