September 08, 2025
Hindi Hindi
Uncategorised

Uncategorised (34108)

अन्य ख़बर

अन्य ख़बर (5875)

धर्म संसार / शौर्यपथ / प्रभु यीशु के जन्म की ख़ुशी में मनाया जाने वाला क्रिसमस का त्योहार पूरी दुनिया में मनाया जाता है। यह त्योहार कई मायनों में बेहद खास है। क्रिसमस को बड़ा दिन, सेंट स्टीफेंस डे या फीस्ट ऑफ़ सेंट स्टीफेंस भी कहा जाता है। प्रभु यीशु ने दुनिया को प्यार और इंसानियत की शिक्षा दी। उन्होंने लोगों को प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। प्रभु यीशु को ईश्वर का इकलौता प्यारा पुत्र माना जाता है। इस त्योहार से कई रोचक तथ्य जुड़े हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
क्रिसमस ऐसा त्योहार है जिसे हर धर्म के लोग उत्साह से मनाते हैं। यह एकमात्र ऐसा त्योहार है जिस दिन लगभग पूरे विश्व में अवकाश रहता है। 25 दिसंबर को मनाया जाने वाला यह त्योहार आर्मीनियाई अपोस्टोलिक चर्च में 6 जनवरी को मनाया जाता है। कई देशों में क्रिसमस का अगला दिन 26 दिसंबर बॉक्सिंग डे के रूप मे मनाया जाता है। क्रिसमस पर सांता क्लॉज़ को लेकर मान्यता है कि चौथी शताब्दी में संत निकोलस जो तुर्की के मीरा नामक शहर के बिशप थे, वही सांता थे। वह गरीबों की हमेशा मदद करते थे उनको उपहार देते थे। क्रिसमस के तीन पारंपरिक रंग हैं हरा, लाल और सुनहरा। हरा रंग जीवन का प्रतीक है, जबकि लाल रंग ईसा मसीह के रक्त और सुनहरा रंग रोशनी का प्रतीक है। क्रिसमस की रात को जादुई रात कहा जाता है। माना जाता है कि इस रात सच्चे दिल वाले लोग जानवरों की बोली को समझ सकते हैं। क्रिसमस पर घर के आंगन में क्रिसमस ट्री लगाया जाता है। क्रिसमस ट्री को दक्षिण पूर्व दिशा में लगाना शुभ माना जाता है। फेंगशुई के मुताबिक ऐसा करने से घर में सुख समृद्धि आती है। पोलैंड में मकड़ी के जालों से क्रिसमस ट्री को सजाने की परंपरा है। मान्यता है कि मकड़ी ने सबसे पहले जीसस के लिए कंबल बुना था।

- कलेक्टर एवं एसपी ने निर्वाचन व्यय की मानिटरिंग करने के लिए ली बैठक
- आपस में समन्वय करते हुए कार्य करने के लिए दिए गए निर्देश
- पाटेकोहरा, बोरतलाव सहित अन्य चेक पोस्ट सक्रिय करने कहा गया
- अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट में अन्य राज्यों से आने वाले अवैध शराब एवं अन्य वस्तुओं पर जब्ती  की कार्रवाई बढ़ाने के लिए दिए गए निर्देश
- आबकारी विभाग को टीम बनाने के दिए निर्देश तथा सीमावर्ती चेक पोस्ट में ड्यूटी लगाने कहा

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डोमन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक  अभिषेक मीणा ने चिप्स रूम में आज विधानसभा निर्वाचन 2023 के मददेनजर निर्वाचन व्यय की मानिटरिंग करने के लिए सभी संबंधितों विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि जिले के बार्डर पर महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्यों से आने वाले अवैध शराब एवं अन्य वस्तुओं पर चेक पोस्ट में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने आबकारी विभाग को टीम बनाने के निर्देश दिए तथा सीमावर्ती चेक पोस्ट में ड्यूटी लगाने कहा। उन्होंने कहा कि सभी टीम आपस में समन्वय करते हुए कार्य करेंगे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट में अन्य राज्यों से आने वाले अवैध शराब एवं अन्य वस्तुओं पर जब्ती  की कार्रवाई बढ़ाने की जरूरत है। सभी अधिकारी इसके लिए आपस में समन्वय करते हुए कार्य करेगें। उन्होंने आबकारी, आयकर विभाग तथा जीएसटी के अधिकारियों से बात करते हुए निर्वाचन के संबंध में व्यय अनुवीक्षण के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि पाटेकोहरा, बोरतलाव सहित अन्य चेक पोस्ट सक्रिय रहें। इस दौरान विगत वर्षों में जिले में अवैध शराब, चरस, गांजा, हेरोईन, ब्राऊन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थों पर की गई कार्रवाई के संबंध में चर्चा करते हुए रणनीति तैयार की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 74 डोंगरगढ़ (अनुसूचित जाति), विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 75 राजनांदगांव, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 76 डोंगरगांव एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 77 खुज्जी है। जिले से सभी 4 विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 6 लाख 80 हजार 645 है। जिसमें से पुरूष मतदाताओं की संख्या 3 लाख 39 हजार 981, महिला मतदाताओं की संख्या 3 लाख 40 हजार 656 एवं अन्य मतदाताओं की संख्या 8 है। जिले में 840 मतदान केन्द्र है। जिसमें से 170 शहरी क्षेत्रों में तथा 670 ग्रामीण क्षेत्रों में है।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण के लिए बाघनदी बार्डर चेकपोस्ट, बोरतालाब, कल्लूबंजारी वनोपज नाका में स्थैतिक निगरानी दल की टीम रहेगी। अंतर्राज्यीय सीमाओं में जिनमें बोरतलाव, बाघनदी, झिंदजोब, पण्ड्रापानी, खामपुरा, बेंदारी, बुढ़ानछापर, गेरीघाट, मांगीखुटा, भकुर्रा, सीतागोटा, दमाबंजारी, बाघनदी, टीपनगढ़ जैसे मतदान केन्द्र स्थित हैं। इन क्षेत्रों में विशेष रूप से ध्यान देते हुए कार्य करने की जरूरत है। निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण के लिए जिला स्तर पर असिटटेंट एक्सपेंडिचर ऑब्र्जवर, उड़दस्ता, स्थैतिक निगरानी दल, वीडियो निगरानी दल, लेखा टीम, जिला कंट्रोल रूम, जिला एक्सपेंडिचर मानिटरिंग कमेटी, जिला स्तरीय मीडिया अनुवीक्षण एवं प्रमाणन समिति, जिला स्तरीय व्यय अनुवीक्षण सेल का गठन किया गया है।
   इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, वरिष्ठ कोषालय अधिकारी दिलीप कुमार सिंह, आबकारी अधिकारी, सहायक आयुक्त राज्य कर कविता ठाकुर, आयकर विभाग से सुजीत भट्टाचार्य, डीएसपी श्रीमती नेहा वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भूपेश सरकार में 40 लाख लोग गरीबी रेखा से बाहर हुये
रमन सरकार में प्रदेश के 40 प्रतिशत से अधिक आबादी गरीबी रेखा के नीचे थी

    रायपुर/ शौर्यपथ / प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं व्यक्ति विकास की दिशा में किये गये नीतिगत ठोस उपायों के बदौलत प्रदेश के 40 लाख लोग गरीबी रेखा से बाहर आये है। रमन सरकार के दौरान 40 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते थे। भूपेश सरकार बनने के बाद कृषि क्षेत्र लाभकारी हुआ है।
   प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 74 लाख राशन कार्ड बना है। 44 लाख परिवार बिजली बिल हाफ योजना का लाभ उठा रहे हैं। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना अंतर्गत 377 इंग्लिश मीडियम के तथा 349 हिंदी मीडियम के स्कूल आरंभ किये गये हैं। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि को सहेजने का भी बड़ा काम हुआ है। भांचा राम से जुड़े वन गमन स्थलों को परिपथ के रूप में विकास किया गया है। कौशल्या माता के मंदिर की चर्चा देश दुनिया में है। आदिवासी महोत्सव के माध्यम से अपनी विरासत को सहेजने संवारने का बड़ा काम किया है।
   प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के 80 प्रतिशत आबादी कृषि कार्यों से जुड़ी हुई है और सरकार ने किसानों के साथ भूमिहीनों को भी आर्थिक मदद की है। भूपेश सरकार की किसानों की कर्जमाफी, बिजली बिल हाफ योजना, किसानों को 5 लाख से अधिक स्थाई पंप कनेक्शन, 65 वनोपज की समर्थन मूल्य में खरीदी, तेंदूपत्ता का मानक दर 4000 रु. प्रति बोरा, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत धान उत्पादक किसानों को 9 हजार रु. एवं कोदो, कुटकी, रागी, गन्ना, दलहन, तिलहन, फलदार वृक्ष लगाने वाले किसानों को 10 हजार रु. प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि देने, 72 लाख परिवार को राशन कार्ड के माध्यम से चावल देना, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक, मुख्यमंत्री शहरी स्लम योजना, दाई दीदी क्लिनिक, मजबूत चिकित्सा व्यवस्था, 727 से अधिक स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सरकारी पदों पर भर्ती, चार लाख से अधिक वन अधिकार कानून के अंतर्गत पट्टा, वृद्धा पेंशन निराश्रित और विधवा पेंशन में वृद्धि, महिला स्व सहायता समूह की कर्ज माफी, मनरेगा के अंतर्गत 17 करोड़ से अधिक मानव दिवस में रोजगार देना, नरूवा गरुवा घुरुवा बारी योजना, मिलेट मिशन, गोधन न्याय योजना, दो रु. किलो में गोबर खरीदी, 4 रु. लीटर में गौ मूत्र, 10 हजार से अधिक गोठनों का निर्माण, मछली पालन, कुक्कुट पालन को कृषि का दर्जा देने हर क्षेत्र में ध्यान देना हर वर्ग को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने किये गए कार्यो के कारण ही छत्तीसगढ़ में 40 लाख लोग गरीबी रेखा से ऊपर आये है।
   प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पूर्व रमन सरकार के दौरान प्रदेश के लगभग 40 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने मजबूर थी उस दौरान किसानों की आत्महत्या की घटनाएं होती थी, युवा रोजगार के लिए तरसते थे, महिलाओं के हाथ में काम नहीं था, हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर थी, 20 लाख फर्जी राशन कार्ड बनाकर 36000 करोड रुपए का नान घोटाला किया गया था, युवाओं के रोजगार को आउटसोर्सिंग के माध्यम से बेचा गया था, 3000 से अधिक स्कूलों को बंद कर दिया गया था, 14 जिले नक्सल प्रभावित थे। आदिवासियों से 90 हजार एकड़ जमीन छीन ली गई थी। रमन सरकार में 41 हजार करोड़ का कर्जा चढ़ गया था।

  मुंगेली / शौर्यपथ / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल देव ने पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह के साथ नगर पंचायत सरगांव स्थित संत रविदास शासकीय महाविद्यालय में आयोजित स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय परिसर में छात्रों द्वारा मतदाता जागरूकता हेतु ‘‘एक वोट से होय फैसला, मतदान का यही हौसला’’ स्लोगन के साथ बनाए गए रंगोली का अवलोकन किया और सराहना की। साथ ही मतदान के संबंध में विचार व्यक्त करने वाले दो छात्रों को पेन व डायरी प्रदान कर सम्मानित किया।
         कलेक्टर ने 18 वर्ष पूर्ण कर चुके छात्रों को फॉर्म 06 भी प्रदान किया और भरकर नजदीकी मतदान केंद्र में जमा करने कहा। उन्होंने छात्र-छात्राओं को आगामी विधानसभा निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाते हुए कहा कि सशक्त लोकतंत्र में प्रत्येक की भागीदारी जरूरी है, मतदाता सूची में नाम जरूर जुड़वाएं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान सबसे जरूरी है। उन्होंने 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं को 31 अगस्त तक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाने की बात कही। इस अवसर पर उपसंचालक अचानकमार टाइगर रिजर्व विष्णुनायर, पथरिया एसडीएम श्री बी. आर. ठाकुर सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
ग्राम रोहराकला में मतदान केन्द्र क्रमांक 54 का किया निरीक्षण
        कलेक्टर ने ग्राम रोहराकला में मतदान केन्द्र क्रमांक 54 का भी निरीक्षण किया और अभिविहित अधिकारी तथा बीएलओ से मतदान केंद्रों व मतदाताओं की संख्या, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधित करने और विलोपित करने की प्रकिया की जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्राप्त नवीन फार्म का अवलोकन किया तथा ऑनलाइन एंट्री से मिलान कराया और आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने संबंधित अधिकारी गंभीरतापूर्वक कार्य करें। इसमें लापरवाही एवं कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नवीन मतदाताओं का नाम जोड़ने घर-घर जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए।

मुंगेली / शौर्यपथ / कलेक्टर राहुल देव ने पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के साथ आज विकासखण्ड मुख्यालय पथरिया पहुंचकर महाविद्यालय खेल मैदान में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वहां गिल्ली-डंडा में हाथ आजमाया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने 18 वर्ष आयु तक के रस्सीकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को पुरस्कार स्वरूप राशि भी प्रदान किया।
        इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने, प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने व उनमें खेलों के प्रति जागरूकता लाने एवं खेल भावना का विकास करने हेतु छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से ओलम्पिक खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। उन्होेंने खिलाड़ियों को अपने-अपने वर्ग के खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की बात कही। इस अवसर पर पथरिया एसडीएम बी. आर. ठाकुर सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
       खेल प्रभारी पथरिया अशोक यादव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 18 से 23 अगस्त तक पथरिया के महाविद्यालय स्थित खेल मैदान में 16 प्रकार के खेल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आज रस्सीकूद, 100 मीटर दौड़, बिल्लस और फुगड़ी खेल का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि विकासखण्ड स्तरीय में खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जिला स्तरीय खेल में शामिल होंगे। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 16 पारम्परिक खेलों गिल्ली-डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेंड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सीकूद और कुश्ती का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें क्लब स्तर तथा जोन स्तर पर समापन के पश्चात विकासखण्ड-नगरीय स्तर पर 23 अगस्त तक, जिला स्तर पर 27 अगस्त से 04 सितम्बर तक, संभाग स्तर पर 10 सितम्बर से 20 सितम्बर तक और राज्य स्तर पर 25 सितम्बर से 27 सितम्बर तक छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जाएगा।

    रायपुर / शौर्यपथ / पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा के मुख्य आतिथ्य में आज पुलिस मुख्यालय नवा-रायपुर में 02 दिवसीय गूगल और पेटीएम साईबर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पुलिस मुख्यालय और वित्तीय कारोबार संचालित करने वाली गूगल एवं पेटीएम के प्रशिक्षित अधिकारियों की टीम द्वारा सभी जिलों से आये साईबर नोडल पुलिस अधिकारी (अतिरिक्त/ उप पुलिस अधीक्षक स्तर) एवं जिला साईबर सेल के प्रभारी पुलिस अधिकारियों एवं रेंज स्तर से साईबर थाने में पदस्थ पुलिस अधिकारी/कर्मचारी को साईबर ठगी की रोकथाम और त्वरित कार्यवाही किये जाने हेतु पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जायेगा।
  पुलिस महानिदेशक जुनेजा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों से आये साईबर नोडल पुलिस अधिकारी एवं जिला साईबर सेल के प्रभारी पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि साईबर अपराध ठगी और ब्लेकमेलिंग जैसी अपराधों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों को और अधिक सर्तक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आईटी एक्ट के अलावा डॉटा प्रोटेक्शन एक्ट 2023 भी लागू हो गया है। इसमें साईबर ठगी के बढ़ते मामलों से निपटने और अपराधियों को पकड़ने तथा न्यायालय से दण्डित कराने के प्रावधान किये गये हैं, इन प्रावधानों से साईबर अपराधियों को दण्ड दिलाने में मदद मिलेगी।
    श्री जुनेजा ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि साईबर ठगी के मामलों में अपडेट जानकारी हार्ड एवं साफ्ट कॉपी दोनों उपलब्ध होनी चाहिए जिससे प्रार्थी या शिकायतकर्ता के शिकायत का समाधान यथाशीघ्र किया जा सके। उन्होंने साइबर अपराधियों द्वारा अन्य राज्यों में बैठकर किये जाने वालों अपराधों पर अंकुश एवं अपराधियों को पकड़ने के लिए अन्य राज्यों के पुलिस अधिकारियों से समन्वय बनाकर शीघ्रतापूर्वक कार्य करना चाहिए।

पुलिस मुख्यालय में 02 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
  इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि अपराधी को पकड़ना साक्ष्य एकत्रित करना एवं अपराधी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर उसे दण्ड दिलाना पुलिस के लिए बहुत बढ़ी चुनौती है, इसलिए पुलिस को आधुनिकतम रूप से प्रशिक्षित होना बहुत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि गूगल और पेटीएम जैसे वित्तीय कार्य संपादित करने वाली संस्थाओं के अधिकारियों द्वारा दिया जाने वाला प्रशिक्षण पुलिस अधिकारियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में गूगल और पेटीएम के प्रशिक्षित अधिकारियों की टीम द्वारा LERS (ला इन्फोर्समेंट रिक्वेस्ट सिस्टम) पोर्टल, फ्राड, इमरजेंसी रिक्वेस्ट, फ्राड ट्रेंड, बिजनेस, ट्रान्जेक्शन, मानिटरिंग संबंधी विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। अपरान्ह् में पेटीएम की टीम द्वारा ऑनलाईन बैंकिंग की कार्यप्रणाली एवं पेटीएम द्वारा साईबर क्राईम को रोकने की दिशा में उठाये गये कदम के बारे में विस्तार से बताया गया।
  कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक साईबर क्राईम श्री कवि गुप्ता ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसआरपी कल्लूरी, हिमांशु गुप्ता सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।

दुर्ग / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव साल के आखिरी महीनों में होने वाले हैं जिस की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और दावेदारों के आवेदन आने शुरू हो…

 रायपुर / शौर्यपथ / राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु और केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा एवं केन्द्रीय जनजातीय राज्य मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह से छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के 40 विद्यार्थी 22 अगस्त को मुलाकात करेंगे। एकलव्य विद्यालय छत्तीसगढ़ के 40 विद्यार्थी पहली बार वायुयान से रवाना होकर आज दिल्ली पहुंचे।
राष्ट्रपति, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री और केन्द्रीय जनजातीय राज्य मंत्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों से नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान जनजातीय विकास, जनजातीय गौरव दिवस, उनके शैक्षणिक विकास की प्रगति पर चर्चा कर उनके विचार जानेंगे।
एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थी पहली बार वायुयान से यात्रा करने के कारण बहुत ही उत्साहित हैं और वे खुद को बहुत ही सौभाग्यशाली समझ रहे हैं कि उनको हवाई यात्रा के साथ भारत के सर्वोच्च पदासीन राष्ट्रपति से मिलने का अवसर प्राप्त हो रहा है। बच्चों ने कहा कि यह हमारे जीवन का अविस्मरणीय दिन होगा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने वायुयान से पहली बार यात्रा कराने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति मंत्री मोहन मरकाम, विभाग के सचिव डी.डी. सिंह और आयुक्त श्रीमती शम्मी आबिदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों के मंगल के लिए की पूजा-अर्चना भी
गुढ़ियारी में मारूति मंगलम से आरंभ हुई दिव्य कांवड़ यात्रा, हटकेश्वर नाथ महादेव में जलाभिषेक करेंगे श्रद्धालु

  रायपुर / शौर्यपथ / श्रावण सोमवार पर आज पूरा प्रदेश शिव भक्ति के रंग में सराबोर रहा। राजधानी में भी शिवभक्ति की गूंज जगह-जगह सुनाई देती रही। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुढ़ियारी में मारुति मंगल में दिव्य कांवड़ यात्रा में हिस्सा लिया। पारंपरिक अनुष्ठान तथा पूजा पाठ करने के पश्चात मुख्यमंत्री शिव भक्तों के साथ बैठे। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ शिव जी के भजनों के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। इस मौके पर लोकसभा सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष प्रमोद दुबे भी मौजूद रहे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने अपने हाथों में  जलाभिषेक का जल लिया और कांवड़ को अपने हाथों में लिया। पूरा परिसर ऊँ नमः शिवाय के नारों से गूंजता रहा। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों को थाप देकर भजनगायकों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर कांवड़ यात्रियों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास शिव जी का महीना है। शिव जी को आशुतोष भी कहते हैं। शिव जी बहुत जल्दी प्रसन्न होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण सोमवार का दिन बहुत शुभ होता है। हम सब अपने आराध्य देवता को प्रसन्न करने जुटते हैं। लंबी कांवड़ यात्रा में जुटते हैं। प्रदेश में और देश भर में लोग दूर दूर से कांवड़ लेकर शिव जी पर जलाभिषेक करते हैं। यह अनुभव बहुत दिव्य होता है। आज गुढ़ियारी से जो कांवड़ यात्रा निकाली गई है वो दिव्य ही है इसलिए इसका नाम भी दिव्य कांवड़ यात्रा रखा गया है। मुख्यमंत्री ने दूर दूर से कांवड़ यात्रा में जुटे शिव भक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह शुभ दिन आप सभी के जीवन में मंगल लेकर आये।  आयोजकों ने बताया कि कांवड़ यात्रा का समापन महादेवघाट स्थित हटकेश्वर महादेव में जलाभिषेक कर किया जाएगा।

  रायपुर / शौर्यपथ / मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ रीजनल चैनल के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा छत्तीसगढ़ के लोगों की विशेषता है कि हम असहमति का भी सम्मान करते हैं। लोगों से मशविरा करते हैं और इसके बाद नीतियां तैयार करते हैं। जो अच्छी कार्यप्रणालियां हैं उन्हें यथावत रखते हैं, जिनमें कुछ त्रुटि है और सुधार की गुंजाइश है उन्हें ठीक करते हैं। हमारे भीतर यह सादगी इसलिए आई क्योंकि यह भूमि भगवान राम की ननिहाल है। यहां कबीर, गुरुघासीदास तथा विवेकानंद जैसे साधकों का असर है। यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एनडीटीवी के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ रीजनल चैनल के शुभारंभ के अवसर पर अपने संबोधन में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक सांस्कृतिक ईकाई है। यद्यपि राज्य का निर्माण वर्ष 2000 में हुआ लेकिन छत्तीसगढ़ राज्य को लेकर जो लोगों के सपने थे, वे पूरे नहीं हो पाए। छत्तीसगढ़ी संस्कृति को एक नये राज्य में फलने-फूलने का जैसा अवसर मिलना चाहिए था, वैसा नहीं मिल पाया। हम लोगों ने यह काम किया है। अपनी धरोहर को सहेजने का काम हमने शुरू किया है। भगवान राम हमारे भांजे हैं उनसे जुड़े हुए राम वन पथ गमन परिसर के विकास का कार्य हमने आरंभ किया। कौशल्या माता मंदिर के विस्तार का काम हमने आरंभ किया। अपनी सांस्कृतिक और अस्मिता को सहेजने का काम हमने किया है।
  मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ की जरूरतों के मुताबिक और यहां के परिवेश को समझते हुए नीतियां बनाई। मसलन जब स्वास्थ्य सेवा लोगों तक पहुंचाने की बात आई तो हमने हाट बाजारों को चुना। हाट बाजार लोगों की गतिविधियों के मुख्य केंद्र में होते हैं। यहां मोबाइल मेडिकल वैन भेजने से लाखों लोगों को लाभ हुआ। इंग्लिश मीडियम में शिक्षा समय की सबसे बड़ी माँग थी। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के अंतर्गत हमने ऐसे स्कूल आरंभ किये। इसके साथ ही इंग्लिश मीडियम कालेज आरंभ किये गये और भविष्य में भी जरूरत के मुताबिक इंग्लिश मीडियम कालेज आरंभ किये जाएंगे।
  मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले पांच सालों में छत्तीसगढ़ में 40 लाख लोग गरीबी के दायरे से बाहर आये हैं। ऐसा इसलिए संभव हो पाया क्योंकि हमारी न्याय योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा, इससे हर वर्ग के लोग लाभान्वित हुए और पूरी अर्थव्यवस्था को इससे संजीवनी मिली। हमारी योजनाओं से प्रदेश के हर वर्ग में खुशहाली आई है।

मुख्यमंत्री क्रेडाई द्वारा ‘बढ़ता हुआ छत्तीसगढ़’ थीम पर आयोजित स्टेटकॉन-2023 में हुए शामिल
लोगों के हाथ में लगातार पैसा जाने से छत्तीसगढ़ में हर सेक्टर में आया उछाल – मुख्यमंत्री बघेल

रायपुर / शौर्यपथ / रियल इस्टेट सेक्टर को मंदी से उबारने तथा लोगों के लिए घर एवं भूखंड की खरीदी को सुगम बनाने राज्य शासन द्वारा लिए गए फैसलों के लिए क्रेडाई (Confederation of Real Estate Developers’ Associations of India) ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सम्मान किया है। क्रेडाई छत्तीसगढ़ द्वारा आज नवा रायपुर में ‘बढ़ता हुआ छत्तीसगढ़’ की थीम पर आयोजित स्टेटकॉन-2023 में मुख्यमंत्री बघेल को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में क्रेडाई छत्तीसगढ एप को लांच किया। उन्होंने भिलाई, दुर्ग एवं बिलासपुर में क्रेडाई के यूथ विंग का इन्सटॉलेशन भी किया। आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर भी स्टेटकॉन-2023 में शामिल हुए।
  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्टेटकॉन-2023 को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने सचेत रहकर लोगों के हित के लिए लगातार व्यावहारिक फैसले लिए हैं। राज्य शासन ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों की जेब में एक लाख 60 हजार करोड़ रूपए डाले हैं। लोगों के हाथ में पैसा रहने से यहां हर सेक्टर में उछाल आया है। कोरोना काल में लॉक-डाउन के बाद पूरे देश में छत्तीसगढ़ में सबसे पहले उद्योगों और कारखानों में काम दोबारा प्रारंभ हुए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की कठिन हालातों के बीच भी राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से किसानों तथा मनरेगा के जरिए श्रमिकों को राशि उपलब्ध कराई गई। दूसरे राज्यों की तरह यहां शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन में कोई कटौती नहीं की गई, उनके हाथों में पूरा वेतन गया। इस तरह हर वर्ग के लोगों के पास पैसे रहने से हर सेक्टर में व्यवसाय-व्यापार में बढ़ोतरी हुई। रियल स्टेट सेक्टर को भी इसका फायदा मिला।
  मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जमीन की गाइडलाइन दरों में 30 प्रतिशत की कटौती से भूखंडों की खरीदी-ब्रिकी में तेजी आई। ज्यादा रजिस्ट्री होने से शासन का राजस्व बढ़ा। छोटे भूखंडों की रजिस्ट्री से प्रतिबंध हटाने और गाइडलाइन दरों में कमी से इससे मिलने वाला राजस्व 1100 करोड़ रुपए से बढ़कर 1500 करोड़ रुपए हो गया। उन्होंने कहा कि रियल इस्टेट भारत की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा रहा है। नोटबंदी, कोरोना महामारी और लॉक-डाउन के कारण इस क्षेत्र में मंदी आ गई थी। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस सेक्टर को मंदी से उबारने और लोगों को राहत देने के लिए अनुकूल फैसले लिए। जल्दी ही रियल स्टेट सेक्टर मंदी को पीछे छोड़ते हुए सरपट दौड़ने लगा। उन्होंने कहा कि रायपुर में एयरो सिटी और व्होल-सेल कॉरिडोर का काम जल्दी शुरू होगा जिससे यहां के व्यापार व व्यवसाय को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में क्रेडाई की मांग पर प्रदेश में अब रेरा अधिनियमों के प्रभावी होने पर कॉलोनाइजर लाइसेंस की जरुरत का परीक्षण कराने की बात कही। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों की तरह ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी रियल इस्टेट के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने के संबंध में भी परीक्षण की बात कही।
  स्टेटकॉन-2023 को संबोधित करते हुए आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि प्रकृति ने छत्तीसगढ़ को बहुत कुछ दिया है। कोयला, लोहा, बॉक्साइट जैसे खनिज हैं, प्रचुर वन संपदा है, उपजाऊ भूमि है, पर्याप्त जल है, सस्ती बिजली है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। राज्य में रियल इस्टेट सेक्टर को गति देने के लिए इसके अनुकूल निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने क्रेडाई से कम आय वाले लोगों के लिए भी आवास का सपना पूरा करने के लिए पहल करने को कहा।
   क्रेडाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज गौर ने कार्यक्रम में रियल स्टेट सेक्टर के अनुकूल फैसलों के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहां कॉलोनाइजर्स और डेवलपर्स के लिए शुरू सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम से इससे संबंधित कार्यवाहियों में तेजी आई है और काम सुगमता से होने लगे हैं। क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय रहेजा ने कहा कि हम लोग रियल इस्टेट क्षेत्र की परेशानियों को लेकर जब-जब मुख्यमंत्री के पास गए हैं, उनसे भरपूर सहयोग मिला है। उनकी पहल पर राज्य शासन द्वारा लिए गए फैसलों से इस क्षेत्र में अभूतपूर्व तेजी आई है। रियल स्टेट, ऊर्जा, वनोपज और कृषि सहित कई क्षेत्रों में राज्य ने नई ऊंचाई पिछले तीन-चार वर्षों में हासिल की है। क्रेडाई के राष्ट्रीय सचिव जी. राम रेड्डी, एक्जिक्युटिव कमेटी के सदस्य शांतिलाल कटारिया, नेशनल सेन्ट्रल जोन के उपाध्यक्ष आनंद सिंघानिया और क्रेडाई छत्तीसगढ़ के सचिव पंकज लाहोटी सहित क्रेडाई के राष्ट्रीय और छत्तीसगढ़ इकाई के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य स्टेटकॉन-2023 में मौजूद थे।   

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)