October 03, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    भारत

    भारत (1112)

    नई दिल्ली / शौर्यपथ / सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा है कि सरकार ने अब तक 18 ओटीटी प्लेटफॉर्मों के खिलाफ कार्रवाई की है। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डिजिटल पाइरेसी पर आज राज्यसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री मुरुगन ने कहा कि ओटीटी सामग्री की निगरानी के लिए दिशानिर्देश पहले से ही मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि ओटीटी प्लेटफार्मों में आयु के अनुरूप सामग्री के प्रमाणीकरण पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के मार्गदर्शन के साथ-साथ सामग्री वर्गीकरण के लिए स्व-प्रमाणन को रखा गया है।

    नई दिल्ली / शौर्यपथ / पेरिस ओलंपिक में खेलों के सातवें दिन तीरंदाज अंकिता भकत और धीरज बोम्मादेवरा ने दिन की शानदार शुरुआत की और उन्होंने इंडोनेशिया को 5-1 से हराकर मिक्‍सड टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पहले से ही ऐतिहासिक दो पदक जीतने के बाद, मनु भाकर 25 मीटर पिस्टल महिला क्वालिफिकेशन राउंड में अपनी चुनौती पेश कर रही हैं।

    नई दिल्ली / शौर्यपथ / एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में चल रहे तनाव के कारण 8 अगस्त 2024 तक तेल अवीव से आने और जाने वाली सभी उड़ानों को तत्काल प्रभाव से स्‍थगित करने की घोषणा की है। यह घोषणा यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को लेकर की गई है। इस अवधि के दौरान कन्फर्म बुकिंग वाले यात्रियों को पुनर्निर्धारण और रद्दीकरण शुल्क पर एकमुश्त छूट की पेशकश की जाएगी। एयर इंडिया ने कहा कि वे स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और आवश्यकतानुसार अपडेट देते रहेंगे।

      रायपुर / शौर्यपथ / उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिस्वा सरमा से उनके निवास कार्यालय, असम में सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम शांति, विकास और समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर है।

         नई दिल्ली / एजेंसी / बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि केंद्रीय बजट 2024-2025 विकसित भारत के लिए है जो चहुमुखी विकास सुनिश्चित करता है। समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाता है और विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना की घोषणा की है जिससे देश में करोड़ों नई नौकरियां पैदा होंगी। केंद्रीय बजट पर एक वीडियो संदेश में श्री मोदी ने कहा कि बजट नए अवसर, नई ऊर्जा, नए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर लेकर आया है। यह देश के लिए बेहतर विकास और उज्ज्वल भविष्य लेकर आया है। प्रधानमंत्री ने देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले बजट के लिए सभी नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम को भी बधाई दी.
      भारत को दुनिया का विनिर्माण केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने देश के मध्यम वर्ग के साथ सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के संबंधों और समाज के गरीब वर्ग के लिए इसकी रोजगार क्षमता को रेखांकित किया। श्री मोदी ने कहा कि बजट में घोषित नई योजना से एमएसएमई के लिए ऋण की सुगमता बढ़ेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ई-कॉमर्स, निर्यात केंद्र और खाद्य गुणवत्ता का परीक्षण एक जिला-एक उत्पाद कार्यक्रम को नई गति देगा।
       रक्षा क्षेत्र में रिकॉर्ड निर्यात पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि इस वर्ष के बजट में ‘आत्मनिर्भर’ रक्षा क्षेत्र बनाने के लिए कई प्रावधान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत के प्रति दुनिया का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है जिससे पर्यटन उद्योग के लिए नये रास्ते खुल रहे हैं।

    नई दिल्ली / एजेंसी / लोकसभा के प्रथम सत्र में आज केंद्र सरकार ने केन्द्रीय कर्मचारियों के मामले में कहा कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना की बहाली का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। बजट सत्र के पहले दिन आज लोकसभा में कांग्रेस की प्रणीति सुशील कुमार शिंदे द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन- पी एम एस वाई एम पेंशन योजना 60 वर्ष के बाद तीन हजार रुपये की मासिक पेंशन के साथ वृद्धावस्था सुरक्षा प्रदान करने के लिए 2019 में शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि 18 से 40 वर्ष की आयु वर्ग के वे श्रमिक जिनकी मासिक आय 15 हजार या उससे कम है और जो कर्मचारी भविष्य निधि, कर्मचारी राज्‍य बीमा निगम और राष्‍ट्रीय पेंशन योजना के सदस्य नहीं हैं, वे इस योजना में शामिल हो सकते हैं। इस योजना के तहत लाभार्थी 50 प्रतिशत मासिक योगदान देता है और इतना ही योगदान केंद्र सरकार की ओर से किया जाता है।

     नई दिल्ली / एजेंसी / लोकसभा में एक लिखित उत्तर में सरकार ने आज कहा कि अब तक 4,825 भारतीय श्रमिक इस्राइल भेजे जा चुके हैं और किसी भी केंद्रीय मजदूर यूनियन ने इस पर आपत्ति नहीं जताई है। लोकसभा में एक लिखित उत्तर में श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि इस्राइल के साथ किए गए समझौते के अनुसार भारतीय श्रमिकों को इस्राइल में वहां के नागरिकों और श्रम कानूनों के अनुरूप समान व्यवहार की सुविधा मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय श्रमिकों को आवास, चिकित्सा बीमा के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस्राइल में अस्थायी रोजगार के लिए 10 हजार भारतीय श्रमिकों से अनुरोध प्राप्त हुआ था जिनमें से चार हजार आठ सौ 25 को इस्राइल भेजा जा चुका है।

    रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम, रोजगार, युवा एवं खेल मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया से उनके आवास पर सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने डॉ. मंडाविया से छत्तीसगढ़ में रोजगार सृजन, श्रमिक कल्याण और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से और अधिक सहायता का आग्रह किया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी इस दौरान उनके साथ थे।
      मुख्यमंत्री साय ने केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान राज्य में श्रम, रोजगार और खेल के क्षेत्र में हो रही प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इनमें न्यूनतम मजदूरी दर में वृद्धि, श्रमिक कल्याण योजनाओं का क्रियान्वयन और रोजगार के नए अवसरों का सृजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने राज्य में बेरोजगारी की दर को कम करने के लिए केंद्र सरकार से और अधिक सहयोग की मांग की।
      मुख्यमंत्री साय ने केन्द्रीय मंत्री डॉ. मंडाविया को राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएँ शुरू की हैं। मुख्यमंत्री ने डॉ. मंडाविया से अनुरोध किया कि केंद्र सरकार इन योजनाओं को और अधिक समर्थन दे, ताकि राज्य के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
      डॉ. मंडाविया ने मुख्यमंत्री साय के प्रयासों की सराहना की और राज्य में विकास के लिए उठाए जा रहे कदमों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ को हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।

    सीएम साय की पहल : छत्तीसगढ़ की चार प्रमुख रेल परियोजनाएं जल्द होगी शुरू
    मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय रेल मंत्री से रेल परियोजनाओं पर की चर्चा
     

        नई दिल्ली / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की विभिन्न नई रेल परियोजनाओं पर चर्चा की। रेल भवन में हुई बैठक में मुख्यमंत्री साय ने राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए रेल नेटवर्क के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने इस दौरान राज्य की चार प्रमुख रेल परियोजनाओं धर्मजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई लाइन परियोजना, अंबिकापुर-बरवाडीह नई लाइन परियोजना, खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा नई रेल लाइन परियोजना  और रावघाट-जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना को जल्द शुरू करने का आग्रह किया।

    धर्मजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई लाइन परियोजना (240 किमी)

    मुख्यमंत्री साय ने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए आवश्यक है। यह पत्थलगाँव, कुनकुरी, जशपुर नगर, गुमला आदि महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ती है। यह उत्तरी छत्तीसगढ़ को झारखंड से जोड़ेगी। इस परियोजना के माध्यम से औद्योगिक (कोरबा) क्षेत्र को लोहरदगा से जोड़ने की योजना है। इसके अतिरिक्त, यह क्षेत्र को पूर्व में कोरबा और रांची के होकर मध्य भारत से जोड़ेगी। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 16,000 करोड़ रुपए है।

    अंबिकापुर-बरवाडीह नई लाइन परियोजना (200 किमी)

    इस परियोजना की मांग आजादी से पहले 1925 में की गई थी। हालांकि, 1948 में मंजूरी मिलने के बावजूद यह परियोजना अब तक अधूरी रही। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना अंबिकापुर (उत्तरी छत्तीसगढ़) को बरवाडीह (झारखंड) से जोड़ेगी और परसा, राजपुर, चंदनपुर आदि महत्वपूर्ण शहरों को कनेक्ट करेगी। इस परियोजना के माध्यम से देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में कोयला और अन्य खनिजों के परिवहन के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 9000 करोड़ रुपए है।

    खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा नई रेल लाइन परियोजना (277 किमी)

    मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना देश के पश्चिमी क्षेत्र में एसईसीएल और एमसीएल कोयला क्षेत्रों की निकासी के लिए एक वैकल्पिक मार्ग प्रदान करती है। यह बिलासपुर और रायपुर स्टेशनों को बायपास करते हुए बलौदाबाजार क्षेत्र को कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 8000 करोड़ रुपए है।

    रावघाट-जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना (140 किमी)

    रेलवे पहले से ही दल्ली-राजहरा-रावघाट 95 किमी नई रेलवे लाइन का निर्माण कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने सुझाव दिया कि इस लाइन को जगदलपुर तक बढ़ाया जाए, ताकि आदिवासी क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास किया जा सके। यह परियोजना छत्तीसगढ़ के खनिज समृद्ध क्षेत्र से इस्पात उद्योगों तक लौह अयस्क की निकासी के कुशल और पर्यावरण अनुकूल साधन प्रदान करेगी। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 3500 करोड़ रुपए है।
      बैठक के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन परियोजनाओं की संभावनाओं और लाभों को स्वीकार किया और इन पर तेजी से काम करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ राज्य के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं और रेलवे मंत्रालय इन्हें प्राथमिकता देगा।

     

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision