August 06, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    शौर्यपथ

    शौर्यपथ

    दुर्ग / शौर्यपथ / कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए जनजागरुकता अभियान के साथ- साथ शहर के दुर्गा पंडालो की साफ-सफाई और नियमित रुप से वार्डो में सेनेटाइज का कार्य किया जा रहा है। दुर्गा पंडाल और मंदिरो में श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पूजा स्थल पर माता के दर्शन के दौरान सोशल डिस्टेसिंग का पालन के अलावा मास्क व सेनेटाइजेशन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विधायक अरुण वोरा ने शहर के सभी दुर्गा पंडालो में सुरक्षा किट वितरण का कार्य प्रारंभ करवाने महापौर धीरज बाकलीवाल से की। जिसके तहत् महापौर बाकलीवाल ने फेस शील्ड के साथ मास्क, सेनेटाइजर व साबुन एवं काढ़ायुक्त सुरक्षा कीट चण्डी मंदिर, शीतला मंदिर, सतरुपा शीतला मंदिर, कंकालीन मंदिर, गंजपारा, शक्तिचौरा, सदर बाजार, महाराजा चौक, गवलीपारा में बाटा। साथ ही निगम के सफाई कर्मचारी जिन्होने 8 माह से कोरोना के विरुद्ध जंग लडऩे वाले कोरोना यौद्धा को भी प्रत्येक वार्डो में पहुंचकर सुरक्षा किट प्रदान किया गया।
    महापौर धीरज बाकलीवाल ने सभी धर्मिक स्थल और दर्शनार्थियों से अपील की है कि दर्शन के दौरान सावधानी बरते जिसमें एक दूसरे से निर्धारित दूरी बनाकर खड़े होने एवं निगम के कर्मचारी प्रतिदिन सभी दुर्गा पंडालो में सोडियम हाइपो क्लोराइड के घोल का छिड़काव करें एवं शहर में लगे पेड़ो पर क्रीमीयुक्त कीड़े का प्रक्रोप बढ़ रहा है इसके लिए कलेक्टर एवं कृषि विभाग से चर्चा की गई है। जल्द निराकरण किया जाएगा। पंडालो एवं निगम कामगारों को सुरक्षा कीट वितरण के दौरान नगर निगम सभापति राजेश यादव, एमआईसी सदस्य दीपक साहू, नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा सहित एमआईसी सदस्य व पार्षद गण एवं निगम स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता उपस्थित थे।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में त्यौहार सीजन में कोरोना से सुरक्षा के संबंध तथा विभागीय कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जिले में कोरोना केस की संख्या में कमी आई है, फिर भी अलर्ट रहने की जरूरत है। त्यौहार में भीड़ इकट्ठा होने की संभावना ज्यादा रहती है। इस कारण इस पर ध्यान रखना जरूरी है, सभी अधिकारी लगातार फिल्ड में जाकर निरीक्षण करें। सभी जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन व मास्क लगाना अनिवार्य रूप से पालन हो, यह सुनिश्चित किया जाए। सामान बेचने वाले और लेने वाले दोनों को मास्क लगाना अनिवार्य है। कोरोना के प्रोटोकाल का पालन नहीं करने वालों पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि दशहरा में कई गांवों में पुतला दहन किया जाता है, सभी आयोजक कार्यक्रम का आयोजन प्रोटोकॉल के अनुरूप करें। इसके लिए सभी एसडीएम को आयोजकों की बैठक लेकर दिशा-निर्देशों की जानकारी देने कहा है।
    कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन गौठानों में वर्मी टांका बनाए गए हैं। सिर्फ उन्हीं गौठानों में गोबर खरीदी की जाए। जिन गौठानों में वर्मी टांका की संख्या कम हो वहां नए टांके बनाए जाए। वर्मी टांके का निर्माण निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप होना चाहिए। सभी गौठानों के वर्मी टांके में एकरूपता होनी चाहिए। उन्होंंने वर्मी कम्पोस्ट के निर्माण में धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताई और कहा कि इसके निर्माण में लापरवाही करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी गौठानों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, वे लगातार गौठानों का निरीक्षण करें। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट के सैंपल की जांच कराने के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए। उन्होंने धान खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने दूसरे चरण में चबूतरे निर्माण के लिए स्वीकृत हुए कार्य को जल्द ही प्रारंभ करने तथा धान खरीदी के पहले ही पूरा करने कहा। जिन हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टे मिले है, उन्हें मनरेगा के तहत 200 दिन रोजगार दिया जाना है। जिसके लिए अधिक से अधिक लोगों को मनरेगा में रोजगार उपलब्ध कराने कहा गया। उन्होंने आकांक्षी जिला की स्थिति पर समीक्षा करते हुए कहा कि इसके अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों में गति लाए। कलेक्टर श्री वर्मा ने धान खरीदी की तैयारियां पहले से ही करने के निर्देश दिए है।
    उन्होंने कहा कि सभी धान उपार्जन केन्द्रों में पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता रहे। सभी एसडीएम धान खरीदी में आने वाली दिक्कतों को पहले ही सुधार लिया जाए। उन्होंने वन धन केन्द्र निर्माण की जानकारी लेते हुए कहा कि अधूरे निर्माण कार्य को जल्द ही पूरा करें, ताकि जल्द ही केन्द्र में मशीन लगाकर उत्पादन प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत इन क्षेत्रों में अच्छा कार्य होना चाहिए। कलेक्टर ने राजस्व के कार्यों में गति लाने कहा है। सभी एसडीएम लगातर पटवारियों के कार्यों का मानिटरिंग करते रहे। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि समय-सीमा में इन प्रकरणों का निराकरण करें।
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार हर बुधवार और गुरूवार को सभी जगह सघन सर्वे किया जाएगा। जिसमें मितानिन आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य विभागों की टीम शामिल रहेंगे। इसमें कोरोना के लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर उनका जांच किया जाएगा। डॉ. चौधरी ने कहा कि जितनी जल्दी कोरोना संक्रमित व्यक्ति की पहचान होगी उतनी ही जल्दी उनको आइसोलेट कर दवाईयां उपलब्ध कराई जाएगी। जिससे संक्रमण फैलने से रोका जा सकता है। इससे मृत्यु दर में कमी भी आएगी। उन्होंने कहा कि त्यौहारों में सभी को सतर्क रहना है, भीड़ वाले इलाके में जाने से बचना चाहिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तनुजा सलाम, नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। विडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए विकासखंड अधिकारी जुड़े रहे।

    दुर्ग / शौर्यपथ / दुर्ग नगर निगम के मेयर इन कौंसिल की बैठक में एक बड़ा निर्णय लिया गया निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोविड - १९ आपदा में कार्य करने वाले निगम कर्मचारियों को १५ प्रतिशत बोनस प्राप्त होगा . दुर्ग निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल ने बताया कि विधायक अरुण वोरा के मंशा के अनुरुप नगर पालिक निगम दुर्ग में कोविड-19 के तहत् कार्य करने वाले निगम कर्मचारियों को 15 प्रातिशत बोनस प्राप्त होगा । महापौर एवं अध्यक्ष मेयर इन काउंसिल धीरज बाकलीवाल की अध्यक्षता में आयोजित मेयर इन काउंसिल की बैठक में महापौर द्वारा यह निर्णय लिया गया । बैठक में आयुक्त इंद्रजीत बर्मन, सभापति राजेश यादव, समस्त एमआईसी प्रभारीगण, निगम अधिकारीगण उपस्थित थे ।
    महापौर कक्ष में अपरान्ह 3.00 बजे प्रारंभ मेयरइन काउंसिल की बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 10 प्रस्ताव लाया गया था । बैठक में निगम सीमा क्षेत्र के प्राइवेट कालोनियों में भी अमृत मिशन योजना के तहत् पेयजल की आपूर्ति पर विचार विमर्श किया गया । एैसे कालोनियों में आंतरिक विकास कार्य शासन के दिशा निर्देशों के तहत् सर्शत शुल्क के साथ कार्य कराये जाने का निर्णय लिया गया । बैठक में मोती काम्पलेक्स के पीछे रिक्त भूमि महात्मागांधी स्कूल एरिया में विस्तार करने के प्रस्ताव पर मेयरइन काउंसिल ने स्वीकृति प्रदान करते उससे होने वाली आय से स्कूल प्रबंधन में खर्च करने का निर्णय निर्णय लिया गया। इसी प्रकार से वर्ष 2019-20 में राष्ट्रीय एवं अन्य कार्यक्रम में मे0 साजन डेकोरेशन द्वारा किये कार्य पर व्यय राशि की कार्योत्तर प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान किया गया ।
    बैठक में नया बस स्टैण्ड स्थित बुकिंग कार्यालय के समीप दुकान को दिये जाने के संबंध में आफसेट मुल्य व स्थल परीक्षण के बाद स्वीकृति का निर्णय लिया गया । बैठक में न्यू मोती काम्पलेक्स विस्तार दुकान क्रं0 01 एवं 02 के सामने स्थित भूतल में बरामदा हेतु समिति द्वारा परीक्षण व निरीक्षण के बाद निर्णय लेने का प्रस्ताव पारित किया गया । बैठक में दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजिवीका मिशन अंतर्गत वार्ड क्रं0 29 जिला चिकित्सालय परिसर में निर्मित शहरी बेघरों के लिए आश्रय स्थल जिसे वर्ष 2020-21 में संचालन हेतु सशर्त पुनः निविदा बुलाने निर्णय लिया गया।
    बैठक में नगर पालिक निगम दुर्ग में 20 वर्ष पुराना अग्निशमन वाहन जिसका बाॅडी, टाॅयर, ड्यूब एवं इंजिन खराब हो चुका है उसे मल्टीयूज हेतु जैसे पेड़ पौधों में पानी देने, फागिंग मशीन का कार्य, जेटिंग मशीन का कार्य, सेनेटाईजिंग कार्य, एवं अन्य व्यवस्था पर उक्त वाहन का उपयोग किया जा सके उसके पुनःनिर्माण पर 10 लाख रु0 व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई । उक्त राशि शासन से मांग किये जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
    बैठक में श्री हरिशंकर बुंदेले वायरमेन के सेवानिवृत्त होने के बाद इनके कार्य की आवश्यकता को देखते हुये संविदा में रखे जाने की अनुशंसा की गई थी जिसे सर्वसम्मति से निरस्त कर दिया गया, तथा निगम के 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट एवं इंटेकवेल में 12 माह के लिए मानव संसाधन प्रदाय कार्य हेतु पुनः निविदा बुलाने एवं निविदा होते तक पूर्व की भांति ही कार्यो को संबंधित एजेंसी से संचालित कर कर्मचारियों को भुगतान करते रहने का निर्णय पारित किया गया। बैठक में एमआईसी प्रभारी दीपक साहू, अब्दुल गनी, ऋषभ जैन, संजय कोहले, मनदीप सिंह भाटिया, भोला महोबिया, शंकर सिंह ठाकुर, श्रीमती जयश्री जोशी, सुश्री जमुना साहू, श्रीमती सत्यवती वर्मा, हमीद खोखर, अनुप चंदानियाॅ निगम कार्यपालन अभियंता सुशील कुमार बाबर, राजेश पाण्डेय, सहा0 अभियंता जितेन्द्र समैया, जगदीश केशरवानी, ए0आर0 राहंगडाले, उपअभियंता भीमराव, आजिवीका मिशन के मुक्तेश कान्हा, मनीष, कर्मशाला अधीक्षक बीरेन्द्र ठाकुर, स्थापना लिपिक राजेन्द्र साहू, एवं अन्य उपस्थित थे ।

    चंडीगढ़ / शौर्यपथ / केंद्र के कृषि कानूनों को लेकर पंजाब-हरियाणा में विरोध प्रदर्शन के बीच मंगलवार को इस कानून के खिलाफ पंजाब विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया गया. प्रस्ताव पेश करने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा, "मैं इस्तीफा देने से नहीं डरता." मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "मुझे अपनी सरकार के बर्खास्त होने का डर नहीं है, लेकिन मैं किसानों को परेशान या बर्बाद नहीं होने दूंगा.”
    पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंहने केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों (Farm Laws) के खिलाफ मंगलवार को राज्य विधानसभा (Punjab Assembly) में एक प्रस्ताव पेश किया. नए कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए विशेष विधानसभा सत्र के दूसरे दिन सदन के नेता ने प्रस्ताव पेश किया. मुख्यमंत्री ने केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ तीन विधेयक भी पेश किए.

    मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह द्वारा पेश किए तीन विधेयक, किसान उत्पादन व्यापार एवं वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) विशेष प्रावधान एवं पंजाब संशोधन विधेयक 2020, आवश्यक वस्तु (विशेष प्रावधान और पंजाब संशोधन) विधेयक 2020 और किसान (सशक्तीकरण और संरक्षण) समझौता मूल्य आश्वासन एवं कृषि सेवा (विशेष प्रावधान और पंजाब संशोधन) विधेयक 2020 हैं.
    सिंह ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि राज्य का विषय है, लेकिन केन्द्र ने इसे नजरअंदाज कर दिया. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे काफी ताज्जुब है कि आखिर भारत सरकार करना क्या चाहती है.''
    कृषि उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्द्धन और सुविधा) विधेयक-2020, कृषक (सशक्तीरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन समझौता और कृषि सेवा पर करार विधेयक-2020 विधेयक हाल ही में संसद में पारित हुए थे. राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के इन्हें मंजूरी देने के बाद अब ये कानून बन चुके हैं. कृषि राज्यों पंजाब और हरियाणा में किसान केन्द्र के इन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.

    नई दिल्ली / शौर्यपथ / पणजी गोवा के उप-मुख्यमंत्री चंद्रकांत कवलेकर पर विपक्षी पार्टी ने एक सामाजिक कार्यकर्ताओं के वॉट्सऐप ग्रुप में अश्लील क्लिप भेजने का आरोप लगाया है, जिसके बाद कवलेकर ने पुलिस में यह कहते हुए शिकायत दर्ज कराई है कि उनका फोन हैक हो गया था. जानकारी है कि कथित रूप से उनके फोन से इस ग्रुप में रविवार की आधी रात के बाद मैसेज भेजा गया था.
    साइबर पुलिस में दी गई अपनी शिकायत में चंद्रकांत कवलेकर ने कहा है कि उनके फोन से इस वॉट्सऐप ग्रुप में जब यह क्लिप भेजी गई तो वो अपने फोन के 'आसपास भी नहीं थे और सो रहे थे.' उन्होंने कहा कि 'कुछ शरारती तत्वों ने' 'Villages of Goa' वॉट्सऐप ग्रुप में कुछ अश्लील सामग्री वाला एक वीडियो भेजा था. उन्होंने अपनी शिकायत में लिखा, 'वीडियो कुछ आपराधिक इरादों के साथ जानबूझकर मेरे नाम के साथ भेजा गया था.'
    उन्होंने इस ओर ध्यान दिलाया कि यह वीडियो उनके कई ग्रुप्स के बजाय बस इसी ग्रुप में भेजा गया था. उन्होंने कहा कि 'जिस वक्त मैसेज भेजा गया है, उस वक्त मैं अपने फोन के आसपास भी नहीं था और सो रहा था. मेरा नाम और लोगों की नजरों में मेरी छवि खराब करने के लिए हाल के वक्त में ऐसी बहुत सी कोशिशें की गई हैं.' उन्होंने शिकायत में कहा है कि 'मैं ऐसे शरारती तत्वों और बेईमान लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करता हूं, जिन्होंने आपराधिक इरादों से मेरे फोन को हैक/छेड़छाड़ की है और अश्लील सामग्री अपलोड की है.'
    बता दें कि विपक्षी पार्टियां भी उनके खिलाफ पुलिस में पहुंची हैं. गोवा कांग्रेस ने एक शिकायत लिखाई है और आरोप लगाया है कि कवलेकर ने सोमवार को 1.20 बजे वॉट्सऐप ग्रुप में अश्लील वीडियो भेजा था. वहीं गोवा फॉरवर्ड पार्टी की महिला विंग ने भी एक शिकायत लिखाई है.
    बता दें कि चंद्रकांत कवलेकर ने पिछले साल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन किया था. इसके बाद उन्हें डिप्टी सीएम सहित दो पदभार मिले थे, वहीं गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विजय सरदेसाई का नाम हटा दिया गया था.

    मुंबई / शौर्यपथ / महाराष्ट्र पुलिस के सामने हैरान करने वाला मामला सामने आया है. धोखाधड़ी के एक मामले की जांच करती हुई पुलिस एक महिला के हत्या के राज तक जा पहुंची. मामला मुंबई से सटे काशमीरा इलाके का है. पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले जिससे एक महिला की हत्या का राज खुल गया. खास बात यह है कि उस हत्या की कहीं कोई शिकायत भी दर्ज नही थी. मीरा भायंदर के डीसीपी विजयकांत सागर के मुताबिक 15 दिसंबर 2019 को दूसरे के क्रेडिट कार्ड से 15 लाख रुपये निकाले जाने की FIR दर्ज हुई थी.
    लंबी जांच के बाद आखिकरकार पुलिस मुख्य आरोपी आशीष उकानी को गिरफ्तार करने में सफल हो गई. लेकिन अपराध में शामिल उसकी सहयोगी निकिता दोषी नही मिल रही थी. आशीष भी उसके बारे में कोई जानकारी नही होने की बात कहता रहा. पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस दौरान आशीष सोशल मीडिया पर निकिता के चैट की जानकारी भी देता रहा. पुलिस का शक आशीष पर ही गहरा गया और फिर जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया. पुलिस को आशीष के पास से निकिता का मोबाइल भी मिला है जिससे वो निकिता के मौत के बाद भी चैट करता रहता था ताकि उसकी मौत पर पर्दा पड़ा रहे.
    आशीष ने पुलिस को बताया कि अपराध करने के बाद वो निकिता के साथ गुजरात में अपने गांव अलिंजा चला गया था. वहां एक दिन कुंए के पास दोनों ने शराब पी. पैसे को लेकर दोनों में तकरार हुई जिसके बाद उसने उसे कुएं में धकेल दिया. जिसमें डूबकर उसकी मौत हो गई. अब पुलिस के लिए उस शव की बरामदगी जरूरी थी. पुलिस आयुक्त सदानंद दाते ने गुजरात पुलिस से संपर्क कर शव की बरामदगी के लिए काशिमीरा पुलिस की एक टीम भेजी.
    एसीपी विलास सानप के मुताबिक आशीष निकिता को कुएं में धकेलने के बाद अपने घर चला गया था. वहां से वो अपने साथ रस्सी और नमक की बोरी लाया. रस्सी का एक सिरा अपनी कार में बांधा और दूसरा सिरा लेकर कुंए में उतर कर निकिता के शव को बांधा और फिर कार चलाकर शव कुएं से बाहर निकाला. उसके बाद शव को 3 फुट गड्ढे में गाड़ उस पर बोरी में लाया नमक डाल कर पाट दिया. इतना ही निशानी के तौर पर उसने वहां एक लकड़ी गाड़ी थी और हर महीने वहां जाकर देखता भी था. काशमीरा पुलिस ने गुजरात पुलिस की मदद से उस जगहं को खोदकर शव बरामद किया जो लगभग सड़ चुका था और टीम के एपीआई राजेन्द्र चन्दनकर ने स्थानीय पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज करवाया. अब आगे की जांच गुजरात पुलिस कर रही है.

    नई दिल्ली / शौर्यपथ / मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री इमरती देवी को "आइटम" कहने के मामले में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ चौतरफा घिरते नजर आ रहे हैं. कांग्रेस के अंदर ही इस अपमानजनक टिप्पणी की निंदा के स्वर उठने लगे हैं. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कमलनाथ की टिप्पणी से असहमति जताते हुए कहा कि जिस तरह की भाषा का उन्होंने इस्तेमाल किया है, वो मुझे पसंद नहीं है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के इस बयान पर बीजेपी पूरी तरह हमलावर हो गई है.
    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राहुल गांधी ने कमलनाथ की टिप्पणी को लेकर कहा, "कमलनाथ जी मेरी पार्टी से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन व्यक्तिगत रूप से, मुझे उस प्रकार की भाषा पसंद नहीं है, जिसका उन्होंने इस्तेमाल किया. मैं इस तरह की भाषा की सराहना नहीं करता, चाहे वह कोई भी हो. यह दुर्भाग्यपूर्ण है."
    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष कमलनाथ को बीजेपी सरकार के मंत्री पर की अपनी टिप्पणी को लेकर सोमवार को सफाई भी दी. कमलनाथ ने इमरती देवी पर दिए गए अपने बयान से उठ रहे सवाल के जवाब में कहा है कि वे उनका नाम भूल गए थे, वे किसी का अपमान नहीं करते.
    कमलनाथ की इमारती देवी पर की गई टिप्पणी को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को दो घंटे का मौत व्रत भी रखा. यही नहीं. इस संबंध में उन्होंने कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी खत लिखा है. शिवराज सिंह चौहान ने सोनिया गांधी से कमलनाथ को सभी पदों से हटाते हुए कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी.

    इंदौर / शौर्यपथ / मध्य प्रदेश में इन दिनों बयानों पर बवाल हो रहा है. बिगड़े बोल लगातार जारी है. इसी कड़ी में एक विवादित बयान शिवराज सिंह चौहान सरकार की मंत्री उषा ठाकुर का आया है. उन्होंने देश में मदरसों को बंद करने की पैरवी की है. उषा ठाकुर ने कहा कि भोजन सबके लिए मिलना चाहिए पर यह जो संविधान की अलग परिभाषा करना.. बच्चे, बच्चे होते है, विद्यार्थी, विद्यार्थी होते है पर सबकी सामूहिक शिक्षा होना चाहिए. उन्‍होंने कहा कि धर्म आधारित शिक्षा कट्टरता पनपा रही है.
    मध्यप्रदेश की मंत्री का कहना है कि मदरसे विद्वेष का भाव फैला रहे हैं और सब बच्‍चों को सामूहिक शिक्षा दी जानी चाहिए. एक सवाल के जवाब में सुश्री ठाकुर ने कहा कि कौन सी संस्कृति पढ़ा रहे है बंधु. यदि आप इस देश के नागरिक है तो आप देखिये कि सारा कट्टरवाद सारे आतंकवादी मदरसों में पले-बढ़े है. जम्मू-कश्‍मीर को आतंकवादियों की फैक्‍टरी बनाकर रख दिया था. ऐसे मदरसे, जो राष्ट्रवाद से जो समाज की मुख्यधारा से नहीं जोड़ सकते उनको हमें समुचित शिक्षा के साथ जोड़कर समाज को सबकी प्रगति के लिए एक साथ जोड़कर आगे ले जाना चाहिए.
    उन्‍होंने कहा कि असम में मदरसे बंद करके दिखा दिया है कि राष्ट्रवाद में बाधा जो भी डालेगा, ऐसी सारी चीजें राष्ट्रहित में बंद की जाएंगी. उन्‍होंने कहा कि मदरसे की शासकीय सहायता बंद होना चाहिए. वक्फ बोर्ड अपने आप में खुद सक्षम समर्थ संस्था है. कोई निजी तौर पर अपनी निजी धार्मिक संस्कार देना चाहता है तो हमारा संविधान उसकी छूट देता है.

    नई दिल्ली / शौर्यपथ / पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर कोविड-19 ने बड़े बदलाव लाए हैं. ग्लोबल इकोनॉमी के पायदान पर ऊपर रहे देशों में भी बड़ा फर्क आया है. ऐसे में कांग्रेस नेता शशि थरूर ने एक अहम सवाल पूछा है- 'क्या IMF चीन में शिफ्ट होने वाला है?' कोविड-19 से ध्वस्त होने के बाद चीन अब ग्लोबल इकोनॉमिक रिकवरी में दुनिया में सबसे आगे चल रहा है, वहीं चीन 2020 में ऐसी अकेली अर्थव्यवस्था होगा, जिसमें वृद्धि होगी. कुछ रिपोर्ट्स ऐसी भी हैं कि चीन पहले ही अमेरिका को पछाड़कर दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है.
    उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) के उप-कानून कहते हैं कि उसका हेडक्वॉर्टर दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश में होगा. 75 सालों से वॉशिंगटन डीसी IMF का ऑफिस है. लेकिन कोविड-19 के बाद जिस तरह से अमेरिकी और चीनी अर्थव्यवस्थाएं दिख रही हैं, उसके हिसाब से, क्या IMF जल्द ही चीन में शिफ्ट होना वाला है?'
    उन्होंने अपने एक अन्य ट्वीट में लिखा, 'IMF ने खुद कहा है कि चीन अकेली बड़ी अर्थव्यवस्था होगा, जो इस साल विकास करेगा. इसने अनुमान जताया है कि चीन 2020 में 1.9 फीसदी की वृद्धि करेगा, वहीं अमेरिकी की अर्थव्यवस्था 4.3 फीसदी सिकुड़ेगी. अगले साल चीन की वृद्धि 8.4 तक रहेगी. वहीं. अमेरिका की 3.1 फीसदी. चैलेंजिंग.'
    शशि थरूर ने यह सवाल इसलिए पूछा है क्योंकि IMF के संस्थापक नियमों में ऐसा कहा गया है कि संगठन का कार्यालय दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश में होगा. IMF के आंकड़ों के मुताबिक, चीन की वृद्धि 2021 के 26.8 फीसदी से बढ़कर 2025 तक 27.7 फीसदी हो जाएगी.
    पिछले हफ्ते World Economic Outlook के ताजा अनुमान जारी किए गए हैं, जिसमें कहा गया है कि इस साल वर्ल्ड जीडीपी में 4.4 फीसदी की गिरावट आने का अनुमान है, जून में इसमें 4.9 फीसदी गिरावट देखी गई थी.
    हालांकि, अगर भारत की बात करें तो जीडीपी प्रति व्यक्ति आय के लिहाज से भारत बांग्लादेश से भी नीचे रहने वाला है. IMF की रिपोर्ट के अनुसार, भारत 10.3 फीसदी की गिरावट देख सकता है. बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत ऐसी गिरावट देखने वाला सबसे बड़ा देश होगा.
    हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश भारत 2021 में 8.8 फीसदी ग्रोथ के साथ वापस ऊपर आ सकता है. और सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था का अपना दर्जा वापस ले सकता है. भारत चीन के 8.2 फीसदी के अनुमान वाले ग्रोथ को भी पीछे छोड़ सकता है.

    जयपुर / शौर्यपथ /कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने मंगलवार को यहां दावा किया कि बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद परिवर्तन होगा और निश्चित रूप से कांग्रेस-आरजेडी की साझा सरकार बनेगी. पायलट ने संवाददाताओं से बातचीत करते कहा, ''बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कथित सुशासन की कलई पूरी तरह से खुल चुकी है. कोरोना काल में श्रमिकों को पूरी तरह उनके अपने हाल पर छोड़ दिया था और कोटा में जो बच्चे फंसे हुए थे, उनको लाने से मना कर दिया था. जिस सुशासन की बात वह करते हैं, उसका पूरी तरह खुलासा हो चुका है.ÓÓ
    पायलट ने कहा कि ''नीतीश कुमार कभी लालू के साथ, कभी भाजपा के साथ, कभी लोजपा के साथ... कुर्सी के लिए जोड़-तोड़ एक तरह से उनकी परिपाटी बन चुकी है.ÓÓ पायलट ने कहा, ''... भाजपा और नीतीश कुमार की पार्टी के लोग कुछ भी बोलें, लेकिन जो महागठबंधन बना है, कांग्रेस और राजद का जो चुनाव अभियान चल रहा है और युवाओं से जो जुड़ाव हो रहा है... बिहार में परिवर्तन होगा और मुझे लगता है कि कांग्रेस और राजद की साझा सरकार बिहार में निश्चित रूप से बनेगी.ÓÓ
    पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव प्रचार कार्यक्रम बनने के बाद वह मध्यप्रदेश के बाद बिहार में चुनाव प्रचार करेंगे.
    राजस्थान में छह नगर निगम चुनावों को लेकर पायलट ने कहा, ''जयपुर, जोधपुर, कोटा के छह नगर निगमों में पहली बार चुनाव हो रहे हैं... परिसीमन के बाद यह पहला चुनाव है.. उत्सुकता बहुत है, बहुत से लोगों को वार्डों की संख्या बढऩे से मौका मिला है.ÓÓ
    उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि अब तक की पार्टी की जो तैयारी रही और सरकार तथा संगठन ने मिलकर जो काम किया है, मुझे विश्वाास है कि छहों निगमों में कांग्रेस पार्टी के मेयर बनेंगे.ÓÓ निगम चुनाव में टिकटों को लेकर असंतोष के बारे में पायलट ने कहा कि पार्टी ने जिनको भी टिकट दिया है, वे सब संगठन के कार्यकर्ता हैं.ÓÓ
    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ चले गतिरोध के बाद आलाकमान द्वारा गठित उचित स्तरीय समिति के काम पर पायलट ने कहा, '' हम लोगों ने जब सब कुछ उच्च स्तरीय कमेटी के सदस्यों पर छोड़ रखा है तो वे अपने विवेक से काम करेंगे.. आप जानते है कि बीच में अहमद पटेल और अजय माकन अस्वस्थ हो गये थे और सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी विदेश चले गये थे. आज जो भी चर्चा उनको करनी है, वे कर रहे है.... मुझे पूरा विश्वास है, सब बातों का संज्ञान उनके जहन में है और कमेटी बहुत जल्द अपने निर्णय पर आएगी. सबको उसका इंतजार करना चाहिए.ÓÓ

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision