November 15, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    Uncategorised

    Uncategorised (36061)

    अन्य ख़बर

    अन्य ख़बर (5880)

    धर्म संसार / शौर्यपथ / प्रभु यीशु के जन्म की ख़ुशी में मनाया जाने वाला क्रिसमस का त्योहार पूरी दुनिया में मनाया जाता है। यह त्योहार कई मायनों में बेहद खास है। क्रिसमस को बड़ा दिन, सेंट स्टीफेंस डे या फीस्ट ऑफ़ सेंट स्टीफेंस भी कहा जाता है। प्रभु यीशु ने दुनिया को प्यार और इंसानियत की शिक्षा दी। उन्होंने लोगों को प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। प्रभु यीशु को ईश्वर का इकलौता प्यारा पुत्र माना जाता है। इस त्योहार से कई रोचक तथ्य जुड़े हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
    क्रिसमस ऐसा त्योहार है जिसे हर धर्म के लोग उत्साह से मनाते हैं। यह एकमात्र ऐसा त्योहार है जिस दिन लगभग पूरे विश्व में अवकाश रहता है। 25 दिसंबर को मनाया जाने वाला यह त्योहार आर्मीनियाई अपोस्टोलिक चर्च में 6 जनवरी को मनाया जाता है। कई देशों में क्रिसमस का अगला दिन 26 दिसंबर बॉक्सिंग डे के रूप मे मनाया जाता है। क्रिसमस पर सांता क्लॉज़ को लेकर मान्यता है कि चौथी शताब्दी में संत निकोलस जो तुर्की के मीरा नामक शहर के बिशप थे, वही सांता थे। वह गरीबों की हमेशा मदद करते थे उनको उपहार देते थे। क्रिसमस के तीन पारंपरिक रंग हैं हरा, लाल और सुनहरा। हरा रंग जीवन का प्रतीक है, जबकि लाल रंग ईसा मसीह के रक्त और सुनहरा रंग रोशनी का प्रतीक है। क्रिसमस की रात को जादुई रात कहा जाता है। माना जाता है कि इस रात सच्चे दिल वाले लोग जानवरों की बोली को समझ सकते हैं। क्रिसमस पर घर के आंगन में क्रिसमस ट्री लगाया जाता है। क्रिसमस ट्री को दक्षिण पूर्व दिशा में लगाना शुभ माना जाता है। फेंगशुई के मुताबिक ऐसा करने से घर में सुख समृद्धि आती है। पोलैंड में मकड़ी के जालों से क्रिसमस ट्री को सजाने की परंपरा है। मान्यता है कि मकड़ी ने सबसे पहले जीसस के लिए कंबल बुना था।

    तांदुला नदी पुल के नीचे चल रहा था नशीली दवाइयों का कारोबार, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद दो अन्य सप्लायर भी पकड़ाए; 1.91 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त

    बालोद / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बालोद पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की खरीदी-बिक्री और सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त 464 प्रतिबंधित कैप्सूल, नकदी और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 1,91,631 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

    तांदुला नदी पुल के नीचे घेराबंदी कर मुख्य आरोपी गिरफ्तार
    बालोद एसडीओपी विनय कुमार के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिवनी स्थित तांदुला नदी पुल के नीचे एक व्यक्ति सफेद बैग में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां रखकर उनकी बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बालोद पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
    इस दौरान 13 नवंबर की रात कुंदरूपारा, बालोद निवासी अनूप सरकार (38 वर्ष) को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे बैग से ट्रामाडोल युक्त प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

    पूछताछ में सामने आए दो अन्य सप्लायर
    मुख्य आरोपी अनूप सरकार से पूछताछ और तकनीकी विवेचना के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े दो अन्य आरोपियों की जानकारी सामने आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 नवंबर को कुरूद निवासी दीपक धीवर (23 वर्ष) और वाहिद खान (26 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संभावित संपर्कों और नशीली दवाइयों की आपूर्ति के स्रोतों की पड़ताल कर रही है।

    464 प्रतिबंधित कैप्सूल सहित 1,91,631 रुपये की जब्ती
    बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग ब्रांड के कुल 464 ट्रामाडोल युक्त प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 1,85,600 रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त नकदी और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। सभी जब्त सामग्रियों का कुल मूल्य 1,91,631 रुपये आंका गया है।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला, तीनों आरोपी जेल भेजे गए
    पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बालोद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
    बालोद पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, इस नेटवर्क को नशीली दवाइयों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इसके तार किन अन्य लोगों से जुड़े हैं, यह जांच का महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है।

    उतई थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मचा हड़कंप, भारी या धारदार वस्तु से हमला किए जाने की आशंका; पारिवारिक विवाद के पहलुओं पर भी पुलिस की जांच

    दुर्ग / शौर्यपथ / जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। घर के भीतर कमरे में बिस्तर पर 40 वर्षीय धर्मेंद्र पाल का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के चेहरे और आंखों पर गंभीर चोटों के निशान थे, जबकि कान के पास से भी खून बह रहा था। कमरे के फर्श पर भी खून फैला हुआ मिला। घटना की भयावह स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

    सरपंच को दी गई थी सबसे पहले सूचना

    परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र को कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़े देखने के बाद सबसे पहले गांव के सरपंच को फोन कर सूचना दी गई। सरपंच दो अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मृतक के चाचा सहित करीब छह से सात लोग पहले से मौजूद थे। बिस्तर पर बेसुध पड़े धर्मेंद्र को कई बार आवाज लगाई गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सरपंच ने गांव के कोटवार और उतई थाना प्रभारी को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।

    चेहरे और आंखों पर गंभीर चोट, हमले की आशंका

    प्रारंभिक जांच में मृतक के चेहरे और आंखों पर गहरी चोटें पाए जाने की जानकारी सामने आई है। एक आंख की पुतली भी नीचे धंसी हुई प्रतीत होने की बात कही गई है। चोटों की प्रकृति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी अथवा धारदार वस्तु से हमला किया गया होगा। हालांकि, हमले में किस हथियार का इस्तेमाल हुआ और मौत की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास उन्हें हमले में इस्तेमाल होने वाली कोई वस्तु नहीं मिली।

    बहन और पत्नी से विवाद की जानकारी, पुलिस खंगाल रही पारिवारिक पहलू

    स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र की बहन पिछले चार-पांच वर्षों से मायके में रह रही है। बताया जाता है कि उसका पति छत्तीसगढ़ पुलिस में मानपुर-मोहला क्षेत्र में पदस्थ है और पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते वह मायके में रह रही थी। धर्मेंद्र और उसकी बहन के बीच भी आए दिन विवाद होने की बात सामने आई है।

    वहीं धर्मेंद्र की पत्नी भी करीब एक वर्ष से अपनी आठ और दस वर्ष की दो बेटियों के साथ मायके में रह रही थी। बताया गया है कि धर्मेंद्र की शराब पीने की आदत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मनमुटाव होता था। पुलिस इन पारिवारिक परिस्थितियों और आपसी संबंधों से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि, फिलहाल किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

    दिहाड़ी मजदूरी कर चलाता था परिवार

    जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र का कोई स्थायी रोजगार नहीं था। वह कभी सीमेंट प्लांट तो कभी अन्य स्थानों पर दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। घटना के समय घर में उसकी मां, बहन और बहन के दो छोटे बच्चे मौजूद थे।

    फिलहाल पुलिस ने मृतक की बहन को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है तथा परिवार के अन्य सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि घर के भीतर धर्मेंद्र पर हमला किसने किया और इसके पीछे क्या वजह रही।

    अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से ही इस रहस्यमयी मौत के पीछे की असल कहानी सामने आने की उम्मीद है।

    पंज प्यारों का फूल-मालाओं से सम्मान, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी पर पुष्पवर्षा कर लिया आशीर्वाद; सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का दिया संदेश

    दुर्ग / शौर्यपथ / सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर शहर में निकले नगर कीर्तन का नव दृष्टि फाउंडेशन के सदस्यों ने जलाराम मिष्ठान भंडार के सामने श्रद्धा, उत्साह और भक्तिभाव के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान वातावरण गुरु भक्ति, सेवा और सामाजिक सद्भाव के रंग में सराबोर नजर आया।
    नगर कीर्तन की अगुवाई कर रहे पंज प्यारों का फाउंडेशन के सदस्यों ने फूल-मालाएं पहनाकर आत्मीय सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी पर श्रद्धापूर्वक पुष्पवर्षा कर सभी सदस्यों ने माथा टेका और समाज के उत्थान, सुख-समृद्धि, शांति एवं आपसी भाईचारे की कामना करते हुए अरदास की।
    इस अवसर पर नव दृष्टि फाउंडेशन के हरमन दुलई, कुलवंत भाटिया, राज आढ़तिया, रितेश जैन, सत्येंद्र राजपूत, मंगल अग्रवाल एवं जितेंद्र हासवानी ने नगर कीर्तन का स्वागत कर समस्त सिख समाज एवं श्रद्धालुओं को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
    कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धा, सेवा, सम्मान और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी संदेश सामने आया। गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए सदस्यों ने आपसी प्रेम, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

    विधायक ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य, व्रतियों और श्रद्धालुओं से मिलकर लिया आशीर्वाद

    भिलाई / शौर्यपथ / लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ पूजा के अवसर पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव शहर के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-2, छावनी, खुर्सीपार, रामनगर सहित अलग-अलग क्षेत्रों के तालाबों में पहुंचकर छठ महापर्व में शामिल हुए श्रद्धालुओं के बीच समय बिताया और पूजा-अर्चना में सहभागिता की।
    इस दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेश और शहरवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने छठ व्रत कर रही माताओं-बहनों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
    विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, विश्वास, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। यह ऐसा पावन पर्व है, जो हमें प्रकृति और जीवन के आधार सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना सिखाता है। छठी मैया की आराधना में व्रतियों की कठिन तपस्या, नियम-निष्ठा और अटूट विश्वास हर किसी को प्रेरित करता है।
    उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने वाला महापर्व भी है। इस पर्व में जाति, वर्ग और समाज की सीमाएं मिट जाती हैं और पूरा समाज एक साथ मिलकर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग जाता है।
    देवेंद्र यादव ने छठी मैया और सूर्यदेव से कामना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा भिलाई सहित पूरा छत्तीसगढ़ खुशहाल और समृद्ध हो

    साफ-सफाई, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर, अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

    भिलाई / शौर्यपथ / लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पालिक निगम भिलाई ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर नीरज पाल ने शहर के विभिन्न छठ घाटों एवं तालाबों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं।

    महापौर ने निरीक्षण के दौरान सेक्टर-7 तालाब, सेक्टर-2 तालाब, बापू नगर तालाब, खुर्सीपार स्थित सूर्यकुंड तालाब, बैकुंठ धाम तालाब, हाउसिंग बोर्ड स्थित सूर्यकुंड तालाब, नकटा तालाब कुरूद एवं भेलवा तालाब कोहका सहित शहर के विभिन्न छठ घाटों की स्थिति का जायजा लिया।

    उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, विश्वास और समर्पण का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु तालाबों एवं घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक घाट पर स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों।

    महापौर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण करने तथा पर्व के दौरान व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा निगम की प्राथमिकता है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

    इनकी रही मौजूदगी

    निरीक्षण के दौरान महापौर परिषद सदस्य लक्ष्मीपति राजू, जोन-2 अध्यक्ष जालंधर सिंह, पार्षद प्रतिनिधि हरीश सिंह, दिवाकर, सुमन सिन्हा, सहायक उद्यान अधिकारी संजय शर्मा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना, बीरेंद्र बंजारे, सागर दुबे, विजेन्द्र परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।

    19 नवंबर तक दावे-आपत्तियों का निराकरण, 20 नवंबर तक प्रारूप क-1 में प्रस्तुत करने की समयसीमा; 26 नवंबर तक मतदाता सूची की जांच और दस्तावेज जिला कार्यालय को सौंपने के निर्देश

    भिलाईनगर / शौर्यपथ / आगामी नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत भिलाई नगर निगम क्षेत्र में निर्वाचक नामावली के आंशिक संशोधन की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन कार्यालय ने संशोधित समय-सारणी जारी कर दी है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 65 भिलाई नगर एवं 66 वैशाली नगर के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय से 14 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार मतदाता सूची से संबंधित दावे-आपत्तियों के निराकरण से लेकर अंतिम जांच और अभिलेखों को जिला कार्यालय में जमा करने तक की समयसीमा निर्धारित की गई है।

    छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश तथा आयोग के आदेश क्रमांक 1190, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के संदर्भ में जारी इस संशोधित कार्यक्रम में निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

    जारी कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावे प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर तय की गई है। प्रारूप क-1 में प्राप्त दावों का निराकरण 23 नवंबर तक पूरा करना होगा।

    इसके बाद दावे एवं आपत्तियों के निराकरण संबंधी आदेशों के विरुद्ध अपील करने के लिए आदेश पारित होने के पांच दिनों के भीतर की समयसीमा निर्धारित की गई है। वहीं परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित प्रकरणों की प्रविष्टियों का सॉफ्टवेयर में प्रूफ रीडिंग का कार्य 25 नवंबर तक पूरा करना होगा।

    निर्वाचन कार्यक्रम के अंतिम चरण में 26 नवंबर 2026 तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा मतदाता सूची का निरीक्षण एवं जांच कराकर डीएलओ तथा मुद्रण हेतु संबंधित अभिलेख जिला कार्यालय को सौंपने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

    रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि शेष कार्यक्रम यथावत रहेगा। संशोधित कार्यक्रम एवं समय-सारणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए दावे-आपत्तियों के निराकरण की कार्रवाई पूरी की जाएगी। साथ ही प्रारूप क-1 की प्राप्ति एवं एंट्री का कार्य भी निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    नगर निगम चुनाव की दृष्टि से मतदाता सूची का यह संशोधन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता के लिए दावे-आपत्तियों का समयबद्ध निराकरण तथा मतदाता सूची की त्रुटिरहित प्रविष्टियां सुनिश्चित करना प्रशासन के सामने अहम जिम्मेदारी होगी।

    66वें जन्मदिन पर किसानों और सहकारिता परिवार के बीच पहुंचेंगे उपार्जन केंद्र, सांसद विजय बघेल के साथ भी रहेंगे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल

    दुर्ग। छत्तीसगढ़ में किसानों के महापर्व धान खरीदी तिहार का शुभारंभ 15 नवंबर 2026 से होने जा रहा है। इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन अपना 66वां जन्मदिन किसानों और सहकारिता परिवार के बीच मनाते हुए धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

    निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बेलचंदन प्रातः 8 बजे धान उपार्जन केंद्र तिरगा तथा सुबह 9 बजे धान उपार्जन केंद्र निकुम पहुंचेंगे। यहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों, किसानों और सहकारिता परिवार की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की शुरुआत करेंगे।

    उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। खरीदी सत्र के पहले दिन उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बीच इस अभियान का आगाज होगा।

    इसके पश्चात जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल के साथ धान उपार्जन केंद्र उरला, झीट एवं सांकरा के शुभारंभ कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके साथ ही बैंक शाखा भवन अमलेश्वर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी उनकी सहभागिता रहेगी।

    अपने 66वें जन्मदिन पर किसानों के बीच पहुंचकर धान खरीदी का शुभारंभ करने का उनका यह कार्यक्रम जन्मदिन को सहकारिता और किसान हित से जोड़ने वाला अवसर होगा।

    छत पर सोलर पैनल ने बदली आर्थिक तस्वीर, केंद्र और राज्य सरकार से मिली 1.08 लाख रुपए की सब्सिडी

    राजनांदगांव । कभी हर महीने 5 से 6 हजार रुपए तक बिजली बिल चुकाने वाला परिवार आज लगभग शून्य बिजली बिल का लाभ उठा रहा है। यह बदलाव संभव हुआ है प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से। छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में संचालित इस योजना से अब आम परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की राह भी आसान हो रही है।

    राजनांदगांव के ममता नगर गुलमोहर कॉलोनी निवासी गजानन जंघेल, पिता पन्ना लाल जंघेल का परिवार इस योजना का लाभ उठाकर बिजली खर्च में बड़ी बचत कर रहा है। पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 5 से 6 हजार रुपए आता था, जो परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ था। लेकिन घर की छत पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित होने के बाद बिजली खर्च की तस्वीर बदल गई। अब उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है।

    इस सोलर संयंत्र को स्थापित करने के लिए जंघेल परिवार को कुल 1 लाख 8 हजार रुपए की सब्सिडी प्राप्त हुई। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपए और छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता शामिल है। परिवार के अनुसार, बिजली बिल में होने वाली बचत अब अन्य घरेलू जरूरतों को पूरा करने में काम आ रही है।

    पन्ना लाल जंघेल का कहना है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इससे एक ओर बिजली खर्च में राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अन्य नागरिकों से भी योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

    एक लाख से अधिक घरों तक पहुंची सौर ऊर्जा की सुविधा

    छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। उपलब्ध विभागीय जानकारी के अनुसार, नवंबर 2026 तक प्रदेश में एक लाख 12 हजार से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके थे। यह आंकड़ा राज्य में घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग को दर्शाता है।

    अधिकतम 78 हजार रुपए केंद्रीय सब्सिडी

    प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार अधिकतम 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी प्रदान करती है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ सरकार निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के अनुसार 30 हजार रुपए तक की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध करा रही है।
    योजना का उद्देश्य घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना, पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करना और आम परिवारों को बिजली खर्च में दीर्घकालीन राहत प्रदान करना है। जंघेल परिवार का अनुभव इसी बदलाव की एक मिसाल बनकर सामने आया है।

    358 सहकारी समितियों के 382 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की तैयारी, किसानों को लगभग 5,097 करोड़ रुपए के समर्थन मूल्य भुगतान का लक्ष्य

    राजनांदगांव। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शुरू होने जा रही धान खरीदी को लेकर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव ने तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल ने कहा है कि किसानों की सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। धान विक्रय के दौरान किसी भी किसान को परेशानी न हो, इसके लिए जिले की सभी संबंधित सहकारी समितियों एवं धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    श्री बघेल ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं के निरीक्षण और निगरानी के लिए कार्यकर्ताओं की सूची निर्धारित की गई है। सभी समितियों के प्रबंधकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केंद्रों में पेयजल, बाथरूम और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसानों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें।

    उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार की अनदेखी, लापरवाही अथवा कुप्रबंधन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और जहां भी कमी सामने आएगी, उसे तत्काल दूर कराया जाएगा।

    358 समितियों के 382 केंद्रों में खरीदी का लक्ष्य

    बैंक अध्यक्ष के अनुसार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव के कार्यक्षेत्र में आने वाली 358 सहकारी समितियों के अंतर्गत 382 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान उपार्जन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत किसानों को लगभग 5,097 करोड़ रुपए के समर्थन मूल्य का भुगतान किए जाने का अनुमान है।

    कृषक उन्नति योजना से किसानों को अतिरिक्त लाभ

    श्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रति एकड़ 13,839 रुपए की दर से बोनस देने का निर्णय किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण है। इससे किसानों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।

    उन्होंने कहा कि शासन की मंशा किसानों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने की है। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू बनाए रखना सहकारी बैंक एवं समितियों की जिम्मेदारी है। किसानों के हितों की रक्षा करते हुए पूरी खरीदी प्रक्रिया में सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

    इस्पात भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक; उत्पादन, परिचालन दक्षता और सुरक्षा व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

    भिलाई । स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. अशोक कुमार पंडा शनिवार को भिलाई प्रवास पर पहुंचे। भिलाई आगमन पर भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने उनका स्वागत किया। अपने प्रवास के दौरान डॉ. पंडा ने संयंत्र के उत्पादन, परिचालन गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्था और रावघाट खदान परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

    इस्पात भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में डॉ. पंडा ने निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र एवं वरिष्ठ प्रबंधन के सदस्यों के साथ रावघाट खदान परियोजना की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने परियोजना से जुड़े कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया।

    डॉ. पंडा ने कहा कि रावघाट खदान परियोजना भिलाई इस्पात संयंत्र की कच्चे माल की उपलब्धता और दीर्घकालीन आपूर्ति सुरक्षा सुनिश्चित करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। परियोजना में तेजी लाने से संयंत्र की भविष्य की उत्पादन आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

    उत्पादन और परिचालन दक्षता पर जोर

    समीक्षा बैठक में सीएमडी ने भिलाई इस्पात संयंत्र के समग्र प्रदर्शन, उत्पादन संबंधी गतिविधियों और प्रमुख परिचालन प्राथमिकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति, उत्पादकता में वृद्धि तथा परिचालन दक्षता को लगातार बेहतर बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही संयंत्र के सभी स्तरों पर सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

    सुरक्षा व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

    प्रवास के दौरान डॉ. पंडा ने संयंत्र के कार्यपालक निदेशकों एवं मुख्य महाप्रबंधकों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक भी की। इसमें विभिन्न विभागों और परिचालन क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा हुई। कार्यस्थलों पर संभावित जोखिमों की पहचान, कार्मिकों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

    बैठक में निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र सहित भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे। सीएमडी के इस प्रवास को रावघाट खदान परियोजना की प्रगति, संयंत्र की उत्पादन क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    Page 1 of 2576

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision