Google Analytics —— Meta Pixel
April 05, 2026
Hindi Hindi
शौर्यपथ

शौर्यपथ

नई दिल्ली/शौर्यपथ / कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है, इसमें कोरोना की दूसरी लहर को काबू में करने के लिए 6 अहम सुझाव दिए गए हैं. खड़गे ने कहा है कि कोरोना से संक्रमित अपनों के इलाज के लिए लोग जमीन, ज्वैलरी बेचने के साथ अपनी गाढ़ी कमाई लुटा रहे हैं. राज्यसभा में नेता विपक्ष खड़गे ने प्रधानमंत्री से सामूहिक और सहमति वाली रणनीति अपनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सिविल सोसायटी और नागरिक समूह इस असाधारण राष्ट्रीय संकट के खिलाफ लड़ रहे हैं, जबकि केंद्र ने ऐसा लगता है कि अपनी जिम्मेदारियां छोड़ दी हैं.
खड़गे ने पत्र में पीएम से एक सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है, जिसमें महामारी से लड़ने का एक समग्र ब्लूप्रिंट तैयार किया जाए. साथ ही कोविड वैक्सीन के लिए आवंटित 35 हजार करोड़ रुपये का सबके टीकाकरण के लिए उचित तरीके से इस्तेमाल किया जा सके. खड़गे ने वैक्सीन के उत्पादन के लिए अनिवार्य लाइसेंसिंग की नीति भी खत्म करने को कहा है. साथ ही सभी संवेदनशील चिकित्सा उपकरणों, वैक्सीन(5 फीसदी), पीपीई किट (5 से 12 फीसदी), एंबुलेंस (28 फीसदी) और ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर्स (12 फीसदी) पर टैक्स खत्म करने की मांग भी की है.
कर्नाटक के कांग्रेस नेता ने विदेशों से आई राहत सामग्री का भी जल्द से जल्द वितरण की मांग भी उठाई है. साथ ही रोजगार खो चुके प्रवासी मजदूरों के लिए मनरेगा में न्यूनतम कार्यदिवस 100 से बढ़ाकर 200 दिन करने की मांग की है. यह पत्र कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री को की गई तीसरी अपील है. इससे पहले लोकसभा सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी पत्र लिख चुके हैं.
भारत कोरोना की दूसरी लहर को काबू करने के लिए जूझ रहा है. लगातार चार दिनों से 4 लाख से ज्यादा नए मामले रिपोर्ट हो रहे हैं. जबकि 22 अप्रैल के बाद से लगातार 3 लाख से ज्यादा कोरोना के केस सामने आए हैं. भारत में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 37.4 लाख तक पहुंच गई है, जो पिछले रिकॉर्ड से करीब चार गुना हैं.

नई दिल्ली /शौर्यपथ/बरेली केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की अस्पतालों में भर्ती को लेकर व्याप्त अव्यवस्था और अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाये जाने की शिकायत की है. गंगवार ने शनिवार को बरेली में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में कहा "ऐसे मामले सामने आ रहे हैं कि रेफर किए जाने के बाद भी मरीज जब सरकारी अस्पताल में जाता है, तो उससे कहा जाता है कि जिला अस्पताल से दोबारा रेफर करवाकर लाएं. इससे मरीज की हालत और बिगड़ती जाती है. यह चिंता का विषय है. ऐसे में बहुत जरूरी है कि संक्रमित मरीज को कम से कम समय में रेफरल अस्पतालों में तुरंत भर्ती किया जाए."
केंद्रीय मंत्री ने मल्टी पैरा मॉनिटर, बायोपैक मशीन, वेंटिलेटर तथा अन्य जरूरी उपकरणों को बाजार में डेढ़ गुना दाम पर बेचे जाने की भी शिकायत करत हुए अनुरोध किया कि सरकार इन चीजों का दाम निर्धारित करे. उन्होंने बरेली में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाये जाने की भी शिकायत की और कहा कि इससे मरीजों को काफी असुविधा हो रही है.गंगवार ने पत्र में आग्रह किया कि ऐसे इंतजाम किए जाएं कि बरेली में संक्रमित मरीजों को किसी भी निजी अस्पताल में भर्ती कराया जा सके और उन निजी अस्पतालों को कोविड-19 अस्पतालों को मिलने वाली सुविधा भी दी जाए.
उन्होंने पत्र में कहा कि बरेली में खाली ऑक्सीजन सिलेंडर की भारी कमी है. गंगवार ने कहा कि इसका मुख्य कारण यह है कि शहर के बहुत से लोगों ने ऑक्सीजन सिलेंडर अपने घरों में एहतियात के तौर पर रख लिए हैं और वे इन्हें मनमाने दाम पर बेच भी रहे हैं. उन्होंने आग्रह किया कि प्रशासन ऐसे लोगों को चिह्नित करे और उनके खिलाफ कार्रवाई करे ताकि जरूरतमंदों तक ऑक्सीजन के सिलेंडर पहुंचाया जा सके.
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी से आग्रह किया कि मध्य प्रदेश की तर्ज पर बरेली में भी कुछ निजी और सरकारी अस्पतालों को 50% छूट देने के साथ जल्द से जल्द ऑक्सीजन संयंत्र मुहैया कराया जाए ताकि ऑक्सीजन की कमी से होने वाली परेशानी से जल्द से जल्द निपटा जा सके. गंगवार ने कोविड-19 के टीके से संबंधित एक सुझाव देते हुए कहा कि आयुष्मान भारत से जुड़े सभी अस्पतालों में टीकाकरण किया जाए.

नई दिल्ली / शौर्यपथ/ इंदौर देश में 10 सरकारी बैंकों के बीच विलय की प्रक्रिया के बाद इन बैंकों की दो हजार से ज्यादा शाखाओं पर ताला लग चुका है. रिजर्व बैंक ने आरटीआई के तहत ये जानकारी दी है. केंद्रीय बैंक ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में 10 सरकारी बैंकों की कुल 2,118 बैंकिंग शाखाएं या तो हमेशा के लिए बंद कर दी गईं या इन्हें दूसरी बैंक शाखाओं में मिला दिया गया है. नीमच के RTI कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौड़ ने रविवार को ये जानकारी सार्वजनिक की. आरबीआई ने उन्हें सूचना के अधिकार के तहत ये जानकारी दी है.
इसके मुताबिक वित्त वर्ष 2020-21 में शाखा बंदी या विलय की प्रक्रिया से बैंक ऑफ बड़ौदा की सर्वाधिक 1283 शाखाओं का अस्तित्व खत्म हो गया. इस तरह से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की 332, पंजाब नेशनल बैंक की 169, यूनियन बैंक की 124, केनरा बैंक की 107, इंडियन ओवरसीज बैंक की 53, सेंट्रल बैंक की 43, इंडियन बैंक की पांच और बैंक ऑफ महाराष्ट्र एवं पंजाब एंड सिंध बैंक की एक-एक शाखा बंद हुई.
हालांकि यह साफ नहीं किया गया है कि इस अवधि के दौरान इन बैंकों की कितनी शाखाएं हमेशा के लिए बंद कर दी गईं और कितनी शाखाओं को दूसरी शाखाओं में मिला दिया गया. रिजर्व बैंक ने खुलासा किया कि 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2020-21 में बैंक ऑफ इंडिया और यूको बैंक की कोई भी शाखा बंद नहीं हुई.आरटीआई के तहत दिए गए जवाब में इन 10 सरकारी बैंकों की शाखाओं के बंद होने या विलय का कोई कारण नहीं बताया गया है. लेकिन सरकारी बैंकों के विलय की योजना के एक अप्रैल 2020 से लागू होने के बाद सरकार ने यह तय किया था कि शाखाओं की संख्या तर्कसंगत बनाया जाए. जहां कई बैंकों की एक साथ शाखाएं हो, उन्हें कम किया जाए.
सरकार ने पिछले वित्त वर्ष में 10 सरकारी बैंकों को मिलाकर इन्हें चार बड़े बैंकों में तब्दील कर दिया था. इसके बाद अब सरकारी बैंकों की तादाद घटकर 12 रह गई है. विलय के तहत एक अप्रैल 2020 से ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया को पंजाब नेशनल बैंक में, सिंडिकेट बैंक को केनरा बैंक में, आंध्रा बैंक व कॉरपोरेशन बैंक को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में और इलाहाबाद बैंक को इंडियन बैंक में मिला दिया गया था.
वहीं अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) के महासचिव सीएच वेंकटचलम ने कहा कि सरकारी बैंकों की शाखाएं घटना भारत के बैंकिग उद्योग के साथ ही घरेलू अर्थव्यवस्था के हित में भी नहीं है. बड़ी आबादी के मद्देनजर देश को बैंक शाखाओं के विस्तार की जरूरत है. वेंकटचलम ने कहा कि सरकारी बैंकों की शाखाएं घटने से बैंकिंग उद्योग में नई नौकरियों में भी लगातार कटौती हो रही है. पिछले तीन साल में सरकारी बैंकों में नई भर्तियों में भारी कमी आई है.
अर्थशास्त्री जयंतीलाल भंडारी सरकारी बैंकों के विलय के सरकारी कदम को सही ठहराते हैं. भंडारी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए हमें छोटे आकार के कमजोर सरकारी बैंकों के बजाय बड़े आकार के मजबूत सरकारी बैंकों की जरूरत है.

खेल /शौर्यपथ /आईपीएल 2021 के स्थगित होने के बाद मुंबई इंडियंस से जुड़े सभी विदेशी खिलाड़ी अपनी-अपनी डेस्टिनेशन पर पहुंच गए हैं। मुंबई इंडियंस ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मुंबई टीम के अधिकतर खिलाड़ी सीधे घर लौट गए हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी मालदीप रुके हुए हैं। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और श्रीलंका के मुख्य कोच महेला जयवर्धने मालदीव के रास्ते जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया ने भारत से यात्रा पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसी वजह से उन्हें चार्टर विमान से मालदीप भेजा गया।
पांच बार की आईपीएल चैम्पियन मुंबई ने ट्वीट करके अपने विदेशी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षित डेस्टिनेशन पर पहुंचने की जानकारी दी। फ्रेंचाइजी ने ट्वीट कर लिखा कि एमआई पलटन के सभी विदेशी सदस्य अपने गंतव्यों तक सुरक्षित पहुंच गए हैं। सुनिश्चित करें कि आप सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें। घर पर रहें। सुरक्षित रहें। मुंबई टीम में दो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी क्रिस लिन और नाथन कूल्टर नाइल हैं। न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी चार्टर्ड उड़ानों से आकलैंड, जोहानिसबर्ग और त्रिनिदाद पहुंचे।
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन आईपीएल 2021 में कुछ खास नहीं रहा था और टीम संघर्ष करती हुई नजर आ रही थी। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में कीरोन पोलार्ड की तूफानी 87 रनों की पारी की बदौलत मुंबई ने आईपीएल के इतिहास में पहली बार 200 से ज्यादा के लक्ष्य को चेज करते हुए सीएसके को धूल चटाई थी।

मनोरंजन /शौर्यपथ /अपकमिंग फिल्म 'राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई' में सलमान खान के साथ ही दिशा पाटनी, रणदीप हुड्डा और जैकी श्रॉफ अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी के भाई का किरदार निभाते नजर आएंगे। ऐसे में जैकी श्रॉफ ने रिवील किया है कि दिशा सेट पर उनको कैसे बुलाती थीं।
जैकी को क्या बुलाती हैं दिशा
ई-टाइम्स से बातचीत के दौरान जैकी श्रॉफ से पूछा गया कि दिशा पाटनी उनको राधे के सेट पर कैसे बुलाती थीं। इस पर जैकी ने जवाब दिया, 'सर, जैकी अंकल, या कुछ भी... जैसी सिचुएशन हो।' जैकी ने आगे कहा, 'वैसे अधिकतर कोई भी नाम से नहीं बुलाता है। जैसे अगर दो लोग साथ हैं तो वो एक दूसरे का नाम लेकर बात नहीं करते हैं, कुछ अलग संबोधन की जरूरत नहीं होती।'
अंकल बहुत अलग सा लगता है
जैकी ने बातचीत में आगे कहा, 'जितना मुझे याद है, कभी वो (दिशा) मुझे सर बुलाती थीं। अंकल बहुत अलग सा लगता है। मैं आपके बाप का भाई कैसे हो सकता? दोनों के परिवार अलग हैं।' याद दिला दें कि मुंबई मिरर से बातचीत में जैकी ने एक बार कहा था कि टाइगर की पहली फीमेल फ्रेंड 25 साल की उम्र में बनी थी।
रिलेशन में हैं दिशा और टाइगर?
गौरतलब है कि दिशा पाटनी और टाइगर श्रॉफ के रिलेशनशिप को लेकर खबरों का बाजार गर्म रहता है। दिशा और टाइगर के बारे में जैकी ने एक बार कहा था, 'दोनों डांस और फिटनेस को लेकर काफी पैशनेट हैं। वो एक आर्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक रखती हैं, ऐसे में वो डिसिप्लिन का महत्व समझती हैं। कोई नहीं जानता कि दोनों बाद में शादी करेंगे या फिर सिर्फ दोस्त रहेंगे।'
13 मई को रिलीज होगी राधे
गौरतलब है कि 'राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई' को सलमान खान फिल्म्स ने जी स्टूडियो के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है। सलमा खान, सोहेल खान और रील लाइफ प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित, यह फिल्म इस साल ईद के मौके पर 13 मई को रिलीज होगी। फिल्मों को ज़ी5 पर 'पे-पर-व्यू' सर्विस ज़ी प्लेक्स पर देखा जा सकता है। जीप्लेक्स डीटीएच प्लेटफॉर्म जैसे डिश, डी2एच, टाटा स्काई और एयरटेल डिजिटल टीवी पर भी उपलब्ध है।

राजनांदगांव / शौर्यपथ / अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने राजनांदगांव शहर में 18 से 44 वर्ष आयु वाले टीकाकरण केन्द्रों का निरीक्षण किया। केन्द्र में 18 से 44 वर्ष आयु वाले अंत्योदय, बीपीएल, एपीएल सभी कार्डधारी हितग्राहियों का टीकाकरण किया जा रह है। अपर कलेक्टर मारकण्डेय ने कहा कि वैक्सीनेशन से कोरोना संक्रमण को रोका जा सकता है। सभी को वैक्सीन लगाना चाहिए और अन्य लोगों को प्रेरित करें। उन्होंने केन्द्र में पेयजल के साथ अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वैक्सीन लगाने आए हितग्राहियों को वैक्सीन लगाने के बाद भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने कहा। शहर में अंत्योदय कार्डधारियों के लिए बसंतपुर हॉस्पिटल, बीपीएल कार्डधारियों के लिए पुत्री शाला जमातपारा, शंकरपुर हाई स्कूल तथा एपीएल कार्डधारियों के लिए पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल गौरव पथ और मेडिकल कॉलेज पेेण्ड्री में टीकाकरण किया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद श्री कुलबीर छाबड़ा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी उपस्थित थे।

सीआरसी में वेबीनार संपन्न
राजनांदगांव / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ राज्य के राजनांदगाव जिले में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय बौद्धिक दिव्यांग सशक्तिकरण संस्थान सिकंदराबाद के अधीन संचालित समेकित क्षेत्रीय केंद्र राजनांदगाव द्वारा कोविड नियमों के तहत 7 मई 2021 को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक एक दिवसीय वेबिनार न्यूरोमोरर और दृश्य स्क्रीनिंग विषय पर नवजात शिशु में दिव्यांगता सम्बंधित समस्या एवं शिशु के ऑंखों में होने वाली समस्या की शीघ्र पहचान तथा निदान के संबंध में वेबीनार कार्यक्रम का ऑनलाइन आयोजन किया गया। वेबीनार में सीआरसी कर्मचारी तथा विभिन्न राज्यों से 80 प्रतिभागी शामिल हुए।
इस वेबीनार कार्यक्रम का शुभारंभ सीआरसी के निर्देशक कुमार राजू द्वारा किया गया तथा इस वेबिनार कार्यक्रम में विभागीय प्रोफेशनल ऑकुपेशनल थेरेपी विभाग के अध्यापक श्री देबासिस रावत और ऑप्टोमेट्रिस्ट अमित दास साहू के द्वारा नवज़ात शिशु में दिव्यांगता संबंधी समस्या एवं शिशु के ऑंखों में होने वाली समस्या की शीघ्र पहचान कर उसके शीघ्र निदान हेतु चर्चा की गई ताकि सभी प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्र में इस ज्ञान का उपयोग कर नवजात शिशु का सही आंकलन कर आने वाली दिव्यांगता की पहचान कर एवं शिशु के जीवन को प्रभाबित होने से बचा सकें। इसके साथ इस वेबिनार कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी राष्ट्रीय मानसिक पुनर्वास हेल्पलाइन नंबर किरण 10005990019 के बारे में भी बताया गया। इस दौरान देबाशीष रॉउत ने मानसिक स्वास्थ्य संबधित समस्या तथा किरण हेल्पलाइन द्वारा कैसे सहायता लिया जा सकता के संबंध में बताया। कार्यक्रम के अंत में समन्वयक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करने वालों से रिसाली निगम ने वसूला 5800 रूप्ये जुर्माना
रिसाली / शौर्यपथ / कोरोना की चपेट में आने के बाद भी कुछ लोग खुद की और दुसरों की जान को जोखिम में डाल रहे है। होम आइसोलेशन होने के बाद भी मुहल्ले में घूम रहे है। इस तरह की शिकायत मिलने पर राजस्व निरीक्षक अनिल मेश्राम की टीम मौहारी मरोदा पहुंची औरा कोरोना संक्रमित युवक को सख्त लहजे में घर पर रहने की अंतिम चेतावनी दी।
रिसाली निगम के अधिकारियों ने युवक के प्राइमरी कांटेक्ट में आए लोगों को जांच कराने की सलाह दी। दरअसल निगम के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि मौहारी मरोदा का युवक पॉजिटिव है और वह क्वारेंटाइन में रहने के बजाय घूम रहा है। अधिकारियों ने शिकायत पर मौहारी मरोदा पहुंची और युवक को ढूंढ कर उसे घर पर रहने की हिदायत दी।
टंकी मरोदा के दुकान को कराया बंद
रिसाली नगर पालिक निगम के अधिकारियों ने टंकी मरोदा में संचालित किराना दुकान को बंद कराया। दुकान के नजदीक ही कोरोना संक्रमित परिवार का निवास है। मुहल्ले वालों की आपत्ती के बाद निगम अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर दुकान बंद रखने के निर्देश दिए।
वसूला 5800 जुर्माना
लॉकडाउन में नागरिकों को सुविधा देने नियमों में सुधार किया गया है। केवल गली मुहल्ले में संचालित किराना दुकान व आटा चक्की को खोलने की अनुमति दी गई है। इसके बाद भी कुछ दुकान संचालक बाजार क्षेत्र में दुकान खोल रहे है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर निगम के अधिकारियों ने कुल 5800 अर्थदण्ड वसूल किया।

दुर्ग / शौर्यपथ / शहर विधायक अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल ने आज अंत्योदय, और बीपीएल हितग्राहियों के लिए प्रारंभ हुये पांच नये टीकाकरण केन्द्रों का बरसते पानी में जाकर केन्द्रों का निरीक्षण किये । विधायक, महापौर ने टीकाकरण केन्द्रों में हितग्राहियों से भी मुलाकात कर टीकाकरण की जानकारी लिये। उन्होनें टीकाकरण केन्द्रों में हितग्राहियों के लिए की गई वैक्सीनेशन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया । इस दौरान तहसीलदार श्रीमती पार्वती पटेल, पार्षद नरेन्द्र बंजारे, उपअभियंता सुश्री आसमा डहरिया एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे ।
मुख्यमंत्री ने लोगों को संक्रमण से पहले टीकाकरण प्रदेश में प्रारंभ करवाये-
भ्रमण के दौरान विधायक अरुण वोरा ने बताया कि कोरोना संक्रमण महामारी को रोकने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से सफल हुई है। मैं, धन्यवाद देना चाहता हूॅ माननीय मुख्यमंत्री जी को कि उन्होनें प्रदेश में संक्रमण बढ़ने के पहले लोगों को वैक्सीन का टीका लगाने का कार्य प्रारंभ किया । उन्होनें कहा हमारे सभी विधायकों ने इसमें पूरे प्रदेश के लिए विधायक निधि का 2 करोड़ रुपये दिये हैं ।
उन्होनें कहा दुर्ग में लगभग 23 टीकाकरण सेंटर चल रहा है। टीकाकरण को लेकर लोगों का उत्साह है वे स्वयं टीकाकरण पहुॅचकर अपना टीकाकरण के लिए पंजीयन करा रहे हैं। उन्होनें कहा इस संबंध में मैने स्वावस्थ्य मंत्री से चर्चा की है उन्होनें बीपीएल, एपीएल हितग्राहियों को समान रुप से कोरोना का टीका लगाये जाने के निर्देश दिये हैं। उन्होनें कहा प्रदेश में टीकाकरण करने केन्द्र सरकार द्वारा जो वैक्सीन देने में हीलहवाला कर रही है। जिसके कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश शासन द्वारा जैसे-जैसे वैक्सीन प्राप्त हो रही है लोगों को टीका लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता प्रदेश में संक्रमण रोकने में सफल हुआ-महापौर
महापौर धीरज बाकलीवाल बताया कि प्रदेश और जिले में माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की निरंतर सजगता और दूरदार्शिता ही है जो प्रदेश में कोरोना संक्रमण में काफी गिरावट आयी है। उनके मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम दुर्ग शहर वासियों का टीकाकरण की व्यवस्था करवाकर लोगों को लाभ पहुॅचाया जा रहा है। उन्होनें आम जनता से अपील कर कहा भीड़ न करेें धैर्य रखें, सभी को समान रुप से वैक्सीन लगाया जाएगा।
टीकाकरण केन्द्रों में व्यवस्था ठीक है-
विधायक वोरा एवं महापौर बाकलीवाल ने आज निरज उ0मा0शाल, गयानगर प्राथ0शाला, सरदार पटेल प्राथ0 शाला, यादव छात्रावास पचरीपारा और शास0प्राथ0शाला कसारीडीह पांचों नये टीकाकरण केन्दों का निरीक्षण बारिश के दौरान ही किये । नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा की गई सभी व्यवस्थाएॅ मिली । अन्य आवश्यकता सुविधाओं की व्यवस्थाओं का करने की आवश्यकता है। उन्होनें अधिकारियों को हितग्राहियों के सुविधा का ध्यान रखने निर्देश दिये।

रायपुर / शौर्यपथ / प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के सदस्य एवं राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने केंद्रीय शासन द्वारा रासायनिक खाद की बढ़ोतरी की निंदा करते हुए कहा कि कोरोना संकट के समय जीवन मृत्यु से जूझ रहे किसानों के लिए रासायनिक खाद के दामो में बढ़ोतरी सरकार द्वारा किया गया एक और अन्याय है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने खाद के दाम में भारी बढ़ोतरी की है। डी ए पी, एन पी के, एम ओ पी के दाम बढ़ाये गए हैं जिसके परिणाम स्वरूप 1150 की डी ए पी अब 1900 रुपये बोरी मिलेगी वहीं 1285 की एन पी के 1747 में और 850 का एम ओ पी 1000 में मिलेगा इस तरह सरकार ने एकमुश्त 58 प्रतिशत की वृद्धि कर अपने किसान विरोधी और कम्पनी परस्त नीतियों का खुला प्रदर्शन किया है।
मनमाने ढंग से कृषि नीतियों में बदलाव काले कृषि कानून के चलते पांच माह से चल रहे आन्दोलन पर यह जख्मो में नमक छिड़कने जैसा है। हम मांग करते है कि सरकार रासायनिक खाद के दामो में की गई बढ़ोतरी को वापस ले।
सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि एक तरफ तो केंद्र की भाजपा नित सरकार ने स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने का भरोसा दिया था, किसानों की आमदनी दुगुनी करने की बात थी पर सरकार निरंतर किसान और किसानी विरोधी फैसले ले रही है। इस संकट की घड़ी में तो यह अस्वीकार्य, अशोभनीय तथा निंदनीय है। सरकार पुनर्विचार कर वापस ले।

18 से 45 वर्ष के लोगो के कोरोना वैक्सिनेशन केंद्र का कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने किया निरीक्षण ,उपलब्ध वैक्सीन के आधार पर अंत्योदय, बीपीएल एवं एपीएल श्रेणी के हितग्राहियों का समान अनुपात में वैक्सिनेशन करने कहा

     दुर्ग / शौर्यपथ / जिले में आज से एपीएल एवं बीपीएल हितग्राहियों के वैक्सिनेशन का कार्य आरम्भ हुआ। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने जिले में 18 वर्ष से 45 वर्ष के लोगो को कोरोना से बचाव के लिए लगाए जा रहे वैक्सिनेशन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने भिलाई नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वैक्सिनेशन केंद्र कोसा नगर पहुँचकर यहाँ हितग्राहियों को किये जा रहे टीकाकरण की व्यवस्था देखी। केंद्र को उपलब्ध कराए गए वैक्सीन के आधार पर लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी ली। उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि युवाओं में टीकाकरण को लेकर काफी उत्साह है। युवा वर्ग टीकाकरण केंद्र पहुँचकर टीका लगवा रहे हैं।
कलेक्टर ने टीकाकरण केंद्र प्रभारी से कहा कि जो भी हितग्राही केंद्र में टीका लगाने आये, उसे टिका लगाने के साथ ही उसका मनोबल भी बढ़ाये। इससे वे टीके से होने वाले फ़ायदों को लेकर आश्वस्त हों। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए उपलब्ध कराए गए वैक्सीन की उपलब्धता के आधार पर अंत्योदय परिवार के हितग्राही एपीएल व बीपीएल परिवार के हितग्राहियों को समान अनुपात में टीकाकरण किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि आने वाले समय मे हितग्राहियों की सँख्या के    आधार पर टीकाकरण केंद्र की सँख्या बढ़ाई जाएगी। जिससे हितग्राही आसानी से इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इस अवसर पर भिलाई निगम आयुक्त श्री ऋतुराज रघुवंशी भी उपस्थित थे।
           युवाओं ने जताई खुशी- टीकाकरण केंद्र में टीका लगाने आई आकांक्षा सिंह ने बताया कि वे इंजीनियरिंग में आठवें सेमेस्टर की विद्यार्थी हैं। कोविड का पहला टीका लग जाने से वे काफी संतुष्ट है। इस बारे में बार-बार सुनने मिलता था कि कोविड का टीका इसके प्रति प्रतिरोध बढ़ाने के लिए काफी उपयोगी होता है। आज यहां आकर टीका लगवा लिया। काफी अच्छा लग रहा है। वही केंद्र में आए 30 वर्षीय युवक चंदन शर्मा ने बताया कि कोविड से लडऩे का स्थाई उपाय टीका लगाना ही है। टीका जितने जल्दी लगा लेंगे, उतना ही लाभ हमें मिल सकेगा आज टीके का पहला डोज लगवा लिया, मुझे पता ही नहीं चला, कब टीका मुझे स्टाफ नर्स ने लगा दिया। सभी को टीका जरूर लगाना चाहिए। केंद्र में आईं 35 वर्षीय सुमन यादव ने बताया कि इस बार कोविड से युवाओं की भी जान गई है। अपनी सुरक्षा के लिए टीके लगवाना जरूरी है।

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)