October 22, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    रिसाली महापौर चुनाव की आहट तेज, पोस्टर-बैनरों से दावेदारों ने बढ़ाई सक्रियता : कांग्रेस में रामेश्वरी गायकवाड़ और हेमीन चतुर्वेदी के पोस्टर सबसे ज्यादा, भाजपा में चंदेश्वरी बांधे और तेजेश्वी सोनवानी आगे; पद्मश्री उषा बारले प्रचार से फिलहाल दूर

    • doing of business

     

    रिसाली/शौर्यपथ। नगर पालिक निगम रिसाली में महापौर चुनाव की सरगर्मी बढऩे लगी है। चुनावी मुकाबले की औपचारिक तस्वीर भले ही प्रत्याशियों की घोषणा के बाद साफ होगी, लेकिन संभावित दावेदारों ने अभी से अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। शहर के विभिन्न वार्डों में होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों के जरिए जनसंपर्क के साथ अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिशें दिखाई देने लगी हैं। राजनीतिक दलों के भीतर संभावित प्रत्याशियों की शॉर्टलिस्टिंग और चुनावी रणनीति को लेकर भी गतिविधियां तेज होने लगी हैं।

    कांग्रेस में दो नामों की सबसे ज्यादा चर्चा

    रिसाली निगम के 40 वार्डों में लगे बैनर-पोस्टरों पर नजर डालें तो कांग्रेस की ओर से रामेश्वरी गायकवाड़ और हेमीन चतुर्वेदी की तस्वीरें सबसे अधिक दिखाई दे रही हैं। इसे दोनों नेताओं की चुनावी सक्रियता और महापौर पद के लिए दावेदारी मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं भाजपा की ओर से चंदेश्वरी बांधे और तेजेश्वी सोनवानी के पोस्टर-बैनर भी प्रमुखता से नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर पार्वती ढीढी और पद्मश्री उषा बारले फिलहाल पोस्टर-बैनर के जरिए प्रचार करते दिखाई नहीं दे रही हैं। ऐसे में इन नामों को लेकर पार्टी के निर्णय और संभावित समीकरणों पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।

    पोस्टर प्रचार में आम आदमी पार्टी भी आगे

    प्रचार के मौजूदा दृश्य में आम आदमी पार्टी की संभावित दावेदार गीतेश्वरी बघेल के पोस्टर भी बड़ी संख्या में दिखाई देने की चर्चा है। इसके बाद कांग्रेस के संभावित दावेदारों की प्रचार सामग्री प्रमुखता से नजर आ रही है। हालांकि, पोस्टरों की संख्या को ही चुनावी लोकप्रियता या जीत का पैमाना नहीं माना जा सकता, लेकिन शुरुआती दौर में अपनी पहचान जनता तक पहुंचाने की कोशिशों से चुनावी माहौल बनने लगा है।

    सामाजिक समीकरण साधने बैठकों का दौर

    महापौर चुनाव को देखते हुए वार्डों में सामाजिक संपर्क और बैठकों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। संभावित दावेदार विभिन्न समाजों और स्थानीय प्रभावशाली लोगों से मुलाकात कर समर्थन जुटाने की कोशिश में लगे हैं। स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की ओर से जनसंपर्क गतिविधियां तेज होने की चर्चा है। आने वाले दिनों में इन बैठकों, व्यक्तिगत संपर्क और संगठनात्मक सक्रियता का चुनावी समीकरणों पर असर देखने को मिल सकता है।

    प्रत्यक्ष चुनाव ने बढ़ाई राजनीतिक चुनौती

    इस बार महापौर चुनाव की प्रक्रिया भी राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण है। पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में महापौर का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से होता था, जिसमें निर्वाचित पार्षद महापौर का चयन करते थे। वहीं वर्तमान साय सरकार के फैसले के अनुसार प्रत्यक्ष प्रणाली में जनता सीधे महापौर का चुनाव करेगी। ऐसे में प्रत्याशी को केवल पार्षदों और पार्टी संगठन का समर्थन ही नहीं, बल्कि व्यापक मतदाता वर्ग तक अपनी पहुंच और स्वीकार्यता भी साबित करनी होगी। यही वजह है कि संभावित दावेदार टिकट की दौड़ के साथ-साथ जनता के बीच अपनी छवि मजबूत करने में जुटे हैं।

    भाजपा के लिए ललित चंद्राकर, कांग्रेस के लिए ताम्रध्वज साहू की भूमिका अहम

    रिसाली महापौर चुनाव में स्थानीय विधायक ललित चंद्राकर के सामने भाजपा प्रत्याशी को जीत दिलाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। दोनों नेताओं के राजनीतिक प्रभाव, संगठनात्मक सक्रियता और स्थानीय समीकरणों की परीक्षा इस चुनाव में होगी। हालांकि, अंतिम मुकाबले की दिशा प्रत्याशियों के चयन, स्थानीय मुद्दों, जनसंपर्क और मतदाताओं के रुझान से तय होगी।

    फिलहाल रिसाली में पोस्टर-बैनरों के जरिए दावेदारी जताने का दौर शुरू हो चुका है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में से कौन अपने संभावित चेहरों पर मुहर लगाता है और टिकट की दौड़ में सक्रिय दिख रहे दावेदारों में से किसे जनता के सामने चुनाव लडऩे का अवसर मिलता है।

    Rate this item
    (0 votes)

    Leave a comment

    Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision