November 14, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    ​रायपुर,/ शौर्यपथ /

    जब सरकार की कल्याणकारी योजनाएं सही समय पर ज़रूरतमंदों तक पहुँचती हैं, तो वे केवल आर्थिक सहायता नहीं बनतीं, बल्कि किसी के टूटते सपनों को जोड़ने का आधार बन जाती हैं। ऐसी ही एक उम्मीद भरी कहानी छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम झुमका विकासखंड बिलाईगढ़ से सामने आई है, जहाँ 'नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना' ने एक श्रमिक परिवार की बेटी की शिक्षा को नया संबल दिया है।

    ​सीमित साधन, असीमित सपने

    ​ग्राम झुमका की निवासी फुलेश्वरी साहू अपने परिवार के सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर जीवन में आगे बढ़ते देखना चाहती हैं। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण अक्सर बच्चों की पढ़ाई लिखाई से जुड़ी छोटी-छोटी जरूरतें भी चिंता का कारण बन जाती थीं।

    ​छात्रवृत्ति से मिला सम्बल

    ​मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मार्गदर्शन में संचालित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना इस परिवार के लिए तारणहार बनकर आई।
    ​योजना के तहत पंजीकृत श्रमिक परिवार की पात्रता के आधार पर फुलेश्वरी साहू की बेटी को 3,000 रुपये की छात्रवृत्ति राशि सीधे प्रदान की गई। यह सहायता राशि बेटी की कॉपियों, किताबों और पढ़ाई की अन्य आवश्यक सामग्रियों को जुटाने में बेहद उपयोगी साबित हुई।
    श्रीमती ​फुलेश्वरी साहू कहती हैं कि सरकार से मिली 3 हजार रुपये की यह मदद केवल एक राशि नहीं, बल्कि मेरी बेटी के उज्ज्वल भविष्य का सहारा है। इससे हमारा यह हौसला बढ़ा है कि आर्थिक तंगी चाहे जैसी भी हो, हमारी बेटी पढ़ाई जारी रखेगी और अपने सपनों को पूरा करेगी। इस सहयोग के लिए हम राज्य सरकार के हृदय से आभारी हैं।

    ​धरातल पर दिख रहा योजनाओं का असर
    ​कलेक्टर के निर्देशन में जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा और त्वरित लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। संबंधित विभागों के माध्यम से पात्र श्रमिक परिवारों को चिन्हांकित कर उन्हें लगातार इन योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि शिक्षा और विकास की दौड़ में कोई भी बच्चा पीछे न छूटे।
    ​नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना आज प्रदेश के अनगिनत श्रमिक परिवारों के बच्चों के सपनों को पंख दे रही है और यह साबित कर रही है कि संवेदनशील सरकार का साथ हो, तो हर चुनौती आसान हो जाती है।

    रायपुर / शौर्यपथ /

    ​बारिश की बूंदें जहाँ अक्सर खुशियाँ लाती हैं, वहीं कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत जी जामगांव की श्रीमती श्याम बाई पटेल के लिए यह मौसम लंबे समय तक एक दुस्वप्न जैसा था। एक ही छोटे से कच्चे कमरे, मिट्टी की जर्जर दीवारों और टपकती छत के बीच चार सदस्यों का यह परिवार हर बारिश में रातें जागकर गुजारता था। दीवारों में सीलन और चूहों के बिलों ने मकान की नींव को भी कमजोर कर दिया था। लेकिन आज, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की बदौलत श्याम बाई और उनका परिवार अपने नए पक्के मकान में पूर्ण सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन यापन कर रहा है।

    ​सीमित आय और पक्के मकान का सपना

    श्याम बाई के परिवार के पास अपनी कोई कृषि भूमि नहीं है। पति-पत्नी दोनों मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आमदनी में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने के बीच पक्का घर बनाना उनके लिए हमेशा से एक अधूरा सपना बना हुआ था।

    ​'सेवा संकल्प अभियान' से मिली नई उम्मीद

    परिवार की विषम परिस्थितियों को देखते हुए 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत श्याम बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का पात्र पाया गया। ग्राम पंचायत जी जामगांव द्वारा उनका चयन हुआ, जिसके बाद योजना की बारीकियों और निर्माण प्रक्रिया को समझने के लिए उन्होंने जनपद पंचायत कुरूद द्वारा आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम में भाग लिया। यहाँ किस्तों के समयबद्ध भुगतान और निर्धारित मापदंडों की स्पष्ट जानकारी मिलने से मकान का निर्माण व्यवस्थित रूप से शुरू हुआ।

    ​मेहनत और सरकारी सहयोग से खड़ा हुआ सपनों का आशियाना

    शासकीय सहायता और परिवार की अनवरत मेहनत से धीरे-धीरे कच्ची जगह पर पक्की दीवारें खड़ी हुईं, छत ढली और अंततः वह दिन भी आया जब परिवार ने अपने नए पक्के घर में गृह प्रवेश किया।
    ​अब बारिश का मौसम श्याम बाई के परिवार को डराता नहीं, बल्कि सुकून देता है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से मिले इस पक्के मकान ने न केवल परिवार को टपकती छत से राहत दिलाई है, बल्कि बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण और पूरे परिवार के जीवन में एक नया आत्मविश्वास और सम्मान जगाया है।

    रायपुर /छत्तीसगढ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड (छत्तीसगढ़ शासन, वन विभाग) द्वारा  25 सितंबर से 30 सितंबर तक छत्तीसगढ़ के 06 जिलों कोण्डागांव, नारायणपुर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद के 312 वैद्यों का प्रमाणीकरण किया गया।

    वन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत बोर्ड एवं काउन्सिल आफ इंडिया (QCI) से वैद्यों के प्रमाणीकरण करने के लिये अधिकृत संस्था सेंटर फॉर ट्रेड टेस्टिंग एंड सर्टिफिकेशन ऑफ स्किल्ड वर्कर्स (CTTC) द्वारा वैद्यों का प्रमाणीकरण किया गया । जिसमें 05 प्रकार की उपचार विधाओ सामान्य बीमारी, पीलिया, आर्थराइटिस, बोन सेटिंग एवं जहरीले बाइट का उपचार शामिल हैं।

    वैद्यों का प्रमाणीकरण प्रकिया दो चरणों के परीक्षण उपरांत किया जाता हैं।  परीक्षण प्रक्रिया अंतर्गत प्रथम दिवस आवेदन फार्म की जांच, वैद्यों के उपचार विधाओ का मौखिक परीक्षण, ताजी औषधि पौधों तथा कच्चे औषधि पौध उत्पाद की पहचान, औषधि निर्माण की विधि तथा  मरीजों को दी जाने वाली औषधि की मात्रा का परीक्षण किया जाता है । प्रमाणीकरण प्रक्रिया के दूसरे दिवस में वैद्यों के घरों पर जाकर उनके उपचार करने की सजीव परीक्षण तथा मरीजों से फीडबैक लिया जाता है ।

    छत्तीसगढ़ में 25 से 30 सितंबर तक विभिन्न जिलों में आयोजित परीक्षणों में 312 वैद्यों को प्रमाणीकृत किया गया। इनमें कोंडागांव के 60, नारायणपुर के 23, कांकेर के 60, धमतरी के 135 तथा गरियाबंद एवं महासमुंद के कुल 34 वैद्य शामिल हैं। छत्तीसगढ़ शासन एवं बोर्ड मार्च 2027 तक 1 हजार वैद्यों के प्रमाणीकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए तेजी से कार्य कर रहे हैं।

    वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन कर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

     ​रायपुर /वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप के विशेष मार्गदर्शन और निर्देशानुसार, बस्तर संभाग में वन्यप्राणियों के संरक्षण और उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग को लेकर एक महत्वपूर्ण संभाग स्तरीय कार्यशाला की शुरुआत हुई है। वन विद्यालय, जगदलपुर में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है। संभाग स्तर पर इस तरह की कार्यशाला का आयोजन पहली बार किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य मैदानी स्तर पर काम करने वाले वन कर्मचारियों की कार्यक्षमता को बढ़ाना है।


    ​विशेषज्ञों ने दी बाघ संरक्षण और ट्रैकिंग की बारीकियां
    प्रशिक्षण सत्र के दौरान राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य श्री गौरव निलानी और एसडीओ श्री योगेश रात्रे ने प्रेजेंटेशन के जरिए वन कर्मियों को वन्यजीव संरक्षण के गुर सिखाए। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
    ​बाघ की विशेषताएं, उनका रहन-सहन, क्षेत्र (Territory) की पहचान और उनका व्यवहार। ​बाघ और तेंदुए के पगमार्क (पैर के निशान) तथा अन्य फील्ड साइन्स  में अंतर करना। ​नर और मादा बाघ की पहचान, पगमार्क के पैड इंप्रेशन और फोटोग्राफिक पहचान की तकनीक।
    ​बाघ के शिकार करने के तरीके, खरोंच के निशान और क्षेत्रीय मार्किंग की पहचान।
    ​कैमरा ट्रैप और मैदानी निगरानी की आधुनिक तकनीकें। वन्यजीव अपराधों को रोकने और मुखबीर तंत्र को मजबूत करने के उपाय।
    ​
    कार्यशाला के पहले दिन सैद्धांतिक जानकारी देने के बाद सभी प्रतिभागियों की एक परीक्षा भी आयोजित की गई, ताकि सीखे गए ज्ञान का आकलन किया जा सके। इस आयोजन का दूसरे दिन  फील्ड विजिट और प्रैक्टिकल एक्सरसाइज करवाया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को जंगल में जाकर पगमार्क और अन्य वन्यजीव संकेतों की पहचान करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

    ​कार्यशाला में मुख्य वन संरक्षक (बस्तर) सुश्री स्टाइलो मंडावी, मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) श्री उत्तम गुप्ता, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक श्री गौतम नारायण पड़ीभार सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

      रायपुर / शौर्यपथ। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने अपने कवर्धा निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य एवं कबीरधाम जिले के बोड़ला की बेटी गीता यादव से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने गीता को भारतीय टीम की महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। गीता की सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गीता की उपलब्धि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों और विशेषकर खेलों में आगे बढ़ने का सपना देखने वाली बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।

    मुलाकात के दौरान श्री शर्मा ने गीता से उनकी अब तक की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने गीता के अनुभवों और खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को भी जाना।

    फाइनल में चीन को हराकर भारत ने जीता खिताब

    बोड़ला निवासी गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 13 सितंबर को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता तथा एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।

    टूर्नामेंट में मिडफील्डर की भूमिका निभाने वाली गीता यादव ने अपने शानदार प्रदर्शन से विशेष छाप छोड़ी। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार गोल किए। मलेशिया के विरुद्ध भारत की 11-1 की बड़ी जीत में गीता ने दो गोल दागे, जबकि जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

    किसान परिवार से अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक का सफर

    एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने तक गीता यादव का सफर संघर्ष, मेहनत और निरंतर अभ्यास की मिसाल है। उन्होंने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। इसके बाद बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को और निखारा।

    लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर गीता राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) से भी जुड़ीं। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की। इसके बाद अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी वह भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

    कवर्धा में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर चर्चा

    मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और गीता यादव के बीच कवर्धा में खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, खेल सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र में खेलों की संभावनाओं को बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई।

    गीता ने अपनी खेल यात्रा और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव उप मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। श्री शर्मा ने उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ते हुए देश एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

    SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
    भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा SING फोरम 2026 के लिए छत्तीसगढ़ को किया गया है नामित
    सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने किया मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्वागत
    वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत होंगी छत्तीसगढ़ की उपलब्धियां, विकास की संभावनाएं और निवेश के अवसर
    CEO राउंडटेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से होगी चर्चा

    रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्य में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से आज सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय स्वागत किया।
    भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नमित किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की अपार संभावनाओं और निवेश के आकर्षक अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
    मुख्यमंत्री साय SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की ओर से सहभागिता करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा करेंगे। इस दौरान प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का दृढ़ प्रयास है कि नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन तथा उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
    मुख्यमंत्री साय की SING फोरम 2026 में सहभागिता वैश्विक निवेशकों के समक्ष छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं और निवेश अवसरों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।

    राजनांदगांव-खैरागढ़ और राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में गुणवत्ताहीन निर्माण व भ्रष्टाचार की शिकायत; चार वरिष्ठ अधिकारियों की समिति तीन दिन में देगी रिपोर्ट

    रायपुर / शौर्यपथ। राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग के नवीनीकरण एवं उन्नयन तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में कथित गुणवत्ताहीन निर्माण और भ्रष्टाचार की शिकायत को लोक निर्माण विभाग ने गंभीरता से लिया है। शिकायत की जांच के लिए विभाग ने चार वरिष्ठ अधिकारियों की जांच समिति गठित की है। समिति निर्माण कार्यों की तकनीकी गुणवत्ता से लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यपालन एजेंसी की भूमिका तक विभिन्न पहलुओं की जांच करेगी और तीन दिनों के भीतर प्रमुख अभियंता को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

    जांच समिति में मुख्य अभियंता व्ही.एस. कोरम, अधीक्षण अभियंता राजीव नशीने तथा कार्यपालन अभियंता प्रभात सक्सेना और सी.एस. ओगरे को शामिल किया गया है।

    सड़क की गुणवत्ता के तकनीकी मानकों की होगी जांच

    विभाग के अनुसार समिति राजनांदगांव-खैरागढ़ तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में हुए निर्माण कार्यों की विस्तृत तकनीकी जांच करेगी। इसमें जीएसबी (GSB), डब्ल्यूएमएम (WMM), सब-ग्रेड, डामरीकरण, बिटुमिन की मात्रा, सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल और अंडुलेशन जैसे महत्वपूर्ण मानकों की जांच शामिल है। आवश्यकतानुसार निर्माण सामग्री एवं सड़क की गुणवत्ता की प्रयोगशाला जांच भी कराई जाएगी।

    इसके साथ ही समिति यह भी परीक्षण करेगी कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी वाले विभागीय अधिकारियों और कार्यपालन एजेंसी ने निर्धारित मानकों का पालन किया अथवा नहीं।

    भुगतान पर रोक से लेकर कार्रवाई तक पर रिपोर्ट

    जांच समिति को यह भी विचार करना है कि जांच पूरी होने तक संबंधित निर्माण कार्यों के भुगतान पर रोक लगाया जाना आवश्यक है या नहीं। यदि जांच में गुणवत्ता से समझौता, वित्तीय अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार के आरोप प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई के संबंध में भी समिति अपनी अनुशंसा देगी।

    उखड़ी सड़क पर तत्काल सुरक्षित आवागमन की चुनौती

    जांच के दायरे में उन स्थानों को भी शामिल किया गया है, जहां सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है। विशेष रूप से डोंगरगांव-कुमरदा सहित ऐसे स्थानों पर आम लोगों की सुरक्षा और यातायात को देखते हुए तत्काल मरम्मत, चेतावनी संकेतक तथा आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में भी समिति रिपोर्ट देगी।

    अब निगाहें जांच समिति की तीन दिन में आने वाली रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि सड़क निर्माण में सामने आई शिकायतें महज गुणवत्ता संबंधी लापरवाही हैं या इनके पीछे तकनीकी अनियमितता, वित्तीय गड़बड़ी अथवा भ्रष्टाचार की भी कोई भूमिका है।

    गांधी जयंती पर बेटियों को मिली स्वच्छता, स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ी नई सुविधा

    प्रदेश के 6,671 ग्रामीण शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण का लक्ष्य

    रायपुर, / राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता और बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन किया गया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित यह शौचालय राज्य में चल रहे ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

    गुलाबी रंग से सजे नव-निर्मित बालिका शौचालय के उद्घाटन के दौरान छोटी बच्चियों ने भी हाथों में इसी संदेश वाली तख्तियां लेकर स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बच्चों की भागीदारी ने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

    6 अगस्त को शुरू हुआ था ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान
    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 6 अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के 6,671 शासकीय विद्यालयों में लगभग 286.85 करोड़ रुपए की लागत से बालिका शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा के अनुकूल वातावरण तैयार करना है।

    निर्माण से उद्घाटन तक, धूमा में लगातार हुई निगरानी
    धूमा का यह बालिका शौचालय एक दिन में तैयार हुई पहल नहीं है। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने भी अपने कुरूद विकासखंड के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत धूमा पहुंचकर बालिका शौचालय के निर्माण कार्य का मैदानी निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखने के साथ कार्य में लगे श्रमिकों से मजदूरी भुगतान की जानकारी भी ली थी और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे। करीब एक महीने बाद गांधी जयंती के अवसर पर इसका उद्घाटन अभियान के उद्देश्य को धरातल पर उतरते हुए दिखाता है।

    ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शासन का मिशन है कि 26 जनवरी 2027 तक राज्य के हर स्कूल में बालिकाओं के लिए शौंचालय सुनिश्चित हो।

    मृणेन्द्र चौबे (राजनांदगांव )

     

    चिखली पुलिस की कार्रवाई, हत्या-हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले पहले से दर्ज

    राजनांदगांव/शौर्यपथ /नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिखली पुलिस ने गांजा बेचने की तैयारी कर रहे युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.913 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

    पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि गठुला पुल आरएमसी फैक्ट्री रोड के पास एक युवक गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास मौजूद स्लेटी रंग के बैग से 1.913 किलो गांजा बरामद हुआ।

    आरोपी की पहचान कौशलेन्द्र साहू उर्फ कास्तु (22), पिता मोहनलाल साहू, निवासी शंकरपुर तालाब पार वार्ड-7, ओपी चिखली के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता बोरसी, थाना पदमनाभपुर, जिला दुर्ग बताया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

    0 पहले से दर्ज हैं कई मामले

    पुलिस के मुताबिक कौशलेन्द्र के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में पहले से कई अपराध दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 656/2023 में धारा 302, 307, 147, 148, 149 भादवि के तहत मामला दर्ज है। कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 528/23 में धारा 294, 506, 324, 34 भादवि और अपराध क्रमांक 338/25 में धारा 191(2), 191(3), 190, 109 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है। चिखली चौकी में अपराध क्रमांक 371/23 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट तथा अपराध क्रमांक 235/22 में धारा 307 भादवि के तहत मामला दर्ज होना बताया गया है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गांजा और शराब बिक्री के साथ असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।

    कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, सहायक उप निरीक्षक शत्रुहन टंडन, विनोद कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम, आदित्य सोलंकी, सुनील बैरागी, रंजीत चौरसिया, जयराम निषाद, राजकुमार बंजारा, अमित सोनी सहित चौकी चिखली स्टाफ की भूमिका रही।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision