
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
परिजनों ने मुख्यमंत्री और महिला आयोग से लगाई न्याय की गुहार, कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने एएसपी को सौंपा ज्ञापन; मजिस्ट्रियल जांच की मांग
कोंडागांव / शौर्यपथ। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगनपुर में पदस्थ रहे व्याख्याता स्व. मोहनलाल मरकाम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मृत्यु के ठोस कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी अब तक सामने नहीं आने तथा परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए परिवार ने मुख्यमंत्री एवं महिला आयोग से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, कोंडागांव ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रा को ज्ञापन सौंपा है।
फेडरेशन को प्राप्त आवेदन के आधार पर स्व. मरकाम की पत्नी श्रीमती क्रांति मरकाम की शिकायत को लेकर पदाधिकारियों ने एएसपी से मुलाकात कर मामले की पुनः जांच कराने तथा दोषियों की भूमिका सामने लाने का आग्रह किया। फेडरेशन का कहना है कि मृत्यु की परिस्थितियों को लेकर अभी भी कई महत्वपूर्ण सवाल स्पष्ट नहीं हुए हैं, ऐसे में निष्पक्ष जांच के बिना परिवार को न्याय मिलना कठिन है।
स्कूल में विवाद के बाद बिगड़ी थी तबीयत
परिजनों एवं उपलब्ध जानकारी के अनुसार घटना वाले दिन स्व. मोहनलाल मरकाम स्वस्थ अवस्था में विद्यालय पहुंचे थे और उन्होंने नियमित रूप से अध्यापन कार्य भी कराया था। इसके बाद विद्यालय की एक महिला शिक्षिका के साथ कथित बहस होने और इसके पश्चात उनके सीने में दर्द की शिकायत की बात सामने आई है। उन्हें उपचार के लिए केशकाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की जानकारी दी गई है।
मामले में घटनाक्रम को लेकर भी अलग-अलग बातें सामने आने का दावा किया जा रहा है। कहीं मृत्यु रास्ते में, कहीं विद्यालय में और कहीं अस्पताल में होने की बात कही जा रही है। मृत्यु वास्तव में कब, कहां और किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्पष्टता नहीं होने से परिजनों के संदेह और गहरे हो गए हैं।
महिला शिक्षिका की पदस्थापना को लेकर भी सवाल
परिजनों एवं फेडरेशन के समक्ष प्रस्तुत शिकायत में विद्यालय की एक महिला शिक्षिका की पदस्थापना एवं उपस्थिति से जुड़े कुछ तथ्यों पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार संबंधित शिक्षिका अतिशेष होने के बावजूद तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी केशकाल के मौखिक आदेश पर अपने मूल विद्यालय से सिंगनपुर पहुंची थीं। यह भी आरोप है कि उनकी उपस्थिति नियमित शिक्षकों के मूल उपस्थिति रजिस्टर के बजाय अन्य पंजी में दर्ज की जाती थी।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में संबंधित दस्तावेजों, पदस्थापना आदेश, उपस्थिति रजिस्टर और घटना दिवस के पूरे घटनाक्रम की जांच आवश्यक मानी जा रही है।
फेडरेशन ने की मजिस्ट्रियल जांच की मांग
फेडरेशन पदाधिकारियों का कहना है कि मामले में मृत्यु के वास्तविक कारण, घटनास्थल, उपचार के दौरान की स्थिति तथा घटना से जुड़े सभी व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि मामले की मजिस्ट्रेट स्तर से जांच कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार के संदेह की गुंजाइश न रहे और वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।
ज्ञापन सौंपने वालों में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन कोंडागांव के उप संयोजक निर्मल कुमार शार्दूल, महामंत्री कंवल साय मरकाम, सचिव हीरा नेताम एवं संगठन मंत्री चमन वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
परिजनों की मांग है कि स्व. मोहनलाल मरकाम की मृत्यु की परिस्थितियों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए और यदि जांच में किसी की लापरवाही अथवा दोष सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि शासन और प्रशासन इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच की मांग पर क्या कदम उठाता है और मृत्यु के अनसुलझे सवालों का जवाब कब तक सामने आता है।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
