
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना प्रदेश के युवाओं और महिलाओं को हुनर के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। इसी योजना का लाभ लेकर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम मोहला की निवासी श्रीमती नीलिमा देवांगन ने सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जीवन को नई दिशा दी है। आज वे घर से ही सफल सिलाई व्यवसाय संचालित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ परिवार की आय में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, मोहला में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत नीलिमा ने टेलरिंग ट्रेड का निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि सहेलियों से योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने प्रशिक्षण में प्रवेश लिया और पूरी मेहनत से सिलाई-कढ़ाई, आधुनिक मशीन संचालन, परिधानों की कटिंग एवं सिलाई सहित व्यवसाय से जुड़े व्यावहारिक और तकनीकी कौशल सीखे। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके हुनर को निखारने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाया।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद नीलिमा ने नौकरी का इंतजार करने के बजाय स्वयं का स्वरोजगार शुरू करने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने घर से सिलाई का कार्य प्रारंभ किया और आज महिलाओं एवं बच्चों के विभिन्न प्रकार के परिधानों की सिलाई कर रही हैं। स्वरोजगार के पहले ही महीने से उन्हें ₹5,000 से ₹6,000 प्रतिमाह की नियमित आय होने लगी, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया।
नीलिमा देवांगन का कहना है कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना ने उन्हें केवल एक रोजगारपरक कौशल ही नहीं दिया, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास भी प्रदान किया। अब उनका लक्ष्य अपने सिलाई व्यवसाय का विस्तार कर अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ना है।
अपनी सफलता का श्रेय नीलिमा ने कौशल विकास विभाग, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज मोहला और जिला प्रशासन को देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य का मजबूत आधार बन रही है तथा हजारों लोगों के सपनों को नई उड़ान दे रही है।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
