
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
रिसाली के बाद भिलाई निगम में भी निर्वाचन नामावली की गंभीर खामी उजागर, सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
दुर्ग। नगर पालिका आम निर्वाचन-2026 की तैयारियों के बीच भिलाई नगर निगम की मतदाता सूची में भी बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। निगम के 70 वार्डों में से 42 वार्डों के 11,339 मतदाताओं के नाम उनके निर्धारित वार्डों के बजाय अन्य वार्डों में दर्ज पाए जाने की जानकारी सामने आने से निर्वाचन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) अभिजीत सिंह ने सात संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
नोटिस प्राप्त करने वाले अधिकारियों में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सोनाल डेविड, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डीकेश्वर साहू तथा अतिरिक्त सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अरविंद शर्मा, अमरनाथ दुबे, येशा लहरे, कुलदीप कुमार गुप्ता एवं अरविंद शर्मा के नाम शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार एवं पुनरीक्षित की जा रही है। भिलाई नगर निगम की प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को किया गया था। इसके बाद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाताओं के नाम निर्धारित वार्डों के स्थान पर दूसरे वार्डों में दर्ज होने की त्रुटियों की जानकारी दी।
जारी नोटिस में मतदाता सूची तैयार करने में गंभीर लापरवाही तथा बीएलओ द्वारा प्रस्तुत आधार पत्रक क्रमांक 01 एवं 02 की समुचित जांच नहीं किए जाने का उल्लेख किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के साथ ही नगर पालिका निर्वाचन नियम 1994 के प्रावधानों के अनुरूप शुद्ध एवं त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रिसाली के बाद भिलाई में भी उजागर हुई गड़बड़ी
गौरतलब है कि रिसाली नगर निगम की मतदाता सूची में भी 12 वार्डों के 24,709 मतदाताओं के नाम दूसरे वार्डों में दर्ज होने का मामला सामने आ चुका है, जिसमें चार अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। अब भिलाई में 42 वार्डों के 11,339 मतदाताओं के नामों में गड़बड़ी उजागर होने से जिले के दोनों नगर निगमों की निर्वाचन नामावली की शुद्धता और पुनरीक्षण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
