August 16, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    भारत

    भारत (1082)

    सीएम खट्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि 'खुले में नमाज' नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि 'खुले में नमाज' बर्दाश्त नहीं कि जाएगी. मुस्लिम समाज के लोग 'खुले में नमाज' न करें, भले ही वो अपने घर मे नमाज करें.

    पटना /शौर्यपथ/

      गुरुग्राम से शुरू हुआ 'खुले में नमाज पर विवाद' अब बिहार तक पहुंच गया है. शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 'खुले में नमाज' पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए थे. इस मुद्दे पर जब बिहार में कुछ पत्रकारों ने भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल से प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि वो सीएम खट्टर के फैसले का समर्थन करते हैं. उन्होंने कहा कि वो नीतीश सरकार से मांग करेंगे कि बिहार में भी 'खुले में नमाज' पढ़ने पर रोक लगाई जाए.

    उन्होंने कहा कि, "वो निश्चित रूप से बिहार में खुले में शुक्रवार को नमाज पढ़ने पर रोक लगाएंगे. ये लोग जो 'खुले में नमाज' पढ़ने के चक्कर में सड़कों पर जाम लगा देते हैं, अगर लोगों की आस्था है तो घर में नमाज पढ़ें. मस्जिद क्यों बनाया गया है? उन्हें मस्जिदों में जाकर नमाज पढ़ना चाहिए, इसलिए मनोहर खट्टर ने जो भी किया है वो धन्यवाद के पात्र हैं." उन्होंने एक और सवाल का जवाब देते हुए कहा, "अगर समय रहते इन सब चीजों को नहीं रोका गया तो जरूर महौल तनावपूर्ण हो जाएगा. 75 वर्ष पहले भारत-पाक का विभाजन धर्म के आधार पर हुआ था, और आज वो मुद्दा वहीं के वहीं है. अगर हम लोग नहीं संभलें तो आने वाली पीढ़ियां माफ नहीं करेगी."

    बता दें कि गुरुग्राम के सेक्टर 37 में 'खुले में नमाज पर विवाद' बीते तीन महीने से चल रहा है. कई बार दोनों पक्षों की तरफ से लगा कि इसका कोई समाधान निकल जाएगा. लेकिन हर शुक्रवार को गुरुग्राम के सेक्टर 37 के विवादित स्थल को लेकर नया मामला सामने आता रहा. अब आखिरकार सीएम मनोहर लाल खट्टर के सख्त निर्देश पर पूरे हरियाणा में सार्वजनिक जगहों पर नमाज पढ़ने पर रोक लगाई गई है.

    सीएम खट्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि 'खुले में नमाज' नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि 'खुले में नमाज' बर्दाश्त नहीं कि जाएगी. मुस्लिम समाज के लोग 'खुले में नमाज' न करें, भले ही वो अपने घर मे नमाज करें. जिला प्रशासन नमाज को लेकर बातचीत कर रहा है. इससे पहले गुरुग्राम उपायुक्त ने बीते सोमवार को कहा था कि मुस्लिम और हिन्दू समाज के लोगों की बैठक बुलाई गई, जिसमें कई फैसले लिए गए. अब नमाज़ का विरोध नहीं होगा. इसमें तय हुआ कि अब सार्वजनिक जगहों पर नमाज़ नहीं होगी. जुमे की नमाज़ 12 मस्जिदों में होगी. छह सार्वजनिक जगहों पर नमाज़ पढ़ने के लिए किराया देना होगा.

     वहीं, 'खुले में नमाज विवाद' पर ही नोएडा के थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के सेक्टर 54 स्थित खरगोश पार्क में शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करने पहुंचे सैकड़ों लोगों को पुलिस ने लौटा दिया. पुलिस ने पार्क के पास बने मजार में नमाज पढ़ने की अनुमति दी. पुलिस के प्रवक्ता पंकज कुमार ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर धार्मिक गतिविधियां करने की अनुमति नहीं है. जनपद में धारा 144 लागू है.

    उन्होंने बताया कि सेक्टर 54 स्थित खरगोश पार्क में सेक्टर 57, 58 59, और 60 की फैक्टरियों में काम करने वाले लोग नमाज पढ़ने आते हैं. धीरे-धीरे इनकी संख्या हजारों में हो गई. प्रवक्ता ने बताया कि जनपद में धारा 144 लागू है तथा सार्वजनिक स्थान पर धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं है. इसलिए पुलिस ने नमाज पढ़ने आए लोगों को वहां से लौटा दिया. उन्होंने बताया कि नमाज पढ़ने के लिए धार्मिक स्थल चिन्हित है. लोगों से अपील की गई कि वे वहीं पर जाकर नमाज पढ़ें.

     

     

     

     


    पिछले काफी समय से एक नाम लगातार चर्चा में चल रहा है और वो हैं बलबीर सिंह राजेवाल. ये नाम किसान आंदोलन के चलते सामने आया है. राजेवाल निर्विवाद रूप से पंजाब के किसानों के बड़े नेता हैं.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

     पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव  होने हैं और ऐसे में राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी आम आदमी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में लगी हुई है, लेकिन आम आदमी पार्टी से यह सवाल लगातार पूछा जा रहा है कि इन चुनावों के लिए उसका मुख्यमंत्री उम्मीदवार कौन होगा? पिछले काफी समय से एक नाम लगातार चर्चा में चल रहा है और वो हैं बलबीर सिंह राजेवाल . ये नाम किसान आंदोलन के चलते सामने आया है. राजेवाल निर्विवाद रूप से पंजाब के किसानों के बड़े नेता हैं. पिछले 1 साल से दिल्ली की सरहदों पर बैठकर केंद्र सरकार के साथ हर बातचीत में बलबीर सिंह राजेवाल शामिल रहे हैं.

    अब सरकार ने किसानों की मांगें मान ली हैं तो किसानों ने आंदोलन खत्म करने की घोषणा कर दी है, जिसके बाद शुक्रवार को किसानों ने गुरुद्वारा  बंगला साहिब जाकर मत्था टेका.  दिया.

    सवाल: चर्चा है कि कहीं आम आदमी पार्टी के पंजाब में सीएम कैंडिडेट आप तो नहीं होंगे?

    जवाब: मुझे तो किसी ने अप्रोच ही नहीं किया. यह बाहर ही चर्चा हो रही है.

    सवाल: अच्छा! एप्रोच नहीं किया!

    जवाब: नहीं मुझे नहीं किया

    सवाल: अच्छा अगर अप्रोच करते हैं तो?

    राजेवालः नहीं सोचा ही नहीं अभी तक, घर तो जाने दो 1 साल से यहां पर बैठे हुए हैं हम तो अभी घर ही नहीं गए.

    सवाल: लेकिन आप यह कह रहे हैं कि अभी इस बारे में नकार नहीं रहे हैं किसी भी संभावना को?

    जवाब: कुछ भी हो सकता है. लोगों की बात के मुताबिक होता है, लेकिन हमने इस बारे में सोचा नहीं है. हमने पहले से ही तय कर लिया था कि कोई भी पॉलिटिकल बात नहीं करेगा और जब आंदोलन समाप्त होगा उसके बाद बैठेंगे फिर देखेंगे क्या करना है क्या नहीं.

    इस बातचीत में किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल आप के मुख्यमंत्री उम्मीदवार की बात को स्वीकार भी नहीं कर रहे हैं और नकार भी नहीं रहे हैं, लेकिन राजेवाल से हुई पूरी बातचीत से ऐसा लगता है कि अभी आगे के विकल्प खुले हुए हैं.

    राजेवाल ने खास बातचीत में बताया कि ‘ सैद्धांतिक तौर पर मैं यह समझता हूं कि राजनीतिक लोगों में जिस तरह की धारणा बन गई है यह देश के लिए अच्छी नहीं है. आज राजनीति कोई सेवा का माध्यम नहीं रह गई है बल्कि व्यापार हो गई है जिसमें लोग निवेश करते हैं और उसके बाद कमाते हैं. किसी राजनेता का मन यह नहीं होता कि जो लोग मुझको चुन कर भेज रहे हैं उनकी समस्याएं क्या हैं उनके लिए हमको क्या करना है उनके लिए कानून बनवाना है, नीतियां बनानी है, उसमें मैं क्या सहयोग कर सकता हूं. यह राजनेताओं के एजेंडे पर नहीं होता. वह केवल 15 दिन हाथ जोड़ते हैं, पैसे खर्च करते हैं और उसके बाद 5 साल लोगों के हाथ बंधवाते हैं और लोगों को लूटते हैं और जितने सरकारी अधिकारी हैं वह लोगों को लूटने में लगे रहते हैं लोगों को इंसाफ नहीं मिलता। तो यहां तक तो मैं सहमत हूं कि इसमें बदलाव आना चाहिए.'

    आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के पंजाब के मुख्यमंत्री उम्मीदवार पद के लिए भगवंत मान का नाम भी संभावितों में है. भगवंत आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के मुखिया हैं. दो बार संगरूर से लोकसभा के सांसद हैं. सबसे अहम बात यह कि 2019 में जब आम आदमी पार्टी कहीं पर भी चुनाव जीतने में नाकाम रही तब भगवंत मान ने संगरूर लोकसभा सीट दोबारा जीतकर लोकसभा में आम आदमी पार्टी का खाता खुलवाया था. आजकल पंजाब में आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के कार्यक्रमों के दौरान भगवंत मान को मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर समर्थन देते हुए नारे लगते रहते हैं.

     

     

     

     

    प्रधानमंत्री ने बलरामपुर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "जब मैं आज दिल्ली से चला तो सुबह से इंतजार कर रहा था कि कब कोई आएगा, कहेगा कि मोदी जी इस योजना का फीता तो हमने काटा था, ये योजना तो हमने शुरू की थी.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

     यूपी के सरकारी समारोह से पीएम मोदी के हमले के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पलटवार किया है. सरकारी कार्यक्रम में पीएम मोदी द्वारा राजनीतिक हमला किए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव  ने पलटवार करने में देर नहीं लगाई. सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी गैर राजनीतिक मंच का इस्तेमाल सियासी मकसद पूरा करने के लिए कर रही है. अखिलेश ने कहा कि परियोजनाओं के उद्घाटन के लिए सरकारी बसों में भर-भर कर भीड़ को जुटाया जा रहा है. लेकिन पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनात इन्हीं मंचों से राजनीतिक हमले कर रहे हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने शनिवार को 9,800 करोड़ रुपये की सरयू नहर परियोजना  को राष्ट्र को समर्पित किया. इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में बीजेपी के प्रतिद्वंद्वी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह इंतजार कर रहे थे कि कब कोई इस परियोजना का क्रेडिट लेने के लिए दावा करेगा. प्रधानमंत्री मोदी का यह कमेंट समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव  के उस बयान के बाद आया, जिसमें उन्होंने दावा किया था यह योजना सपा सरकार के समय में ही तीन चौथाई बन चुकी थी.

    प्रधानमंत्री ने बलरामपुर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "जब मैं आज दिल्ली से चला तो सुबह से इंतजार कर रहा था कि कब कोई आएगा, कहेगा कि मोदी जी इस योजना का फीता तो हमने काटा था, ये योजना तो हमने शुरू की थी. कुछ लोग हैं जिनकी आदत है ऐसा कहने की, हो सकता है कि बचपन में इस योजना का फीता उन्होंने ही काटा हो.

    उन्होंने कहा कि सरयू नहर परियोजना में जितना काम 5 दशक में हो पाया था, उससे ज्यादा काम हमने 5 साल से पहले करके दिखाया है. यही डबल इंजन की सरकार है. यही डबल इंजन की सरकार के काम की रफ्तार है.

    इससे पहले, आज सुबह समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, "सपा के समय तीन चौथाई बन चुकी ‘सरयू राष्ट्रीय परियोजना' के शेष बचे काम को पूर्ण करने में उप्र भाजपा सरकार ने पांच साल लगा दिए. 22 में फिर सपा का नया युग आएगा… विकास की नहरों से प्रदेश लहलहाएगा!"

    पीएम मोदी ने कहा कि देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत  का जाना हर भारत प्रेमी के लिए बहुत बड़ी क्षति है. जनरल बिपिन रावत जितने जांबाज थे, देश की सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जितनी मेहनत करते थे, पूरा देश उसका साक्षी है. उन्होंने कहा कि भारत दुख में है, लेकिन दर्द सहते हुए भी हम ना अपनी गति रोकते हैं और ना प्रगति. भारत रुकेगा नहीं, भारत थमेगा नहीं.

    विपक्ष पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "पहले जो सरकार में थे, वो माफिया को संरक्षण देते थे. आज योगी जी की सरकार माफिया की सफाई में जुटी है. तभी तो यूपी के लोग कहते हैं कि फर्क साफ है. पहले यूपी की बेटियां घर से बाहर निकलने से पहले 100 बार सोचने के लिए मजबूर थीं. आज अपराधी गलत काम करने से पहले 100 बार सोचता है. तभी तो यूपी के लोग कहते हैं- फर्क साफ है.

     

     

    अन्नाद्रमुक (AIADMK) सरकार ने जयललिता के परिवार से परामर्श किए बिना घर पर कब्जा ले लिया था और इमारत को स्मारक में बदल दिया था.

    चेन्नई /शौर्यपथ/

     तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता  की भांजी दीपा जयकुमार को कानूनी लड़ाई के बाद अपनी आंटी और दिवंगत नेता के पॉश गार्डन स्थित घर का शुक्रवार को कब्जा मिल गया. चेन्नई जिला प्रशासन ने उन्हें घर की चाबियां सौंपी. दीपा  ने कहा, "यह पहली बार है जब मैं अपनी आंटी की अनुपस्थिति में इस घर में कदम रख रही हूं. यह घर अब खाली और बेजान नजर आता है. जयललिता के घर में रहने की इच्छा जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि मेरी आंटी द्वारा इस्तेमाल किए गए फर्नीचर को हटा दिया गया है.

    मद्रास उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने 24 नवंबर के अपने फैसले में जयललिता के आवास ‘वेद निलयम' को अधिग्रहण करने के आदेश को रद्द कर दिया था और इसे कानूनी वारिसों को सौंपने का आदेश दिया था. अदालत के इस आदेश के बाद दीपा को मकान की चाबियां दी गईं.

    पूर्ववर्ती अन्नाद्रमुक (AIADMK) सरकार ने जयललिता के परिवार से परामर्श किए बिना घर पर कब्जा ले लिया था और इमारत को स्मारक में बदल दिया था.

    दीपा और उनके भाई दीपक ने पूर्ववर्ती एआईएडीएमके सरकार द्वारा बंगले के अधिग्रहण को चुनौती देते हुए याचिकाएं दायर की थी. याचिका पर कोर्ट का यह फैसला आया. मद्रास हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि यह प्रॉपर्टी उनके (दीपा और उसके भाई) पास जानी चाहिए.

     अदालत ने अपने आदेश में कहा कि सरकार द्वारा अधिग्रहण अवैध था. कोर्ट ने कहा, "इस अधिग्रहण में कोई सार्वजनिक हित नहीं है ... कुछ किलोमीटर दूर मरीना बीच पर पहले से ही जयललिता का स्मारक है. ऐसी कौन सी प्रेरक कहानी है जो वेद निलयम दे सकती है, लेकिन मरीना बीच स्मारक नहीं?

     

     

     

     

     देश विदेश /शौर्यपथ/ 

    योगी आदित्यनाथ ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को याद करते हुए कू पर लिखा, भारत के पूर्व राष्ट्रपति, सरल व सहज राजनेता, शुचिता एवं कर्मठता के प्रतीक, ’भारत रत्न’ प्रणब मुखर्जी जी को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि.

    भारत के पूर्व राष्ट्रपति (Former President) प्रणब मुखर्जी (Pranab Mukherjee) की आज 86वीं जयंती है. वे भारत के 13वें राष्ट्रपति थे. उनका जन्म 11 दिसंबर, 1935 को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक छोटे से गांव मिराती के एक साधारण से परिवार में हुआ था. उनके पिता कामदा किंकर मुखर्जी स्वतंत्रता सेनानी थे और उनकी मां का नाम राजलक्ष्मी था. प्रणब मुखर्जी के पिता भी कांग्रेसी नेता थे और आजादी की लड़ाई में कई बार जेल गए. उनका राजनीतिक जीवन 40 सालों से भी ज्यादा लंबा रहा है. कांग्रेस पार्टी में रहते हुए उन्होंने विदेश से लेकर रक्षा, वित्त और वाणिज्य मंत्री तक की भूमिका निभाई. उन्होंने भारतीय राजनीति को बहुत लंबे समय तक, बहुत करीब से देखा.

    आज उनकी जयंती के खास मौके पर पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है और उन्हें याद कर रहा है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नितिन गडकरी और केशव प्रसाद मौर्या ने भी कू पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

     योगी आदित्यनाथ ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को याद करते हुए कू पर लिखा, भारत के पूर्व राष्ट्रपति, सरल व सहज राजनेता, शुचिता एवं कर्मठता के प्रतीक, 'भारत रत्न' प्रणब मुखर्जी जी को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि.

    नितिन गडकरी ने भी कू पर देश के पूर्व राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न प्रणब मुखर्जी जी की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि.

     केशव प्रसाद मौर्या ने भी उन्हें याद करते हुए लिखा, भारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति एवं भारतरत्न से सम्मानित प्रणब मुखर्जी जी की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन.

    उन्होंने कूटनीतिक स्तर पर भी अहम भूमिकाएं निभाईं. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा से लेकर गुटनिरपेक्ष विदेश मंत्रियों के सम्मेलन सहित कई सम्मेलनों में भारत का नेतृत्व किया. प्रणब मुखर्जी को 2019 में भारत सरकार ने भारत रत्न से नवाजा था. इसके पहले 2008 में उन्हें भारत के दूसरे सर्वोच्च पुरस्कार पद्म विभूषण से नवाजा गया था. इसके अलावा वो सर्वोत्तम सांसद और प्रशासक भी रह चुके थे. उन्हें दुनियाभर के विश्वविद्यालयों से डॉक्टरेट की उपाधियां मिली हुई थीं.

     

     

     

     

    वरिष्ठता के क्रम में थलसेना अध्यक्ष जनरल एमएम नरवाणे सबसे ऊपर हैं और इसीलिए उन्हें इस पद का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है, लेकिन इस पद पर वरिष्ठता इकलौती कसौटी नहीं हो सकती है.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

     देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत  का बुधवार को हेलीकॉप्टर दुर्घटना  में निधन हो गया था. उनके निधन के बाद अब सबसे बड़ा सवाल है कि देश का अगला सीडीएस  कौन होगा. देश में सेना के सबसे बड़े पद को ज्यादा वक्त तक खाली भी नहीं रखा जा सकता है. वरिष्ठता के क्रम में थलसेना अध्यक्ष जनरल एमएम नरवाणे  सबसे ऊपर हैं और इसीलिए उन्हें इस पद का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है, लेकिन वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरिकुमार भी इस पद के दावेदार हैं, क्योंकि इस पद पर वरिष्ठता इकलौती कसौटी नहीं हो सकती है.

    यदि जनरल नरवाणे को सीडीएस बनाया जाता है तो थलसेना प्रमुख का ओहदा खाली हो जाएगा. इस पद के दो प्रमुख दावेदार हैं. इनमें से एक हैं सह सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती और दूसरे हैं उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल वायके जोशी. बहरहाल जो भी हो इसकी एक पूरी प्रक्रिया है.


      क्या है सीडीएस नियुक्ति की प्रक्रियाः-

    - पहले रक्षा मंत्रालय तीन वरिष्ठ अफसरों के नाम नियुक्ति कमेटी ऑफ कैबिनेट को भेजेगी.

    - इस कमेटी में पीएम और गृह मंत्री होते हैं.

    - सरकार फिलहाल कोई कार्यकारी सीडीएस भी चुन सकती है

     

     

    चन्नी ने आप को "ठगों और लुटेरों की पार्टी" बताया. उन्होंने कहा कि आप के ये "बाहरी" लोग पंजाब के किसी भी नेता को अपने पोस्टर और होर्डिंग्स पर जगह नहीं दे रहे हैं, जो उनके "छिपे हुए एजेंडे" को दर्शाता है.

    मनसा /शौर्यपथ/

     पंजाब विधानसभा चुनाव  से पहले कांग्रेस और आप में जुबानी जंग जारी है. पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी  ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) को "ठगों और लुटेरों" की पार्टी करार दिया और कहा कि आप के "गैर-पंजाबी" अपने "चुनावी हथकंडे" से राज्य की जनता को बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं. आम आदमी पार्टी का मजाक उड़ाते हुए चन्नी ने इसे "खास" पार्टी कहा.

    मनसा में एक सभा को संबोधित करते हुए चन्नी ने बादल पर राज्य को "लूटने" और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) पर "कुशासन" का आरोप लगाया.

    पंजाब सीएम ने कहा, "खास पार्टी के गैर-पंजाबी अपने चुनावी हथकंडों से पंजाब के लोगों को बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पंजाबी काफी जागरूक हैं और उन्हें सबक सिखाएंगे." उन्होंने कहा कि हर जगह "बाहरी लोगों" के पोस्टर लगाकर पंजाब पर कब्जा करने का उनका "दिवास्‍वप्‍न" कभी भी हकीकत में तब्दील नहीं होगा क्योंकि पंजाब के लोग इन "काले दिल वाले काले अंग्रेजों" को बाहर फेंक देंगे.

    चन्नी ने आप को "ठगों और लुटेरों की पार्टी" बताया. उन्होंने कहा कि आप के ये "बाहरी" लोग पंजाब के किसी भी नेता को अपने पोस्टर और होर्डिंग्स पर जगह नहीं दे रहे हैं, जो उनके "छिपे हुए एजेंडे" को दर्शाता है.

    इस महीने की शुरुआत में, चन्नी ने आप को 'काले अंग्रेज' (काले अंग्रेजों) की पार्टी करार दिया था, जो 2022 का विधानसभा चुनाव जीतने की कोशिश कर रहे हैं. चन्नी की टिप्पणी का जवाब देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह काले रंग के हो सकते हैं, लेकिन उनका इरादा निष्पक्ष है.

     

     

    मंत्री ने बताया कि करीब 9,802 करोड़ रूपए लागत वाली इस परियोजना से 14.04 लाख हेक्टेयर जमीन को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा और नेपाल से आने वाले पानी के चलते विभिन्न इलाकों में हर साल आने वाली बाढ़ जैसी विभीषिका का जोखिम कम होगा.

    बहराइच /शौर्यपथ/

    उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव से पहले हो रहे ताबड़तोड़ उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहराइच, श्रावस्ती एवं बलरामपुर से गोरखपुर तक जाने वाली 318 किलोमीटर लम्बी सरयू नहर परियोजना का आगामी 11 दिसम्बर को बलरामपुर से उद्घाटन करेंगे, जो पूर्वांचल में बाढ़ एवं सूखे की समस्या से निपटने में मददगार साबित हो सकती है.

    राज्य के जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बुधवार को यहां बताया कि उक्त परियोजना के उद्घाटन हेतु प्रधानमंत्री 11 दिसम्बर को बलरामपुर के हसुवाडीह आएंगे.

    सिंह ने कहा कि भगवान बुद्ध की तपोस्थली और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं भारतीय जनसंघ के दिवंगत नेता नानाजी देशमुख की कर्मस्थली पर बनी इस परियोजना के उद्घाटन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश एवं प्रदेश ही नहीं पूरी, दुनिया को बड़ा संदेश देंगे.

    मंत्री ने कहा कि वाजपेयी ने नदियों को जोड़ने की योजना बनाई थी और इस परियोजना के पूरा होने के साथ ही उनका सपना भी साकार हो रहा है. उन्होंने बताया कि घाघरा, सरयू, राप्ती, बाणगंगा एवं रोहिन नदियों को जोड़ते हुए 318 किलोमीटर लम्बी मुख्य नहर और इससे जुड़ी 6,600 किलोमीटर लिंक नहरों वाली उक्त नहर से पूर्वांचल के नौ जिलों बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर और गोरखपुर के 25 से 30 लाख किसानों को लाभ मिलेगा.

    मंत्री ने बताया कि करीब 9,802 करोड़ रूपए लागत वाली इस परियोजना से 14.04 लाख हेक्टेयर जमीन को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा और नेपाल से आने वाले पानी के चलते विभिन्न इलाकों में हर साल आने वाली बाढ़ जैसी विभीषिका का जोखिम कम होगा. यह परियोजना काफी समय से लंबित थी. यह परियोजना देश की उन 99 परियोजनाओं में से एक है, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्ण करने के लिए चुना

    जल शक्ति मंत्री ने कहा कि इस परियोजना पर काम की शुरुआत 1978 में हुई थी लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने ‘‘इस पर अधिक ध्यान नहीं'' दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से उक्त परियोजना अब पूरी हुई है. बहराइच के जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में बताया कि प्रधानमंत्री के बलरामपुर दौरे के मद्देनजर बहराइच प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है.
    इसके दृष्टिगत एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है.

     

     

     

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गोवा में आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी के सत्ता में आने पर महिलाओं को नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया.

    पणजी /शौर्यपथ/

     गोवा (Goa) में आगामी विधानसभा चुनाव नजदीक है. वहीं चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ( Priyanka Gandhi) ने गोवा का दौरा किया. इस दौरे पर गईं प्रियंका गांधी ने आदिवासी महिलाओं के साथ पारंपरिक नृत्य किया. उनके डांस के वीडियो को न्यूज एजेंसी एएनआई ने ट्विटर पर पोस्ट किया है. वीडियो में दिख रहा है कि कुछ महिलाएं पारंपरिक नृत्य कर रही हैं. इसी बीच उनके साथ प्रियंका गांधी भी उनके साथ नृत्य में शामिल हुईं. उन्होंने गोवा में आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी के सत्ता में आने पर महिलाओं को नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया.

    उन्होंने आम आदमी पर कटाक्ष करते हुए लोगों से बाहर से गोवा में आ रहीं पार्टियों से सावधान रहने को कहा. उन्होंने गोवा की राजनीति में प्रमुख भूमिका निभाने के प्रयास कर रही आम आदमी पार्टी (आप) की आलोचना की और उसे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराया, जहां अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में उसकी सरकार है.

    गांधी ने सभा में अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा, 'इस बार जब आप मतदान करने जाएं तो सबसे पहले अपने बारे में, अपने राज्य और अपने परिवार के बारे में सोचें. उस पार्टी को वोट दें जो आपके मुद्दों का समाधान करेगी. उन्होंने कहा, 'कई पार्टियां बाहर से आएंगी. इन दिनों नयी पार्टियां आ रही हैं.' कांग्रेस नेता ने लोगों से मतदान से पहले यह देखने को कहा कि इन संबंधित दलों ने उन राज्यों में क्या किया है, जहां वे सत्ता में हैं.

    गांधी ने कहा, 'क्या उन्होंने विकास किया है? मैं दिल्ली से हूं, दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है. दिल्ली में इतना प्रदूषण है कि आप सांस भी नहीं ले सकते.' केवल कांग्रेस पार्टी ही आपके लिए काम करेगी. बता दें कि प्रियंका गांधी ने क्यूपेम विधानसभा क्षेत्र के मोरपीरला गांव का दौरा किया, जहां उन्होंने आदिवासी महिलाओं से बातचीत की. कांग्रेस नेता आदिवासी महिलाओं के साथ उनके पारंपरिक नृत्य में भी शामिल हुईं.

     

     

     

     

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision