August 17, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    स्पोर्ट्स

    स्पोर्ट्स (415)

    खेल /शौर्यपथ / इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में आज कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को मुंबई इंडियंस की चुनौती का सामना करना है। दोनों टीमें इस सीजन में अपना-अपना दूसरा मैच खेलने उतरेंगी। मुंबई इंडियंस को पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, वहीं केकेआर ने अपने ओपनिंग मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को धूल चटाई थी। पहले मैच के प्लेइंग इलेवन में केकेआर की ओर से पहला मैच खेलने के लिए हरभजन सिंह उतरे तो थे, लेकिन उन्हें महज एक ओवर में गेंदबाजी करने का मौका मिला था।
    केकेआर के पास गेंदबाजी के काफी ऑप्शन थे, ऐसे में मुंबई इंडियंस के मजबूत बॉलिंग अटैक के सामने केकेआर स्ट्रॉन्ग बैटिंग ऑर्डर के साथ उतरना चाहेगा और इसके लिए हरभजन सिंह को प्लेइंग XI से बाहर किया जा सकता है। उनकी जगह शेल्डन जैक्सन को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है। जैकसन ने अभी तक कुल चार ही आईपीएल मैच खेले हैं, लेकिन हाल में उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसे में उनके आने से केकेआर का बैटिंग ऑर्डर थोड़ा और मजबूत हो सकता है।
    नीतीश राणा और राहुल त्रिपाठी ने पिछले मैच में शानदार बल्लेबाजी की थी और एक बार फिर दोनों से ऐसी ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की उम्मीद होगी। आंद्रे रसेल अगर बल्ले से फ्लॉप हुए थे, तो उन्होंने इसकी भरपाई गेंदबाजी से की। प्रसिद्ध कृष्णा ने भी शानदार गेंदबाजी की थी और इसके अलावा पैट कमिंस भी हैं, जो टीम के बॉलिंग अटैक की धार बढ़ाते हैं। शाकिब अल हसन और वरुण चक्रवर्ती स्पिन डिपार्टमेंट संभालते नजर आ सकते हैं।
    केकेआर का संभावित प्लेइंग XI: नीतीश राणा, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, आंद्रे रसेल, इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैकसन, पैट कमिंस, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती।

    खेल /शौर्यपथ /एक मशहूर कहावत है, 'मंजिलें उन्हें मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है'। सिर्फ पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। कहते हैं खुली आंखों से देखे सपने अक्सर सच हो जाया करते हैं बस उनको पूरा करने के लिए लगन और कठिन परिश्रम की जरूरत होती है। कुछ ऐसा ही एक सपना देखा था दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज आवेश खान ने, लेकिन फील्डर की चूक के चलते वह तीन साल पहले पूरा नहीं हो सका था। लेकिन किस्मत ने फिर से करवट ली और आवेश को अपना ड्रीम पूरा करना का मौका एकबार फिर मिला और इस बार तेज गेंदबाज ने बिना किसी के भरोसे रहते हुए महेंद्र सिंह धोनी को जीरो पर क्लीन बोल्ड करके बरसों से सजाए अपने सपने को साकार कर लिया।
    इंदौर के इस 24 साल के गेंदबाज ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पहले फाफ डुप्लेसी और फिर धोनी को बिना खाता खोले पवेलियन की राह दिखाई और दिल्ली कैपिटल्स की जीत में अहम योगदान दिया। दिल्ली कैपिटल्स द्वारा शेयर किए गए वीडियो में आवेश ने बात करते हुए कहा, 'तीन साल पहले मुझे माही भाई का विकेट लेने का मौका मिला था लेकिन किसी ने कैच ही छोड़ दिया । अब मेरा सपना पूरा हो गया और मैं बहुत खुश हूं। उन्होंने कुछ समय से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला था तो हमने उन पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई और उसी वजह से मैं उनका विकेट ले सका।'
    आवेश ने कहा कि उनकी इस बात की खुशी है कि उनके प्रदर्शन की वजह से टीम को जीत मिली। उन्होंने कहा, 'पहले मैच में अपने प्रदर्शन से मैं काफी खुश हूं और ज्यादा खुशी इस बात की है कि टीम जीत गई । मैने माही भाई और फाफ डुप्लेसी के विकेट लेकर जीत की नींव रखी । टीम मैनेजमेंट द्वारा दी गई भूमिका निभाकर मैं बहुत खुश हूं। ऋषभ ने मेरी हौसला बढाया और मैच का दूसरा ओवर दिया । मैने उसी ओवर में विकेट लिया । एक तेज गेंदबाज को शुरूआती स्पैल में ही विकेट मिलने से लय बनाने में मदद मिलती है । डुप्लेसी अच्छा बल्लेबाज है और वह टिक जाता तो मुश्किल हो सकती थी।'

    खेल /शौर्यपथ / इंडियन मेंस हॉकी टीम ने अर्जेन्टीना दौरे की पॉजिटिव शुरुआत करते हुए गत ओलंपिक चैंपियन को यहां पहले प्रैक्टिस मैच में 4-3 से हराया। निलाकांत शर्मा (16वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (28वें मिनट), रुपिंदर पाल सिंह (33वें मिनट) और वरुण कुमार (47वें मिनट) ने मंगलवार रात हुए मुकाबले में भारत की ओर से गोल दागे। मेजबान टीम की ओर से ड्रैग फ्लिकर लिएंड्रो तोलिनी (35 और 53वें मिनट) ने दो जबकि मासियो कासेला (41वें मिनट) ने एक गोल किया। दोनों ही टीमों ने पहले क्वार्टर में धीमी शुरुआत की लेकिन भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में तेजी दिखाई।

    शिलानंद लाकड़ा ने भारत के पहले गोल की नींव रखी। उनके सटीक पास पर सर्कल के अंदर मौजूद निलाकांत ने अर्जेन्टीना के गोलकीपर को पछाड़ते हुए भारत को बढ़त दिलाई। भारत ने इसके बाद लगातार हमले करके विरोधी टीम को बैकफुट पर रखा। अर्जेन्टीना ने भारत के आक्रामक प्रदर्शन का जवाब देते हुए जल्द ही पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन अनुभवी गोलीकपर पीआर श्रीजेश ने मेजबान टीम की कोशिश को नाकाम कर दिया। दिलप्रीत सिंह की बदौलत भारत ने 28वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया और हरमनप्रीत ने दमदार शॉट की बदौलत मेहमान टीम को 2-0 से आगे कर दिया।

    अर्जेन्टीना ने तीसरे क्वार्टर में मजबूत वापसी की जब तोलिनी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। भारत ने भी इसके तुरंत बाद पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया और अनुभवी रुपिंदर ने गोल करके भारत को 3-1 से आगे कर दिया। अर्जेन्टीना ने हालांकि 42वें मिनट में कासेला की बदौलत एक और गोल दागकर भारत की बढ़त को कम किया। अर्जेन्टीना को इसके बाद एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन युवा भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने इस कोशिश को फेल कर दिया।भारत ने अंतिम क्वार्टर में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी।

    दिलप्रीत ने 47वें मिनट में भारत के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया और पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के बाद टीम में वापसी कर रहे वरुण ने गोल करने में कोई गलती की। तोलिनी ने 53वें मिनट में अर्जेन्टीना की ओर से एक और गोल करके स्कोर 3-4 किया लेकिन इसके बाद भारत के डिफेंस ने मेजबान टीम को और गोल नहीं करने दिए और भारत ने जीत दर्ज की। भारत अपना दूसरा प्रैक्टिस मैच ओलंपिक चैंपियन अर्जेन्टीना के खिलाफ बुधवार को खेलेगा। भारत को 16 दिवसीय दौरे के दौरान अर्जेन्टीना के खिलाफ छह मैच खेलने हैं जिसमें 11 और 12 अप्रैल को एफआईएच हॉकी प्रो लीग के दो मुकाबले भी शामिल हैं।

    खेल /शौर्यपथ / इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन का आगाज 9 अप्रैल को होगा और 10 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के सामने चेन्नई सुपर किंग्स की चुनौती होगी। इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर चोट के चलते बाहर हो गए हैं, ऐसे में टीम की कमान संभालेंगे ऋषभ पंत। पंत धोनी को अपना मेंटर मानते हैं और ऐसे में उनके लिए पहला मैच किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा, क्योंकि सीएसके की कमान धोनी के ही हाथों में है।
    दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान पंत ने कहा, 'कप्तान के रूप में मेरा पहला मुकाबला माही भाई (महेंद्र सिंह धोनी) के खिलाफ होगा। यह मेरे लिए अच्छा अनुभव होगा क्योंकि मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है। एक खिलाड़ी के रूप में मेरे अपने अनुभव भी हैं। मैं उनसे ली गई सीख और अपने अनुभव को मिलाकर सीएसके के खिलाफ कुछ अलग करने की कोशिश करूंगा।' अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान उतार चढ़ाव का सामना करने वाले पंत पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। कई बार पंत की तुलना धोनी के साथ होती है, लेकिन यह युवा खिलाड़ी कह चुका है कि उसका लक्ष्य अपने लिए अलग जगह बनाना है। वह हालांकि धोनी से सलाह लेते हैं।
    पंत ने 68 आईपील मैचों में 2,079 रन बनाए हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली कैपिटल्स को पहला आईपीएल खिताब दिलाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। टीम पर मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के प्रभाव के बारे में पूछने पर पंत ने कहा, 'पिछले दो-तीन साल से उन्होंने (पोंटिंग) हमारे लिए शानदार काम किया है।' उन्होंने कहा, 'वह टीम में एनर्जी लेकर आते हैं और एक खिलाड़ी के रूप में जब आप अपने कोच को देखते हो और सोचते हो कि इस व्यक्ति से आप काफी कुछ सीख सकते हो तो फिर इससे बेहतर कुछ नहीं होता।' पंत ने कहा, 'उम्मीद करते हैं कि रिकी और पूरी टीम की मदद से हम इस बार खिताब जीतने में सफल रहेंगे।'

    खेल / शौर्यपथ / भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की भ्रष्टाचार रोधी इकाई (एसीयू) के नए प्रमुख शब्बीर हुसैन शेखदम खंडवावाला नहीं चाहते कि भारत में सट्टेबाजी को वैध किया जाए, क्योंकि इससे मैच फिक्सिंग को बढ़ावा मिलेगा। उनका मानना है कि उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती छोटी लीग से 'संदेहात्मक' गतिविधियों को खत्म करना है। कुछ लोगों का मानना है कि सट्टेबाजी को वैध करने से सरकार को भारी भरकम राजस्व मिलेगा, लेकिन खंडवावाला इसे दूसरे तरीके से देखते हैं।
    खंडवावाला ने कहा, 'सरकार सट्टेबाजी को वैध करे या नहीं, यह अलग मामला है, लेकिन एक पुलिस अधिकारी के नाते मेरा मानना है कि सट्टेबाजी से मैच फिक्सिंग को बढ़ावा मिलेगा। सरकार ने अब तक सट्टेबाजी को वैध नहीं करके सही किया है।' इस 70 वर्षीय पूर्व पुलिस अधिकारी ने कहा, 'सट्टेबाजी मैच फिक्सिंग को बढ़ावा देती है। इसलिए इसमें कोई बदलाव नहीं होना चाहिए, हम नियमों को और अधिक कड़ा बना सकते हैं। हम इस पर काम करेंगे। यह काफी प्रतिष्ठा की बात है कि क्रिकेट अधिकांश रूप से भ्रष्टाचार से मुक्त है। इसके लिए बीसीसीआई को श्रेय नहीं दिया जाना चाहिए।'
    बीसीसीआई एसीयू के निवर्तमान प्रमुख अजित सिंह के अनुसार हालांकि सट्टेबाजी को वैध करना खेल में भ्रष्टाचार को कंट्रोल करने का एक अन्य तरीका है। केंद्रीय मंत्री और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने भी पिछले साल खेलों में सट्टेबाजी को वैध करने का सुझाव दिया था। गुजरात के पूर्व पुलिस महानिदेशक खंडवावाला की इस मामले में हालांकि सोच अलग है।
    उन्होंने कहा, 'सट्टेबाजी भले ही कुछ देशों में वैध हो, लेकिन जो लोग स्टेडियम में मैच देखने जाते हैं या टेलीविजन पर मैच देखते हैं वे इस खेल में विश्वास रखते हैं और यह सोचकर मैदान पर नहीं जाते कि मैच फिक्स है। हमें उनके विश्वास को बचाना होगा कि खेल सभी तरह के भ्रष्टाचार से मुक्त है।' शीर्ष स्तर पर खेल मुख्य रूप से पाक-साफ है लेकिन स्थानीय और राज्य टी20 लीग में भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं। सबसे छोटे प्रारूप के फलने फूलने के कारण खंडवावाला ने कहा कि इन लीग में 'संदेहास्पद' गतिविधियों की पहचान करना और उन्हें रोकना उनकी टीम की सबसे बड़ी चुनौती होगी।
    उन्होंने कहा, 'हमारे शीर्ष खिलाड़ियों को इतना अच्छा भुगतान किया जाता है कि वे मैच फिक्सिंग की गंदगी से मीलों दूर हैं। हमें इस पर गर्व होना चाहिए।' खंडवावाला ने कहा, 'छोटी प्रतियोगिताओं और लीग से भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकना सबसे बड़ी चुनौती है और हमें इसे खत्म करने की जरूरत है। हमें सुनिश्चित करने की जरूरत है कि देश में खेले जा रहे क्रिकेट में किसी भी स्तर पर कुछ संदेहास्पद नहीं हो। संदेहास्पद गतिविधि की पहचान के अलावा इसे रोकना भी काफी महत्वपूर्ण है।' खंडवावाला का मानना है कि खेल के प्रति उनके प्यार से उन्हें अपनी नई भूमिका में काफी मदद मिलेगी।
    उन्होंने कहा, 'पुलिस अधिकारी होने के दौरान मैंने गुजरात में कई (पुलिस) टूर्नामेंटों का आयोजन किया। मुझे बचपन से ही खेल से प्यार है।' बीसीसीआई के साथ जुड़ने के बाद खंडवावाला के सामने पहली चुनौती 9 अप्रैल से शुरू हो रही इंडियन प्रीमियर लीग होगी।

    नई दिल्ली / खेल / शौर्यपथ / दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग को विश्वास है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में टीम की अगुवाई करने पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के खेल में और निखार आएगा।नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के बाद पंत को आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान नियुक्त किया गया है। अय्यर इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान चोटिल हो गये थे।
    पोंटिंग ने ट्वीट किया, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्रेयस अय्यर टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे लेकिन ऋषभ पंत इसका कैसे फायदा उठाता है यह देखने के लिये उत्सुक हूं। अपने हाल के प्रदर्शन के कारण वह इसका हकदार था और वह आत्मविश्वास से भरा हुआ है। मुझे पूरा विश्वास है कि कप्तानी उन्हें और बेहतर खिलाड़ी बनाएगी। ’’पंत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और चौथे टेस्ट मैच में 97 और नाबाद 89 रन बनाये और इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में शतक जड़ा था।
    गौरतलब है कि जेएसडब्लू-जीएमआर की दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को घोषणा की थी कि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इंडियन प्रीमियर लीग के नौ अप्रैल से शुरू होने वाले 14वें सत्र में दिल्ली कैपिटल्स टीम की कप्तानी करेंगे। दिल्ली कैपिटल्स टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर इंग्लैंड के खिलाफ हाल में समाप्त हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में पहले मैच के दौरान अपना बायां कंधा चोटिल कर बैठे थे। इस वनडे सीरीज में अय्यर की जगह टीम में शामिल किये गए पंत ने शेष दो मैचों में अपना जलवा दिखाया और तीसरे मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बना डाला। पंत ने दूसरे मैच में 77 और तीसरे मैच में 78 रन बनाये।
    दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह मालिक किरण कुमार गांधी ने इस अवसर पर कहा, “मैं श्रेयस के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद करता हूँ,श्रेयस की कप्तानी में हमारी टीम ने पिछले साल फ़ाइनल में पहुंचकर नयी ऊंचाइयों को छुआ और इस सत्र में हमें उनकी कमी काफी खलेगी। उनकी अनुपस्थिति में हमने इस साल पंत को नया कप्तान चुना है। हालांकि हमने यह फैसला दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में लिया है लेकिन इस फैसले से पंत को आगे बढ़ने का और मौका मिलेगा। मैं उन्हें उनकी नयी भूमिका के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। ”
    टीम के लिए नया कप्तान चुने जाने पर पुराने कप्तान अय्यर ने कहा, “जब मुझे कंधे पर चोट लगी और दिल्ली कैपिटल्स को अपना नया कप्तान चुनना था तो मुझे कोई संदेह नहीं था कि इस काम के लिए ऋषभ सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति होंगे। मैं उन्हें अपनी टीम को आगे ले जाने के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूँ। .”
    अपनी नयी भूमिका पर 23 वर्षीय पंत ने कहा, "दिल्ली से मैंने अपना आईपीएल सफर छह साल पहले शुरू किया था। इस टीम की कप्तानी करना मेरा एक सपना था मैं अपने टीम मालिकों का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझे इस भूमिका के योग्य समझा। मेरे आसपास इतने अच्छे और बड़े लोग हैं कि मैं अपनी टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का इन्तजार नहीं कर पा रहा हूं।”

    खेल /शौर्यपथ / इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स की आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स अगर फाइनल में पहुंचती है तो उन्हें एक टेस्ट खेलने से वंचित रहना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि भारत में इस साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की टीम में जगह बनाने के लिये ऐसा मौका बार बार नहीं मिलेगा। वोक्स ने पिछली बार पारिवारिक कारणों से आईपीएल नहीं खेलने का फैसला लिया था लेकिन दिल्ली ने उन्हें टीम में बनाए रखा । वह भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिये भी इंग्लैंड की टीम में थे लेकिन रोटेशन नीति के तहत एक भी मैच खेले बिना लौट गए ।
    दिल्ली की टीम यूएई में खेले गए पिछले आईपीएल के फाइनल में पहुंची थी। इंग्लैंड को दो जून से लाडर्स पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट खेलना है जबकि आईपीएल फाइनल 30 मई को है। वोक्स ने 'द गार्डियन से कहा कि अगर मैं दिल्ली की अंतिम एकादश में नहीं रहूंगा तो रिकी पोंटिंग से इस बारे में बात करूंगा । निश्चित तौर पर मैं लाडर्स पर टेस्ट खेलना चाहता हूं लेकिन टेस्ट का कार्यक्रम बाद में बना। वोक्स 2015 से इंग्लैंड की टी20 टीम में नहीं हैं।
    उन्होंने आगे कहा कि मैं कैरियर के उस मुकाम पर हूं कि ऐसे मौके बार बार नहीं मिलते, हो सकता है कि इसके लिये मुझे टेस्ट छोड़ना पड़े। दिल्ली टीम ने मुझ पर भरोसा रखा है और मैं उसका बदला चुकाना चाहता हूं। आईपीएल से मैने हमेशा सीखा है और मैं टी20 वर्ल्ड कप टीम में भी जगह बनाना चाहता हूं ।

    खेल /शौर्यपथ /भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर कंधे में लगी चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट पहले वनडे मैच के दौरान लगी थी। इसके अलावा बीसीसीआई ने बताया है कि अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा भी अगले मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड की 148 किलोमीटर की स्पीड वाली गेंद रोहित की कोहनी पर लग गई थी, जिसके बाद उन्हें दर्द होने लगा था।
    बीसीसीआई के मुताबिक जॉनी बेयरस्टो की ओर से लगाए शॉट को बाउंड्री पर जाने से रोकने की कोशिश में अय्यर का बायां कंधा दब गया था। वह टीम के लिए कुछ रन बचाने में तो सफल रहे, लेकिन कुछ ही देर में उन्हें दर्द महसूस होने लगा और उन्हें अपने बाएं कंधे को पकड़ कर मैदान छोड़ कर जाना पड़ा। इन दोनों खिलाड़ियों के चोटिल होने से भारत के वनडे सीरीज जीतने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है।
    बता दें कि इन दोनों ही बल्लेबाजों का इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में प्रदर्शन अच्छा रहा था। टीम इंडिया ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए दुनिया की नंबर एक टी-20 टीम को पांच मैचों की सीरीज में 3-2 से हराया था। हालांकि रोहित और श्रेयस इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में कुछ खास नहीं कर सके थे।
    रोहित ने पहले मैच में 42 गेंदों पर 28 रनों की पारी खेली, जिसमें चार चौके शामिल रहे। उन्होंने ओपनिंग साझेदार शिखर धवन के साथ टीम को मजबूत शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। रोहित की पारी का अंत इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने किया। वहीं श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन की बात करें तो वे चौथे नंबर पर खेलने आए और सस्ते में आउट होकर वापस पवेलियन लौट गए। दोनों टीमाें के बीच दूसरा वनडे 26 मार्च को खेला जाएगा।

    खेल /शौर्यपथ / भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार (23 मार्च) से शुरू हो रही तीन वनडे मैचों की सीरीज को लेकर पूर्व इंग्लिश कप्तान माइकल वॉन ने भविष्यवाणी की है। वॉन ने बताया है कि जोफ्रा आर्चर और जो रूट के नहीं होने की वजह से टीम इंडिया वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम करने में सफल रहेगी। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ वनडे मैचों के लिए चुनी गई टीम में रूट को आराम दिया है, जबकि जोफ्रा आर्चर कोहनी की चोट के चलते इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे।
    इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'पहले से वनडे सीरीज की प्रिडिक्शन, भारत 3-0 से जीतेगा। ना रूट और ना ही आर्चर।' वॉन ने इंग्लैंड के इस दौरे पर अपने ट्वीट्स को लेकर काफी चर्चा में रहे और टेस्ट सीरीज के दौरान भारत की पिचों की जमकर आलोचना भी की। इससे पहले वॉन ने टेस्ट सीरीज के नतीजे की भी प्रिडिक्शन की थी, जिसको भारत की टीम ने 3-1 से अपने नाम किया था। तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड ने 14 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें रूट को रेस्ट दिया गया है। लियाम लिविंगस्टोन टी20 के बाद वनडे सीरीज में भी अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। हालांकि, आर्चर के ना होने से टीम की तेज गेंदबाजी काफी कमजोर नजर आ रही है।
    भारत की टीम ने पांचवें टी-20 मैच में इंग्लैंड को 36 रनों से हराकर टी-20 सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया था। सीरीज के दौरान टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का प्रदर्शन काफी शानदार रहा था और उन्होंने 5 मैचों में 140 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 231 रन जड़े थे और तीन पारियों में नॉटआउट रहे थे। गेंदबाजी में टीम की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने सीरीज में सबसे अधिक 8 विकेट चटकाए थे, जबकि भुवनेश्वर कुमार सभी मुकाबलों में काफी किफायती रहे थे।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision