October 02, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    भारत

    भारत (1112)

      नई दिल्ली / एजेंसी /  सरकार ने हज यात्रा को सुगम बनाने के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे में महत्‍वपूर्ण सुधार कर कई कदम उठाए हैं। इन कदमों के माध्‍यम से महिलाओं की समानता को बढ़ावा दिया गया है, जिससे कि अधिक महिलाएं स्‍वतंत्र रूप से हज यात्रा पर जा सकती हैं। विशेषकर कम आय वाले लोगों के लिए हज यात्रा को सुगम बनाने के लिए प्रावधान किये गए हैं।    विशेषकर महिलाओं के लिए सुगम्यता को बेहतर बनाने के वास्ते हज यात्री सहायता कार्यक्रम शुरू किये गए हैं। इस वर्ष जनवरी में एक द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। उसके अनुसार इस वर्ष भारत से एक लाख 75 हजार से अधिक हज यात्रियों का कोटा निर्धारित किया गया था।

        इसमें से लगभग एक लाख 40 हजार हज यात्री हज कमेटी के माध्यम से हज पर गए थे। इस वर्ष केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 60 वर्ष से अधिक आयु के हज यात्रियों के स्वास्थ्य की व्यापक देखभाल के लिए कई कदम उठाए थे।

    नई दिल्ली / एजेंसी / भारतीय सेना ने कल अरुणाचल प्रदेश में वालोंग की लड़ाई की याद में दिबांग घाटी जिले से मोटर साइकिल अभियान को रवाना किया। तीन दिवसीय अभियान को दाओ डिवीजन के जनरल कमांडिंग ऑफिसर, मेजर जनरल वी.एस. देशपांडे ने हरी झंडी दिखाई। यह अभियान सोमवार को ऐतिहासिक वालोंग युद्ध स्मारक पर समाप्त होगा।
        अरुणाचल प्रदेश में इस अभियान का उद्देश्य राज्य के सीमावर्ती इलाकों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। अभियान के माध्यम से सवार क्षेत्र के स्थानीय समुदायों से जुड़कर क्षेत्रीय और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देंगे।  यह अभियान वालोंग की लड़ाई के 62 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 अक्टूबर को शुरू हुआ था।

    नई दिल्ली / एजेंसी / उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज कहा कि विकसित राष्‍ट्र का लक्ष्‍य हासिल करने में शोध और नवाचार मुख्‍य तत्‍व हैं। श्री धनखड़ ने आज नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्‍थान एन आई टी के चौथे दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शोध और नवाचार के क्षेत्र में राष्‍ट्र का उच्‍च स्‍तर वैश्विक समुदाय के बीच उसकी स्थिति परिभाषित करता है। उन्‍होंने कहा कि शैक्षिक संस्‍थानों को शोध और नवाचार के लिए अपनी क्षमता का प्रयोग करना चाहिए। श्री धनखड़ ने  कॉर्पोरेट से इस क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण योगदान करने को भी कहा। उन्‍होंने कहा कि व्‍यापार, उद्योग, कारोबार और वाणिज्‍य संगठनों को शोध और नवाचार के लिए उदारता से वित्‍तीय योगदान करना चाहिए।

        उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि शिक्षा में निवेश समाज सेवा का महत्‍वपूर्ण उपकरण है जिससे मानव संसाधन समृद्ध होता है और वर्तमान तथा भविष्‍य सुरक्षित बनता है। उन्‍होंने कहा कि शिक्षा वास्‍तव में समाज सेवा है। उन्‍होंन जोर देकर कहा कि शिक्षा को व्‍यापार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह एक कर्त्‍तव्‍य है।

    नई दिल्ली / एजेंसी / कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी की कर नीतियों की आलोचना की और भाजपा पर गरीबों के बजाय पूंजीपतियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया। धनबाद जिले के बाघमारा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए, श्री गांधी ने आरोप लगाया कि देश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, और अन्य पिछड़ा वर्ग की जनसंख्‍या ज्‍यादा है, लेकिन सरकारी संस्थानों में उनका पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं है।

       नई दिल्ली / एजेंसी / प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने आज कहा कि महाराष्‍ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के विकास के लिए महायुति सरकार ने अथक प्रयास किए हैं। श्री मोदी ने नांदेड़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले ढाई वर्ष में मराठवाड़ा क्षेत्र में 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश देखा गया है। उन्‍होंने क्षेत्र में 11 सिंचाई परियोजनाओं का उल्‍लेख किया और कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि समेत विभिन्‍न योजनाओं के अंतर्गत नांदेड़ के पांच लाख से अधिक किसानों को डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं। उन्‍होंने दिल्‍ली-मुम्‍बई औद्योगिक गलियारे, रेल कोच फैक्‍टरी, लॉजिस्टिक पार्क, समृद्धि हाइवे, शक्ति पीठ एक्‍सप्रेस-वे और नांदेड़ से दिल्‍ली तथा आदमपुर के लिए नई विमान सेवा जैसे विकास कार्यक्रमों पर जोर देते हुए कहा कि इनसे स्‍थानीय स्‍तर पर रोजगार के अवसरों का सृजन हुआ है।
        प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में रिकॉर्ड बहुमत के साथ सरकार का गठन किया है। विधानसभा चुनाव के साथ ही नांदेड़ लोकसभा सीट का उपचुनाव भी 20 नवम्‍बर को होगा।

       नई दिल्ली / एजेंसी / भारत और पाकिस्‍तान के बीच बने करतारपुर साहिब गलियारे को आज पांच वर्ष पूरे हो गए हैं। ये गलियारा पाकिस्‍तान के नारोवाल जिले के श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारे तक जाता है, जहां पहले सिक्‍ख गुरु गुरुनानक देवजी ने 18 वर्ष बिताए थे। इस गलियारे का उदघाटन प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्री गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश दिवस पर 9 नवम्‍बर 2019 को गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में किया था। बीते पांच वर्षों में लाखों श्रद्धालुओं ने इस गुरुद्वारे के दर्शन किए हैं। भारतीय भूमि पत्‍तन प्राधिकरण के सूत्रों ने आकाशवाणी को बताया कि पिछले पांच वर्ष में तीन लाख 42 हजार भारतीयों ने गुरुद्वारे के दर्शन किए हैं। आज चार सौ 17 लोग गुरुद्वारे की यात्रा पर गए हैं, जो अब तक इस साल की सबसे बडी संख्‍या है। भारत और पाकिस्‍तान ने करतारपुर गलियारे को संचालित करने और भारत से करतापुर साहिब गुरुद्वारे जाने वाले लोगों को यात्रा की सुविधा प्रदान करने के लिए समझौते को इस साल अक्‍टूबर में अगले पांच वर्षों के लिए बढा दिया।

    84,000 वर्ग फीट की रंगोली, 2024 प्रकार की मिठाईयों का गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड 

         भोपाल  / शौर्यपथ / गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड बनाने की दिशा में अखिल भारतीय बटुक भैरव भक्त मंडल, राष्ट्र संत डॉ. वसंत विजय जी महाराज, जो कि पाश्र्व पद्मावती शक्ति पीठ धाम, कृष्णगिरि, तमिलनाडु के पीठाधीश्वर हैं, के नेतृत्व में 15 नवंबर से 23 नवंबर तक नौ दिवसीय भव्य भैरव अष्टमी महोत्सव का आयोजन कर रहा है। यह आयोजन मध्य प्रदेश के नीमच स्थित दशहरा मैदान में होगा और भक्ति तथा सांस्कृतिक धरोहर का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।
    डॉ. वसंत विजय जी महाराज के अनुसार भैरव अष्टमी पर आयोजित कष्ट हरण महायज्ञ और कथा साधना का विशेष महत्व है। इसका उद्देश्य देश को संभावित आर्थिक संकट और महामारी से बचाना है। यह यज्ञ न केवल देश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए किया जाएगा, बल्कि भक्तों के लिए भक्ति और आस्था का प्रकाश भी प्रसारित करेगा।
        27 राज्यों और 12 देशों से आने वाले भक्तों की उपस्थिति में इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण 84,000 वर्ग फीट की रंगोली होगी, जो लगभग 2 एकड़ में फैली होगी। यह रंगोली प्रमुख आध्यात्मिक गुरुओं और राष्ट्रीय नायकों के चित्रों से सजी होगी, जो भारत की सामाजिक समरसता, एकता, और आतंकवाद के खिलाफ अडिग संकल्प का प्रतीक होगी। यह आयोजन भारतीय कला और संस्कृति की समृद्धि को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा और 50 से अधिक प्रतिष्ठित विश्व रिकॉर्ड संस्थानों में दर्ज होने का प्रयास करेगा। इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक समृद्धि को उजागर करना और देश की वैश्विक पहचान को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाना है।
        इस कार्यक्रम की एक और विशेषता रहेगी, भैरव देव को अर्पित की जाने वाली 2024 प्रकार की दिव्य मिठाइयाँ। पूरे कार्यक्रम के दौरान अष्ट कुंडीय महायज्ञ, कथा, और भक्तों के लिए भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। यज्ञ में 46 विद्वान पंडित हिस्सा लेंगे, जिनमें मुख्य कुंड में 11 पंडित और शेष सात कुंडों में 5-5 पंडित 9 दिन तक निरंतर यज्ञ करेंगे। भक्तजन निरूशुल्क पंजीकरण कर इस आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं।
      इस महोत्सव में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद सी. पी. जोशी और सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, और विभिन्न राज्य विधायकों व अधिकारियों की भागीदारी भी रहेगी।
    देश-विदेश से 50 से अधिक विविध संस्थाएं 2024 प्रकार की मिठाइयों के अर्पण और रंगोली के विश्व रिकॉर्ड में भाग लेंगी। डॉ. वसंत विजय जी महाराज के पावन सानिध्य और उनके मुखारविंद से कथा के साथ इस अद्वितीय आयोजन का समापन होगा। यह महोत्सव भक्ति और आराधना का अप्रतिम उदाहरण बनेगा।
      यह ऐतिहासिक आयोजन भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, एकता और अखंडता को दर्शाएगा और दुनिया भर से भक्तों को इस अद्वितीय भक्ति और उत्सव के अनुभव का हिस्सा बनने के लिए आकर्षित करेगा। कार्यक्रम के दौरान सभी भक्तों के लिए भोजन और अन्य सेवाओं की निरूशुल्क व्यवस्था की जाएगी।

    24 माह में तैयार होगा 100 बिस्तरों का केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान
    200 करोड़ रूपए की लागत से तैयार हुआ है सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल सिम्स, 240 बिस्तरों का है अस्पताल
    मुख्यमंत्री साय बिलासपुर एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रायपुर में रहेंगे उपस्थित

    रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के चतुर्मुखी विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में सर्वोपरि कार्य हैं। छत्तीसगढ़ राज्य के पहले डिटिजल बजट में भी राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढिकरण की बडी झलक दिखी थी जो वास्तविकता का रूप लेती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए प्रयोग और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों को खोलने के लिए केंद्रीय स्तर पर लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में 29 अक्टूबर को राज्य के बिलासपुर में 200 करोड़ रूपए की लागत से तैयार सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल सिम्स का लोकार्पण होने जा रहा है।
       देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वचुअल माध्यम से इस अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उपस्थित रहेंगे। यह अस्पताल तीन चरणों में प्रारंभ होगा। पहले चरण में ओपीडी, दूसरे चरण में वार्ड और आईसीसीयू, डायलिसिस यूनिट व लैब तीसरे चरण में कैथ लैब, ओटी, हार्ट व लंब की मशीनें शुरू होंगी और चौथे चरण में अस्पताल पूरी तरह से काम करने लगेगा। बिलासपुर में इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू हो जाने से सरगुजा और बिलासपुर संभाग के मरीजों को रायपुर आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें पास में ही इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
      इसी तरह से 29 अक्टूबर को ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से रायपुर में 100 बिस्तरों वाले केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (CRIYN) का शिलान्यास करेंगे। इस बारे में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया है कि 90 करोड़ रूपए की लागत से इस संस्थान का निर्माण 24 माह में पूरा होगा। राज्य सरकार ने इस संस्थान के लिए 10 एकड़ की भूमि आयुष विभाग को उपलब्ध करा दी है।
       यह छत्तीसगढ़ का पहला योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र और अस्पताल होगा जो गैर संचारी रोगों के उपचार की सुविधा प्रदान करेगा। केंद्र में वेलनेस थिरेपी में प्रशिक्षण प्रमाणन पाठ्यक्रम और अनुसंधान में फेलोशिप पाठ्यक्रम का भी संचालन होगा। इस संस्थान के शुरू होने से योग और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रभावों के बारे में नए ज्ञान और अंतदृष्टि का विकास होगा।

       नई दिल्ली / एजेंसी / महाराष्‍ट्र में विधानसभा चुनाव की घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन उठापटक शुरू हो गई है. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति में सबकुछ ठीक है. मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे का कहना है कि ‘महायुति' महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए तैयार... लेकिन क्‍या वाकई ऐसा है? दरअसल, अजित पवार हाल ही में मंत्रिमंडल की बैठक से जल्दी चले गए. इसके बाद ये सवाल उठने लगे कि क्‍या महायुति में सबकुछ ठीक है? महाराष्‍ट्र की राजनीति के जानकार कहते हैं कि राज्‍य में शक्ति प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है. वोटरों को यह बताने का समय आ गया है कि किसमें कितना दम है, क्‍योंकि चुनावी दंगल में जिसका जितना बढ़ा कद होगा, उतना ही उसे फायदा होगा.

    क्‍या महाराष्‍ट्र में शुरू हो गया प्रेशर गेम
    अजित पवार एक बार पहले बीजेपी के साथ खेला कर चुके हैं. बीजेपी के साथ उन्‍होंने सरकार बना ली थी, लेकिन फिर अलग हो गए थे. लेकिन बीजेपी ने एक बार फिर चांस लिया और शिवसेना के साथ-साथ राकांपा को भी अपने साथ जोड़ा और महायुति बनाया. महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा सीटों के चुनाव अगले महीने हो सकते हैं. इसलिए अब प्रेशर गेम शुरू हो गया है, जो महायुति के बीच सीटों के बंटवारे तक चलेगा. अजित पवार ने अभी तक कुछ कहा, तो नहीं है... लेकिन बृहस्पतिवार को मुंबई में हुई महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक में पवार की कुछ देर की उपस्थिति ने लोगों को चौंका दिया, खासकर इसलिए क्योंकि उनकी अनुपस्थिति में वित्तीय रूप से महत्वपूर्ण कई निर्णय लिए गए थे. मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अजित पवार की अनुपस्थिति में महत्‍वपूर्ण निर्णय लेकर अपने इरादे साफ कर दिये हैं. अब अजित पवार इसका क्‍या जवाब देते हैं, ये देखना दिलचस्‍प होगा.

    अजित पवार को लेकर बढ़ता जा रहा अटकलों का बाजार
    महाराष्‍ट्र चुनाव से पहले अजित पवार राजनीतिक माहौल को गर्म कर सकते हैं. वह लगातार अपना कुनबा बड़ा रहे हैं. अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ ‘महायुति' गठबंधन में मौजूदगी और उनकी पार्टी द्वारा कुछ भाजपा नेताओं के मुस्लिम विरोधी प्रचार का विरोध करने के बाद मतभेद पैदा हो गए थे. इसके बाद लगातार महाराष्‍ट्र की राजनीति में अटकलें लग रही हैं. इस बीच अजित पवार का मंजिमंडल की बैठक को बीच में छोड़कर चले जाने पर कयासों का बाजार और गर्म हो गया.

    अजित पवार बोले सबकुछ ठीक, लेकिन...!
    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने मंत्रिमंडल की बैठक से जल्दी चले जाने के बाद शुरू हुईं अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश करते हुए शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति में सबकुछ ठीक है. उन्होंने कहा, 'मुझे मराठवाड़ा क्षेत्र के अहमदपुर में एक निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जल्दी रवाना होना था. कल लिए गए सभी निर्णयों को मेरी मंजूरी प्राप्त है.' पवार ने कहा, 'सब कुछ ठीक है और राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में किसी भी विवाद की अटकलें निराधार हैं.' अजित पवार के जाने के बाद ढाई घंटे तक चली बैठक में 38 निर्णय लिए गए, जिनमें से कई निर्णय वित्तीय रूप से काफी महत्वपूर्ण थे.

    कांग्रेस का आरोप- दरकिनार किये जा रहे अजित पवार
    इस बीच कांग्रेस ने महायुति में सेंध लगाने की कोशिश शुरू कर दी है. कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने कहा कि अजित पवार को दरकिनार करने की कोशिश हो रही है. यह भी देखने को मिल रहा है कि लगभग हर कैबिनेट की बैठक में विवाद देखने को मिल रहा है. सत्‍तारूढ़ पार्टियों के बीच ये विवाद राज्‍य की जनता के हित में नहीं है. वडेट्टीवार ने आरोप लगाए कि महायुति में कुछ ऐसे फैसले लिये जा रहे हैं, जो अजित पवार को मंजूर नहीं हैं. इसलिए उन्‍होंने कैबिनेट की बैठक से दूरी बनाई, ताकि ठीकरा उन पर न फोड़ा जा सके.


    क्‍या अजित पवार करेंगे कोई उलटफेर

    महाराष्‍ट्र की राजनीति में इस समय सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्‍या अजित पवार कोई बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं. क्‍या अजित पवार के अगले कदम से महाराष्‍ट्र का सियासी समीकरण बदल जाएगा. अगर ऐसा होता है, तो महाराष्‍ट्र के आगामी विधानसभा चुनाव बेहद दिलचस्‍प हो जाएंगे. क्‍योंकि महाराष्‍ट्र में इस समय शिवसेना और राकांपा ऐसी पार्टियां हैं, जो दो भागों में बंट चुकी हैं. अब महाराष्‍ट्र की जनता इन निर्णयों को कैसे देख रही है, इसका पता भी चल जाएगा. ऐसे में अजित पवार जो कदम उठाएंगे, वो उनका भविष्‍य तय करने की दिशा में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision