
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
जन्मशताब्दी पर आदमकद प्रतिमा का अनावरण, सीतापुर को 28 करोड़ से अधिक की फोरलेन सड़क की सौगात
पुलिसकर्मियों के लिए नवनिर्मित आवासीय भवनों का भी लोकार्पण
रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय समाज के महान जननायक, प्रख्यात अभियंता एवं पूर्व सांसद बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी पर सरगुजा अंचल में उनकी भव्य आदमकद प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा, अंबिकापुर का नामकरण ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की महत्वपूर्ण घोषणा की। साथ ही सीतापुर में सड़क निर्माण तथा पुलिस आवासीय सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की सौगात भी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव का जीवन शिक्षा, संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के स्वाभिमान की प्रेरक गाथा है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाते हुए जनजातीय समाज को संगठित करने, उसके अधिकारों की रक्षा करने और सांस्कृतिक पहचान को सहेजने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके आदर्श नई पीढ़ी को शिक्षा प्राप्त कर समाज और राष्ट्र की सेवा करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
जनजातीय समाज के गौरव को समर्पित होगा तकनीकी संस्थान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव स्वयं प्रतिभाशाली अभियंता थे। ऐसे में उनके नाम पर इंजीनियरिंग महाविद्यालय का नामकरण विशेष महत्व रखता है। यह संस्थान तकनीकी शिक्षा के केंद्र के साथ विद्यार्थियों के लिए उनके संघर्ष, उपलब्धियों और समाज के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का माध्यम भी बनेगा।
उन्होंने कहा कि जनजातीय महापुरुषों की गौरवशाली विरासत को सहेजना और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बाबा कार्तिक उरांव ने संसद में भी जनजातीय समाज के अधिकारों, सामाजिक हितों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया था।
सीतापुर को 28 करोड़ से अधिक की सड़क परियोजना
मुख्यमंत्री ने सीतापुर क्षेत्र में सोनतराई से सूर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के लगभग 3.82 किलोमीटर लंबे हिस्से को फोरलेन बनाने के कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। सड़क निर्माण से सीतापुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीतापुर सरगुजा अंचल का महत्वपूर्ण व्यापारिक और आवागमन केंद्र है। यहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और शासकीय कार्यों के लिए पहुंचते हैं। फोरलेन सड़क बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
पुलिसकर्मियों को मिलेंगी बेहतर आवासीय सुविधाएं
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित महिला एनजीओ मेस भवन तथा पुलिस आवासीय भवनों का लोकार्पण भी किया। इनमें उदयपुर में 12 अराजपत्रित अधिकारी आवास, 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवास तथा थाना सीतापुर में 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवास शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारी और जवान कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से अपने दायित्व निभाते हैं। उन्हें बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। नए भवनों से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
बस्तर में शांति और विकास के नए दौर पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता से बस्तर में शांति, विश्वास और विकास की नई संभावनाएं बनी हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना तथा जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, मेहनती नागरिक और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके लिए युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक उद्धेश्वरी पैकरा एवं रामकुमार टोप्पो, अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
