November 01, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को बदनाम कर रही है : जेपी नड्डा

    • doing of business

    दुर्ग में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ आमसभा में विपक्ष पर तीखा हमला; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में महेश कॉलोनी से गंजपारा तक निकली पदयात्रा

    दुर्ग । भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत शुक्रवार को दुर्ग के महेश कॉलोनी स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण में विशाल आमसभा आयोजित की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की छवि खराब करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

    चुनाव में हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर उठाते हैं सवाल : नड्डा

    केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश और प्रजातंत्र की जननी है। देश की चुनावी प्रक्रिया की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना होती है, लेकिन कांग्रेस चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव जीतने पर चुनावी व्यवस्था को स्वीकार करती है, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने लगती है।

    नड्डा ने कांग्रेस के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान करीब 1 लाख 30 हजार लोगों को जेल में डालकर उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया था। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में आपातकाल लगाया गया, उसका आज लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात करना विरोधाभासी है।

    SIR को बताया मतदाता सूची की पारदर्शिता का माध्यम

    मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर बोलते हुए नड्डा ने कहा कि देश में अब तक 12 बार यह प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें 10 बार कांग्रेस और दो बार भाजपा के शासनकाल में पुनरीक्षण हुआ। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची को व्यवस्थित बनाने के लिए करीब 13 करोड़ नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं पारदर्शी बनाना है। भाजपा इस प्रक्रिया के विरोध में फैलाए जा रहे कथित भ्रम का हर स्तर पर जवाब देगी।

    कांग्रेस पर लगाया जनता को गुमराह करने का आरोप

    नड्डा ने हालिया विधान परिषद चुनावों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद चुनावों में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिलने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जनता को गुमराह करने के बजाय उनका विश्वास जीतने का प्रयास करना चाहिए। साथ ही घुसपैठ के मुद्दे पर कहा कि देश की व्यवस्था घुसपैठियों के सहारे नहीं चलने दी जाएगी।

    छत्तीसगढ़ सरकार की सराहना करते हुए नड्डा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाने में सफल नहीं होगी।

    मुख्यमंत्री साय सहित दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी

    आमसभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप एवं गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन एवं ईश्वर साहू, पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ नेता, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, सभापति श्याम शर्मा, जितेंद्र साहू, सुषमा जेठानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न वक्ताओं ने भी कांग्रेस की नीतियों और विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भाजपा के अभियान की जानकारी दी।

    आमसभा के बाद निकली पदयात्रा

    आमसभा के पश्चात श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण, महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक तक विशाल पदयात्रा निकाली गई। इसके माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसआईआर और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर जनजागरण किया तथा विपक्ष द्वारा इस प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब जनता तक पहुंचाने का संदेश दिया।

    आयोजन को सफल बनाने में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार, जिला महामंत्री दिलीप साहू, एल्डरमैन तेखन सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार एवं अशोक राठी, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश (राकेश) सेन, कार्यालय प्रभारी मोहम्मद आसिफ अली, जिला मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, संतोष सोनी एवं डॉ. सुनील साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

    Rate this item
    (0 votes)

    Leave a comment

    Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision