
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
नवरात्रि पर्व को लेकर यातायात मुख्यालय में समीक्षा बैठक, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बल और प्रभावी निगरानी के निर्देश
भिलाई / शौर्यपथ। आगामी नवरात्रि एवं त्योहारी सीजन को देखते हुए दुर्ग जिला के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने यातायात मुख्यालय नेहरू नगर में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था जिले की प्रशासनिक कार्यक्षमता का महत्वपूर्ण आईना है। पर्व के दौरान नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस को पूर्व तैयारी के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बल की तैनाती, चेकिंग पॉइंट स्थापित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव के अनुरूप वैकल्पिक व्यवस्था एवं आवश्यक डायवर्शन की तैयारी रखने पर भी जोर दिया गया।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
एसएसपी विजय अग्रवाल ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए दुर्घटना संभावित एवं बार-बार दुर्घटनाएं होने वाले स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सड़क की कमियों, संकेतकों, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्यों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, शराब के नशे में वाहन संचालन, तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने तथा वाहनों में ब्लैक फिल्म के उपयोग के मामलों में लगातार कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
कार्रवाई के साथ जागरूकता पर भी जोर
बैठक में एसएसपी ने कहा कि यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए केवल चालानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। इसके लिए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, सुरक्षित वाहन चालन तथा नशे में वाहन नहीं चलाने को लेकर निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यातायात विभाग के अधिकारियों ने जिले की वर्तमान यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और नवरात्रि के दौरान यातायात प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों को पर्व के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नवरात्रि एवं आगामी त्योहारी सीजन के दौरान यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। शराब पीकर अथवा तेज गति से वाहन न चलाएं तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
