August 08, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    शौर्यपथ

    शौर्यपथ

    नई दिल्ली / शौर्यपथ / मुंबई पुलिस ने शहर के एक एटीएम से 4.23 करोड़ रुपये की बड़ी रकम लूटकर हड़कंप मचाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर बदमाशों को दबोच लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर एक हफ्ते में आरोपियों तक पहुंची और उनसे लूट की रकम भी बरामद कर ली.
    वारदात 12 नवंबर को मुंबई से सटे वसई विरार में हुई थी. इसमें ATM में करोड़ों की रकम डालने के पहले ही उसे चुरा लिया गया था. मामले में वैन के ड्राइवर मोहित आरु और उसके दो दोस्त अक्षय प्रभाकर मोहिते, चंद्रकांत गुलाब गायकवाड़ को गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस ने 4 करोड़ 23 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं. खास बात है कि चोरी की गई 4 करोड़ 25 लाख में की रकम में से 2 करोड़ 33 लाख रुपये आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद सड़क पर ही वैन में छोड़कर भाग गए थे. अपने साथ वे सिर्फ आधी रकम ही ले गए.
    पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को विरार के Kotak Mahindra ATM में पैसे भरने आई वैन को ड्राइवर ही लेकर फरार हो गया था. वसई विरार के डीसीपी संजय पाटिल के मुताबिक, सूचना मिलते ही मुंबई, ठाणे, पालघर और नवी मुंबई समेत हर जगह अलर्ट कर दिया गया और सीसीटीवी खंगाले जाने लगे. दूसरे दिन मुंबई पुलिस को सुबह कल्याण नाका के पास वही कैश वैन खड़ी मिली. पुलिस ने तलाशी ली तो हैरान हो गई, क्योंकि उसमें 2 करोड़ 33 लाख रुपये पड़े हुए थे और करीब दो करोड़ रुपये गायब थे. कैश डिलवरी कंपनी से ड्राइवर मोहित आरु की जानकारी निकालने के बाद पुलिस ने उसके दोस्तों की छानबीन की तो अक्षय मोहिते दागदार मिला.
    CCTV में वो उस दिन विरार में गाड़ी में घूमता भी मिला. पुलिस ने सबसे पहले उसे दबोचा और फिर बीड जिले में अपने दोस्तों के यहां छिपे मुख्य आरोपी ड्राइवर आरु मोहिते को पकड़ लिया. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को पनाह देने वाले और चोरी के रुपये छिपने वाले उसके दोस्त चंद्रकांत गायकवाड़ को भी गिरफ्तार कर बाकी की रकम भी बरामद कर ली. डीसीपी संजय पाटिल के मुताबिक जांच में पता चला है कि आरोपी ड्राइवर चोरी के पैसे लेकर कश्मीर या लद्दाख भागने के फिराक में था.

    पटना / शौर्यपथ / बिहार की नीतीश कुमार की नई-नई बनी सरकार में एक बड़ी घटनाक्रम सामने आ रही है. शपथग्रहण के बाद नीतीश कुमार अपनी कैबिनेट में अपनी एक नियुक्ति को लेकर आलोचनाओं से घिर गए थे. नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार के आरोप झेल चुके नेता मेवालाल चौधरी को अपना शिक्षा मंत्री चुना था. लेकिन उन्हीं मेवालाल ने पद की शपथ लेने के तीन दिनों के भीतर ही अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया है.
    बता दें कि मेवालाल चौधरी को शिक्षामंत्री बनाए जाते ही नीतीश कुमार की नई सरकार पर सवाल उठने लगे थे. तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनता दल ने इसे लेकर खूब बवाल मचाया था. दरअसल, मसला यह भी था कि मेवालाल पर भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय का कुलपति रहते हुए सहायक प्रोफेसर और कनिष्ठ वैज्ञानिक के पदों पर नियुक्तियों में हुए भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से जुड़े आरोप लगे हैं. ऐसे में ऐसे नेता को ही शिक्षामंत्री बनाए जाने के फैसले ने नीतीश कुमार की और ज्यादा भद्द पिटवा दी.
    यहां तक कि चौधरी को 2017 में जेडीयू से निलंबित कर दिया गया था, लेकिन बाद में फिर से शामिल कर लिया गया. दिलचस्प बात यह है कि उस समय बीजेपी ने विपक्ष में रहते हुए चौधरी की गिरफ्तारी की मांग की थी. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उस वक्त बिहार राज्यपाल हुआ करते थे. उन्होंने मेवालाल चौधरी के खिलाफ आपराधिक मामला दायर करने की मंजूरी दी थी. वैसे अभी तक मेवालाल के खिलाफ चार्जशीट दर्ज नहीं की गई है.
    बातचीत में चौधरी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था. उन्होंने कहा था, 'मैंने चुनावी हलफनामे में भ्रष्टाचार के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी. मुझे नहीं पता कि आपको यह जानकारी कहां से मिली. कोई भी कानून से ऊपर नहीं है और यह मामला लंबित है. चार्जशीट भी दाखिल नहीं की गई. जांच जारी है. कुछ भी नहीं हुआ है.' उन्होंने कहा था कि 'तेजस्वी यादव खुद भ्रष्ट हैं और उन्हें दूसरों पर उंगली नहीं उठानी चाहिए.'
    आरजेडी ने लगातार चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार पर आरोप लगाया कि वो अपराधियों को बचा रहे हैं. तेजस्वी यादव ने एक ट्वीट में लिखा था, 'सत्ता अपराधियों को बचा रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेवालाल चौधरी को नियुक्त करके लूट और डकैती की छूट दी है. मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने के लिए अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता पर अपना प्रवचन जारी रखेंगे. अल्पसंख्यक समुदायों में से कोई नहीं मंत्री बनाए गए.'
    इसके अलावा पार्टी सुप्रीमो लालू यादव के अकाउंट से भी किए गए एक ट्वीट में लिखा गया, 'तेजस्वी जहाँ पहली कैबिनेट में पहली कलम से 10 लाख नौकरियाँ देने को प्रतिबद्ध था वहीं नीतीश ने पहली कैबिनेट में नियुक्ति घोटाला करने वाले मेवालाल को मंत्री बना अपनी प्राथमिकता बता दिया. विडंबना देखिए जो भाजपाई कल तक मेवालाल को खोज रहे थे आज मेवा मिलने पर मौन धारण किए हैं.'

    चेन्नई / शौर्यपथ / बारिश हो या धूप, जब ड्यूटी आपको बुलाती है तो आप रुक नहीं सकते. तमिलनाडु के तूतीकोरिन के एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी, जिले की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक पर ट्रैफिक मैनेज करने के लिए लगभग चार घंटे तक भारी बारिश के बीच खड़े रहे. अपनी इस दृढ़ता के लिए ट्रैफिकपुलिसकर्मी की बहुत प्रशंसा की जा रही है. अपनी ड्यूटी निभाते हुए कॉन्स्टेबल मुथुराज के एक वीडियो ने इंटरनेट पर कई लोगों के दिल जीते हैं.

    राज्य की राजधानी चेन्नई से लगभग 600 किलोमीटर दूर, दक्षिणी शहर के व्यस्त VVD जंक्शन पर यातायात की आवाजाही बाधित न हो इसके लिए सोमवार को वे भारी बारिश में लगभग चार घंटे तक खड़े रहे. लगभग एक मिनट की लंबी क्लिप में उन्हें जंक्शन पर रेनकोट में खड़ा देखा जा सकता है.

    पुलिस अधीक्षक एस जयकुमार वीडियो देखने के बाद हैरान हुए. उन्होंने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी को उपहार देकर सम्मानित किया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने NDTV को बताया, "मैं उस कठिन परिस्थिति में पुलिसकर्मी के कर्तव्य की भावना के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहता था."

    34 वर्षीय कॉन्स्टेबल एस जयकुमार के इस सम्मान से बहुत खुश हुए. मुथुराज ने कहा, "मैं बहुत खुश और गौरवान्वित हूं कि उन्होंने मुझे मौके पर सम्मानित करने के लिए समय निकाला. सामान्य तौर पर पुलिसकर्मियों को एसपी कार्यालय में ही सम्मानित किया जाता है. मैं अपने रिजर्व पुलिस इंस्पेक्टर को भी धन्यवाद कहना चाहूंगा जो खुद एक प्रेरणा हैं."

    जब उनसे पूछा गया कि उन्हे ऐसा करने के लिए किस चीज ने प्रेरित किया तो उन्होंने कहा: "यह मेरा काम है. मैं विशेष रूप से टू व्हीलर सवारों के बारे में चिंतित था. ट्रैफिक सिग्नलों पर इंतजार करने पर वे पूरी तरह से भीग जाते हैं. इसलिए मैंने सिग्नल बंद कर दिया था और मैन्युअल रूप से काम किया. इससे उनके लिए थोड़ा आसान हो गया. ” पुलिसकर्मी की पत्नी शिवरंजनी ने वीडियो को देखकर कहा: "मुझे उन पर बहुत गर्व है. वह हमेशा अपने काम में परफेक्ट हैं." दंपति की एक बेटी और एक बेटा है.

    नई दिल्ली/ शौर्यपथ /कोरोना वायरस संक्रमण के दौर में ढाई महीने के अंदर गुमशुदा 76 बच्चों को ढूंढ़ने वाली दिल्ली पुलिस की हेड कॉन्स्टेबल सीमा ढाका को प्रमोशन देकर असिस्टेंट सब इन्स्पेक्टर बनाया गया है. उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया है. ढाका ने जितने बच्चों को उनके परिवारों से मिलाया है, उनमें 56 बच्चे 14 साल से कम उम्र के हैं. शामली के एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली सीमा ढाका ऐसा प्रमोशन पाने वाली पहली पुलिसकर्मी बन गई हैं. फिलहाल उनकी तैनाती बाहरी दिल्ली के समयपुर बादली थाने में तैनात हैं.
    एनडीटीवी से बात करते हुए सीमा ढाका ने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि पहली बार मुझे ही OTP मिल रहा है. मैने 2.5 महीनों में 76 बच्चों को रेस्क्यू किया है, जिसमें 56 बच्चे 14 साल से नीचे के हैं. मुझे सबसे ज़्यादा खुशी तब मिली, जब मैंने उन बच्चों को उनके मां-बाप से मिलाया."
    कोरोना संक्रमण काल में इस काम को कैसे किया, पूछने पर सीमा ने कहा, "कोविड के दौरान ये करना मुश्किल था. डर भी लगा पर पुलिस में तो ये सब होता है. कुछ बच्चे पंजाब, बिहार , पश्चिम बंगाल से भी रेस्क्यू कराए हैं. कुछ बच्चों को अगवा किया गया था जबकि कुछ को नशे की लत में बरगला कर ले जाए गए थे." सीमा ने कहा कि उन्हें इस काम में परिवार का भरपूर सहयोग मिला. उन्होंने कहा, "मेरा एक बेटा है जिसकी उम्र 8 साल है. पति भी दिल्ली पुलिस में हैं. मुझे परिवार से बहुत सहयोग मिला."
    इस बड़ी उपलब्धि पर सीमा ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव की भी तारीफ की और कहा, "मुझे कमिश्नर साहब ने सराहा और वर्दी पर स्टार लगाया. मैं इस सफलता का श्रेय CP साहब, डीसीपी साहब और परिवार को दूंगी.आगे और भी इसी तरह मेहनत करूंगी. इससे काफ़ी खुशी मिली है." बता दें कि दिल्ली पुलिस कमिशनर ने ट्वीट कर सीमा की बहीदुरी को सलाम किया है. उन्होंने लिखा, 'महिला हेड कॉन्स्टेबल सीमा ढाका नए इंसेंटिव स्कीम के तहत तीन महीनों में ही 56 गुमशुदा बच्चों को बचाने पर आउट-ऑफ टर्न प्रमोशन पाने वाली पहली पुलिसकर्मी बनने के लिए बधाई की पात्र हैं. उनके जज्बे और इन परिवारों की खुशी लौटाने के लिए उनको सलाम.'

    खाना खजाना / शौर्यपथ / नाश्ता बनाते समय रोजाना सुबह मन में एक सवाल उठना लाजमी है कि ऐसा क्या बनाएं जो जल्दी बनने के साथ-साथ सेहत के लिए भी पौष्टिक हो। आपकी ऐसी ही समस्या और सवाल का जवाब है आलू-पोहा रोल्स। आलू-पोहा रोल्स स्वादिष्ट होने के साथ-साथ आपको दिनभर के लिए भरपूर एनर्जी देने का भी काम करेंगे। तो देर किस बात की आइए जानते हैं कैसे बनाए जाते हैं आलू-पोहा रोल्स।
    आलू-पोहा रोल्स बनाने के लिए सामग्री-
    -सरसों
    -थोड़ी-सी राई
    -एक चुटकी हींग
    जीरा
    -कटी हुई हरी मिर्च
    -एक कटा हुआ प्याज
    -थोड़ी-सी अदरक
    -मटर
    -एक कटा हुआ टमाटर
    -हल्दी
    -तेल
    -अमचूर पाउडर
    -4 उबले हुए आलू
    -हरा धनिया
    -1 कप पोहा
    -1 कप सूजी
    -आधा कप दही
    -नमक स्वादानुसार
    विधि
    आलू-पोहा रोल्स बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में 2 चम्मच तेल गर्म करके उसमें थोड़ी सी सरसों, थोड़ी-सी राई, एक चुटकी हींग और जीरा डाल दें। अब प्याज और अदरक डालने के बाद इसे हल्का-सा रोस्ट कर लें। जब प्याज हल्का सा रोस्ट हो जाएं, तो उसमें टमाटर और नमक डाल दें।
    टमाटर गलने के बाद मटर, आलू, हल्दी, हरा धनिया और आमचूर पाउडर डालकर भून लें। रोल्स की स्टफिंग तैयार होने के बाद, पोहे का बैटर बनाएं। बैटर बनाने के लिए एक कप पोहा 10 मिनट के लिए भिगोकर रखने के बाद उसका सारा पानी निकालकर अलग रख दें।
    बैटर तैयार करते हुए एक बर्तन में सूजी लेकर उसमें आधा कप दही और थोड़ा सा नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब पोहा बैटर और सूजी बैटर को मिक्सी में पीस लें, आपका बैटर तैयार है।

    अब आलू की स्टफिंग बनाने के लिए गोल आकार के रोल्स बनाकर एक प्लेट में रख लें। इसके बाद तवा गर्म करके चीले की तरह पोहा बैटर उस पर डालें और गोलाकार बनाएं। जब बैटर हल्का-सा सिकने लगे तो उसके ऊपर आलू-स्टफिंग व हल्की-सी सॉस डालकर रोल बना दें। इस तरह से आपको पोहा रोल्स अच्छी तरह दोनों तरफ से सेकने हैं। ये हेल्दी और टेस्टी पोहा रोल्स आप गर्मा-गर्म चाय के साथ सर्व कर सकते हैं।

    व्रत /त्यौहार /शौर्यपथ / कार्तिक मास की षष्टी को छठ मनाई जाती है। इस बार छठ का महा पर्व 18 नवंबर से 21 नवंबर तक मनाया जाएगा। छठ पूजा में ठेकुआ के प्रसाद का बहुत महत्व माना गया है। इस प्रसाद को विशेष तौर पर छठ पूजा के अवसर पर कुछ नियमों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता हैं। तो चलिए आपको बताते हैं पूजा के प्रसाद में कैसे बनाया जाता है खस्ता ठेकुआ।
    सामग्री :
    -250 ग्राम गेहूं का आटा
    -1 बड़ा चम्मच घी (मोयन के लिए)
    -30 ग्राम सूखे नारियल का बूरा
    -125 ग्राम गुड़
    -आधा चम्मच इलायची पाउडर
    -तलने के लिए तेल
    -एक मुट्ठी बारीक कटे मेवे
    ठेकुआ बनाने की विधि -
    ठेकुआ बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में आधा कप पानी उबलकर उसमें गुड़ तोड़कर डाल दें। गुड़ जब तक पूरी तरह पिघल न जाए तब तक उसे लगातार हिलाते रहें। इसके बाद पानी को छलनी से छानकर ठंडा कर लें। एक परात में आटा छानकर उसमें नारियल का बूरा, बरीक कटे मेवे और पिसी इलायची अच्छी तरह मिक्स कर लें।
    अब गुड़ के पानी की सहायता से आटे को कड़ा गूंथ लें। इसके बाद आटे की लोइयां बनाकर कड़ाही में तेल गर्म कर लें। आप आटे की लोइयों को मनचाहे आकार में शेप देते हुए बेल लें और गर्म तेल में डालकर कम आंच पर तल लें। आपका गरमा-गर्म ठेकुआ बनकर तैयार है। ठेकुआ को एक एयरटाइट डिब्बे में भरकर भी रखा जा सकता है।

    शौर्यपथ / हमने अक्सर लोगों को महिला दिवस की बधाइयां देते हुए देखा है, लेकिन क्या आपको पता है पुरुष दिवस कब मनाया जाता है? इंटरनेशनल मेन्स डे हर साल 19 नवंबर को मनाया जाता है। यह दुनिया के लगभग 60 से अधिक देशों में मनाया जाता है।
    भारत में अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस मनाने की शुरुआत 13 साल पहले से ही की गई है। पहली बार यह साल 2007 में मनाया गया था। अगर वैश्विक स्तर की बात करें तो इसकी शुरुआत 1998 में त्रिनिदाद और टोबैगो में हुई थी। डॉ. जीरोम तिलकसिंह ने पुरुषों के योगदान को सराहते हुए पुरुष दिवस मनाने की सोची थी। सबसे पहले उन्होंने ही अपने पिता के जन्मदिन पर विश्व पुरुष दिवस मनाया था। डॉ. जीरोम ने अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस की पहल करते हुए यह शुरुआत की थी और तभी से हर साल इसे मनाया जाने लगा।

    हर साल इंटरनेशनल मेन्स डे पर एक थीम रखा जाता है। इस साल का थीम 'बेटर हेल्थ फॉर मैन एंड बॉयज' है। इस खास अवसर पर आप इन शानदार हिंदी मैसेजेस और कोट्स को भेजकर अपने प्रियजनों को हैप्पी इंटरनेशनल मेन्स डे विश कर सकते हैं।

    1. पुरुष दिवस की पवन बेला पर

    यही है शुभ संदेश

    हर दिन आए

    आपके जीवन में

    लेकर खुशियां विशेष

    Happy International Men's Day 2020

    2. मर्द को दर्द नहीं होता कहावत को सच मानकर,

    जो ता उम्र अपना दर्द छिपाता है,

    वो भी पुरुष ही होता है

    Happy International Men's Day 2020

    3. जिन्दगी को तरस के खुदा ने ये तस्वीर बनाई है

    हर दुख बच्चों का खुद पे वो सह लेतें है

    उस खुदा की जीवित प्रतिमा को हम पिता कहते है

    पुरुष दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

    Happy International Men's Day 2020

    4. दिए जलते और जगमगाते रहें

    आप हमेशा मुस्कुराते रहे

    जब तक जिंदगी है ये दुआ है हमारी

    आप ईद के चांद की तरह जगमगाते रहें

    आप सभी को पुरुष दिवस की हार्दिक बधाई

    Happy International Men's Day 2020

    शिक्षा / शौर्यपथ / स्वामी विवेकानंद का बहुत लोकप्रिय कथन है 'उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक अपने लक्ष्य को न प्राप्त कर लो'। इस बात से प्रेरणा लेने की जगह कई बार लोग एक-दो बार असफल होने पर अपने लक्ष्य को पाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों को छोड़कर ही बैठ जाते हैं। इसके विपरीत अगर हम अपनी कोशिशें जारी रखें तो हमें सफल होने से कोई नहीं रोक सकता है। यही बात इस कहानी में भी बताई गई है।
    एक प्रयोग में एक रिसर्च बायोलॉजिस्ट ने एक बड़े से टैंक में शार्क मछली को रखा और फिर उसी टैंक में छोटी मछलियों को भी डाल दिया। शार्क ने छोटी मछलियों को खाना शुरू कर दिया और कुछ ही घंटों में सभी छोटी मछलियां शार्क का आहार बन चुकी थीं। हर बार यही होता। बायोलॉजिस्ट ने अब अपने प्रयोग में थोड़ा परिवर्तन किया और एक मजबूत फाइबर स्लाइड को उस टैंक में डाल कर टैंक को दो भागों में बांट दिया। एक भाग में शार्क और दूसरे भाग में छोटी मछलियों को रखा। आदतन शार्क ने छोटी मछलियों पर हमला करना चाहा तो वे उस स्लाइड से टकरा गईं। शार्क ने प्रयास नहीं छोड़ा और हमला करती रही।
    यह प्रयोग कुछ हफ्तों तक जारी रहा। शार्क ने हमला करना जारी रखा, लेकिन उसके प्रयास में लगातार कमी आती गई। फिर एक समय ऐसा आया कि शार्क ने यह मान लिया कि वह छोटी मछलियों को नहीं खा सकती। उसने प्रयास करना ही छोड़ दिया। बायोलॉजिस्ट ने अब फाइबर की स्लाइड को वहां से हटा दिया। लेकिन यह क्या, शार्क को तो इससे कोई फर्क हीं नहीं पड़ा। उसने यह मान लिया था कि एक दीवार है, एक अवरोध है, जिसे वह पार नहीं कर सकती। उसने प्रयास करना ही छोड़ दिया अब छोटी मछलियां आराम से उसी टैंक में तैर रहीं थी और उसे शार्क से कोई खतरा भी नहीं था।
    इस कहानी से मिलती है सीख-
    हममें से कई लोगों के साथ अक्सर ऐसा होता है। हम प्रयास करना ही छोड़ देते हैं। कोई रुकावट नहीं होने के बावजूद हमें ऐसा लगता है कि अवरोध है, जिसे पार नहीं किया जा सकता। यकीन मानिए, अगर किसी चीज को पाने के लिए हम ईमानदारी से लगातार प्रयास जारी रखते हैं, तो वह हमें जरूर मिलती है।

    सेहत / शौर्यपथ / वजन कम करने के लिए सबसे ज्यादा यह है कि आप अपनी डाइट में क्या लेते हैं। आपके किचन में कई ऐसे मसालें होते हैं जो आपको घर में रहते हुए वजन कम करने में मदद कर सकते हैं। घरेलू उपचारों से आप बेहद आसानी से अपने वजन को कम कर पाएंगे। अगर अपने भी घर में रहते हुए अच्छा खासा वजन बढ़ा लिया है तो यहां आपके लिए कुछ घरेलू नुस्खें हैं जिनसे आप अपना बढ़ा हुआ वजन आसानी से कम कर सकते हैं।

    1. नीबूं और शहद
    नींबू और शहद रसोई में पाए जाने वाले दो सबसे आम चीजें हैं। रोज सुबह एक गिलास गुनगुने पानी में नींबू डालें और उसके ऊपर से 2 चम्मच शहद मिक्स करके पिएं।
    फायदा- शहद औषधीय गुणों से भरपूर माना जाता है, और नींबू पाचन तंत्र को डिटॉक्स करने में मदद करता है। ये दोनों शरीर की एक्स्ट्रा चर्बी को हटाने में मदद करते हैं और इसका प्रभाव कुछ ही हफ्तों में दिखाई देना शुरू हो जाता है। यह घर पर वजन घटाने के सबसे सरल उपायों में से एक है।
    2. मेथी के बीज, अजवाइन और जीरा
    मेथी के बीज, अजवाइन और काला जीरा सभी मसालों को एक साथ भूनकर इसका पाउडर बना लें और इस पाउडर को हर दिन एक गिलास पानी में मिलाकर पिएं।
    फायदा- भारतीय रसोई में इस्तेमाल किए जाने वाले मेथी के बीज में अक्सर छिपे हुए लाभकारी गुण शामिल होते हैं। मेथी के बीज फैट कम करने और शरीर के मेटाबोलिज्म को तेज करते हैं। वहीं अजवाइन भी वजन घटाने में मदद करती है। काला जीरा पेट के चारों ओर जमा हुए फैट को कम करता है और इसके साथ वजन घटाने में सहायता करता है।
    3. दालचीनी और शहद वाली चाय
    शहद और दालचीनी की चाय बनाने के लिए, एक गिलास पानी गर्म करें। गुनगुने पानी में दो दालचीनी की लकड़ी डालें और ऊपर से एक चम्मच शहद मिलाएं। इन दोनों को अच्छी तरह से मिलाएं। रोज सुबह खाली पेट दालचीनी और शहद वाली इस चाय को पिएं।
    फायदा- दालचीनी वजन कम करने में सहायक होती है। इस मसाले में आंतरिक गुण होते हैं जो हमारी शुगर-क्रेविंग को कम करते हैं और खून में इंसुलिन की मात्रा को नियंत्रित करने में भी मदद करता है।
    4.कच्चा लहसुन
    कच्चे लहसुन को चबाएं। ऐसा करने के बाद अपने दांतों को अच्छी तरह से ब्रश करें। रोज सुबह लहसुन की दो या अधिक फांक चबाना बहुत फायदेमंद होता है।
    फायदा- लहसुन एंटीसेप्टिक गुणों के लिए जाना जाता है, वजन कम करने के लिए यही फायदेमंद होता है।
    5. दही का सेवन
    आप दही घर पर बना सकते हैं या किसी स्टोर से भी खरीद सकते हैं। अपनी डाइट में दही को एड करें और इसका रोज सेवन करें।
    फायदा- दही पाचन प्रक्रिया को विनियमित करने के लिए आवश्यक है। दही दूध से प्राप्त होती है और इसलिए इसमें फैट को छोड़कर दूध के सभी लाभकारी गुण शामिल होते हैं।
    6. एक समय में कम खाएं, लेकिन अधिक बार खाएं
    अपने खाने को नाश्ता, दोपहर और रात के खाने में विभाजित करने के बजाय, हर 3-4 घंटे में हल्का भोजन खाने की कोशिश करें। 3 भारी भोजन करने के बजाय, 6 हल्के भोजन का सेवन करें।
    फायदा- भोजन को इस तरह से विभाजित करना आपको ओवरईटिंग से रोकने में मदद करता है। अगर नाश्ते और दोपहर के खाने के बीच एक लंबा गैप होता है, तो आपको ज्यादा भूख लगती है और इस प्रकार, दोपहर के समय आप ज्यादा खाना खा लेते हैं। लेकिन, आप जब नाश्ते और दोपहर के भोजन के बीच में एक छोटा भोजन करते हैं, तो आप दोपहर के खाने के ब्रेक के दौरान कम खाते हैं।

    खेल / शौर्यपथ / वनडे इंटरनैशनल क्रिकेट 12 साल से अधिक समय गुजार चुके भारतीय कप्तान और रन मशीन विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनैशनल सीरीज में सबसे तेज 12,000 रन बना सकते हैं और क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। विराट के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 27 नवंबर से शुरू होने वाला दौरा कई मायनों में निजी तौर पर अहम साबित होने वाला है। भारत को इस दौरे में तीन वनडे, तीन टी-20 इंटरनैशनल और चार टेस्ट खेलने हैं। हालांकि विराट टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेलकर पैटरनिटी लीव पर स्वदेश लौट जाएंगे।
    भारतीय कप्तान को सचिन के रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सबसे प्रबल दावेदार माना जाता है। विराट के पास वनडे सीरीज में सबसे तेज 12 हजारी बनने का मौका रहेगा। वह अभी इस उपलब्धि से महज 133 रन दूर हैं। तीन मैचों की इस सीरीज में विराट इस उपलब्धि को हासिल कर सकते हैं। सीरीज में 133 रन बनाते ही विराट वनडे में 12 हजार रनों के शिखर पर पहुंचने वाले दुनिया के छठे खिलाड़ी बन जाएंगे। विराट के पास वनडे में सबसे तेज 12 हजारी बनने का भी मौका रहेगा और इस मामले में वह मास्टर ब्लास्टर सचिन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सचिन ने 12,000 रनों तक पहुंचने के लिए 300 पारियां खेली थीं और 13 साल 73 दिन का समय लगाया था।
    विराट के अभी 248 मैचों से 11,867 रन हैं और उन्होंने 239 पारियां खेली हैं। विराट ने अपने वनडे करियर की शुरुआत 18 अगस्त 2008 को की थी और वनडे क्रिकेट में उन्हें अभी 12 साल से कुछ अधिक समय हुआ है। इस आधार पर वह सचिन के पारियों और समय के दोनों रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। वनडे में अब तक पांच खिलाड़ियों ने 12,000 रन पूरे किए हैं। सचिन ने 463 मैचों में 18,426 रन, श्रीलंका के कुमार संगकारा ने 404 मैचों में 14,234 रन, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग ने 375 मैचों में 13,704 रन, श्रीलंका के सनत जयसूर्या ने 445 मैचों में 13,430 रन और श्रीलंका के महेला जयवर्धने ने 448 मैचों में 11,867 रन बनाए हैं।
    धोनी, युवी, तेंदुलकर की इस मामले में बराबरी कर सकते हैं विराट
    इस महीने 5 नवम्बर को अपना 32वां जन्मदिन मनाने वाले विराट इस सीरीज का दूसरा मैच खेलते ही वनडे में 250 मैच भी पूरे कर लेंगे और यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह आठवें भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। भारत में अब तक सचिन, महेंद्र सिंह धोनी, राहुल द्रविड़, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, युवराज सिंह और अनिल कुंबले ने 250 या उससे अधिक वनडे खेले हैं। विराट के पास इस दौरे में तीनों फॉर्मैट में 22,000 रन पूरे करने का भी मौका रहेगा। विराट के अभी तीनों फॉर्मैट में कुल 416 मैचों से 21,901 रन हैं। उन्हें इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए 99 रनों की जरूरत है। तीनों फॉर्मैट में कुल सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड सचिन के नाम है, जिन्होंने 664 मैचों में 34,357 रन बनाए हैं। विराट इस मामले में वेस्ट इंडीज के ब्रायन लारा को पीछे छोड़ सकते हैं जिनके नाम 22,358 रन हैं।
    पोंटिंग को छोड़ सकते हैं पीछे
    विराट तीनों फॉर्मैट में कुल शतकों के मामले में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग की बराबरी कर सकते हैं या उन्हें पीछे छोड़ सकते हैं। इस मामले में पोंटिंग के कुल 560 मैचों से 71 शतक हैं, जबकि विराट के 416 मैचों से 70 शतक हैं। विराट ने टेस्ट में 27 और वनडे में 43 शतक बनाए हैं। विराट का टी-20 में कोई इंटरनैशनल शतक नहीं है और इस फॉर्मैट में उनका बेस्ट स्कोर नॉटआउट 94 रन है। भारतीय कप्तान के पास टी-20 सीरीज में रोहित शर्मा से अपनी बढ़त आगे करने का मौका रहेगा। टी-20 इंटरनैशनल क्रिकेट में विराट और रोहित में लगातार नजदीकी होड़ चल रही है। विराट ने इस फॉर्मैट में 82 मैचों में 2794 रन बनाए हैं, जबकि रोहित ने 108 मैचों में 2773 रन बनाए हैं। रोहित को उनकी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया में वनडे और टी-20 सीरीज से आराम दिया गया है और वह चार टेस्टों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में लौटेंगे। टी-20 सीरीज में रोहित की अनुपस्थिति से विराट इस फॉर्मैट में अपने रनों की संख्या को आगे ले जा सकते हैं और रोहित से फासला बढ़ा सकते हैं।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision