
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
ओबीसी आरक्षण ने बदले टिकट के समीकरण, निगम के अनुभवी नेता और संगठन के मुखिया आमने-सामने; रिकेश सेन, महेश वर्मा और अन्य दावेदार भी दौड़ में
दुर्ग / शौर्यपथ / भिलाई नगर पालिक निगम के आगामी चुनाव में महापौर पद को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। ओबीसी वर्ग के लिए महापौर पद आरक्षित होने के बाद टिकट की दावेदारी ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। भाजपा के संभावित चेहरों में अब नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा और जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के बीच कांटे की टक्कर के संकेत दिखाई दे रहे हैं। दोनों की अपनी अलग राजनीतिक ताकत, संगठनात्मक पकड़ और स्थानीय समीकरण हैं। ऐसे में पार्टी के लिए अंतिम नाम तय करना आसान नहीं होगा।
भोजराज सिन्हा की सबसे बड़ी ताकत नगर निगम की राजनीति में उनका लंबा अनुभव और नेता प्रतिपक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका है। वार्ड क्रमांक 17 से पार्षद रहे सिन्हा चार बार पार्षद निर्वाचित होने का अनुभव रखते हैं। जनवरी 2023 में उन्हें भाजपा पार्षद दल का नेता प्रतिपक्ष बनाया गया था। निगम की कार्यप्रणाली, बजट, पेयजल व्यवस्था और वित्तीय अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर वे लगातार सत्ता पक्ष को घेरते रहे हैं। कथित 250 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाकर उन्होंने अपनी राजनीतिक सक्रियता को भी चर्चा में रखा है। उनकी दावेदारी को निगम के भीतर के अनुभव और विपक्ष की आवाज के रूप में पहचान का लाभ मिल सकता है। हालांकि, पार्टी नेतृत्व के प्रति अनुशासित कार्यकर्ता की उनकी सार्वजनिक छवि भी उनके राजनीतिक आचरण का महत्वपूर्ण पक्ष है।
दूसरी ओर, भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन की दावेदारी संगठनात्मक ताकत के कारण मजबूत मानी जा रही है। जनवरी 2025 में जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने वाले देवांगन लगभग चार दशक के संगठनात्मक अनुभव के साथ पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच अपनी पकड़ रखते हैं। मंडल अध्यक्ष से जिला अध्यक्ष तक का सफर और वर्तमान में पूरे भिलाई जिला संगठन का नेतृत्व उनकी राजनीतिक पूंजी है। ओबीसी आरक्षण के बीच देवांगन समाज से उनकी पृष्ठभूमि भी स्थानीय सामाजिक समीकरणों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक बैठकों में उनकी केंद्रीय भूमिका उनकी दावेदारी को और वजन देती है। हालांकि, जिला अध्यक्ष के रूप में चुनाव संचालन की जिम्मेदारी और स्वयं प्रत्याशी बनने के बीच पार्टी को संतुलन भी साधना होगा।
इन दोनों मजबूत दावेदारों के बीच कन्हैया सोनी का नाम भी चर्चा में है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में उनकी दावेदारी अपेक्षाकृत कमजोर दिखाई देती है। वरिष्ठ भाजपा नेता और संगठन से लंबे जुड़ाव के बावजूद उनके पक्ष में फिलहाल वैसा प्रत्यक्ष निगमीय नेतृत्व या जिला संगठन की कमान जैसा मजबूत आधार सामने नहीं आता, जैसा भोजराज सिन्हा और पुरुषोत्तम देवांगन के पास है। किसी विशेष गुट से स्पष्ट पहचान नहीं होना उनकी स्वीकार्यता का पक्ष हो सकता है, लेकिन टिकट की निर्णायक दौड़ में यह अपने आप में पर्याप्त राजनीतिक बढ़त साबित होगा, कहना मुश्किल है।
इस मुकाबले को एकतरफा मानना भी जल्दबाजी होगी। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन का नाम भी प्रमुख दावेदारों में लिया जा रहा है। पूर्व जिला अध्यक्ष महेश वर्मा संगठनात्मक अनुभव के साथ मजबूत विकल्प माने जा रहे हैं। इसके अलावा मदन सेन, दीपक ताराचंद साहू और पुरुषोत्तम देवांगन सहित अन्य नामों पर भी राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। भोजराज सिन्हा और महेश वर्मा के साथ कन्हैया सोनी का नाम भी संभावित चेहरों में बना हुआ है।
अब सवाल सिर्फ दावेदारी का नहीं, भाजपा के चुनावी गणित का है। क्या पार्टी निगम के भीतर विपक्ष का नेतृत्व करने वाले भोजराज सिन्हा पर भरोसा जताएगी, या संगठन की कमान संभाल रहे पुरुषोत्तम देवांगन को महापौर पद के लिए मैदान में उतारेगी? अथवा विधायक और अन्य वरिष्ठ चेहरों में से किसी नए समीकरण को प्राथमिकता मिलेगी?
फिलहाल भिलाई भाजपा की महापौर टिकट की बिसात पर भोजराज सिन्हा और पुरुषोत्तम देवांगन के बीच मुकाबला सबसे दिलचस्प नजर आ रहा है। अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा, लेकिन इतना तय है कि ओबीसी आरक्षण ने टिकट की लड़ाई को और पेचीदा बना दिया है। आने वाले दिनों में संगठन की रणनीति, सामाजिक समीकरण और जीत की संभावनाएं ही इस सियासी मुकाबले का रुख तय करेंगी।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
