
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
27.94 लाख नहीं, 2.79 लाख रुपये का सोना बरामद; सीम एक्टिवेशन के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में मोबाइल जब्त
बालोद। थाना सनौद पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। पुलिस के अनुसार, एक मामले में घर से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं, जबकि दूसरे मामले में ग्राहकों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक का इस्तेमाल कर एक ही ग्राहक के नाम पर कई सिम एक्टिवेट करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
घर से चोरी किए सोने के आभूषण बरामद
पुलिस के मुताबिक ग्राम अरकार निवासी ज्योति साहू ने 9 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनके घर में प्रवेश कर 13 ग्राम का सोने का गुलबंद, 10 ग्राम की एक जोड़ी झुमकी और 5 ग्राम के एक जोड़ी टॉप्स, कुल 28 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गया है। मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए भिलाई से रामअवतार सिंह पिता शंकर पाल सिंह, उम्र 37 वर्ष, निवासी रुस्तमगढ़, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), वर्तमान पता शारदा पारा, वैकुंठ धाम कैंप-2, भिलाई, को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने ग्राम अरकार में हुई चोरी में संलिप्तता स्वीकार की और उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के तीनों प्रकार के आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल कीमत पुलिस ने 2,79,450 रुपये बताई है। आरोपी को 2 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ग्राहक के नाम पर चार सिम एक्टिवेट करने का आरोप
दूसरे मामले में थाना सनौद पुलिस ने ग्राहकों को सिम पोर्ट कराने और एक्टिवेट करने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में रोशन लाल देवांगन पिता राजेन्द्र देवांगन, उम्र 29 वर्ष, निवासी डिपरापारा वार्ड क्रमांक 39, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भरदाखुर्द निवासी जीवन लाल निषाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी 2024 को ग्राम सनौद में एयरटेल नंबर को वोडाफोन आइडिया कंपनी में पोर्ट कराने के लिए आधार कार्ड उपलब्ध कराया गया था। आरोप है कि इसी दौरान लाइव फोटो और बायोमेट्रिक के माध्यम से शिकायतकर्ता के आधार का इस्तेमाल करते हुए उसके नाम पर अन्य सिम नंबर एक्टिवेट किए गए।
मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 47/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420 तथा दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान रोशन लाल देवांगन के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2023 से एयरटेल तथा वर्ष 2024 में वोडाफोन आइडिया कंपनी में एजेंट के रूप में कार्य कर रहा था। आरोप है कि ग्राहकों के फिंगरप्रिंट और आधार कार्ड का उपयोग कर एक ही ग्राहक के नाम से चार सिम एक्टिवेट किए गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
दोनों मामलों की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनसिंह सोरी, सउनि नंद कुमार साहू, प्रधान आरक्षक 644 हिरदेराम कोलियारा, आरक्षक दमन वर्मा, टिकेन्द्र कुमार सोरी, गौकरण यादव और गोविन्द साहू सहित साइबर सेल प्रभारी सउनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक मिथलेष यादव एवं पूरन देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नियोगी नगर के तालाब में चला विशेष स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक-पॉलिथीन और पूजा सामग्री हटाकर लोगों को जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
दल्ली राजहरा / शौर्यपथ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 15, नियोगी नगर, दल्ली राजहरा स्थित तालाब में विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू एवं टिकेश्वर साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में पर्यावरण प्रेमियों के साथ वार्डवासियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
अभियान के दौरान तालाब परिसर में जमा कचरा, प्लास्टिक, पॉलिथीन, थर्माकोल, कपड़े और अन्य अनुपयोगी सामग्री को हटाकर तालाब एवं उसके आसपास की सफाई की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पानी का संरक्षण करने तथा नदी-तालाबों में किसी भी प्रकार का कचरा एवं गैर-जैविक सामग्री नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया।
सफाई अभियान में प्रदीप साहू, टिकेश्वर साहू, जवाहरलाल प्रजापति, हेमशंकर साहू, जितेंद्र साहू, त्रिवेणी साहू, सोनू यादव सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए।
जल स्रोतों की स्वच्छता आने वाली पीढ़ी की जिम्मेदारी
अभियान का उद्देश्य केवल तालाब की सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में जल स्रोतों एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी रहा। वर्तमान समय में जल स्रोतों का प्रदूषण और जल संकट गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसे में तालाबों की नियमित सफाई, जल संरक्षण और जनजागरूकता आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पर्यावरण प्रेमी टिकेश्वर साहू ने बताया कि सफाई के दौरान तालाब में गणेश विसर्जन के बाद पूजा सामग्री के साथ बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, थर्माकोल, कपड़े, पॉलिथीन और अन्य गैर-जैविक सामग्री मिली। उन्होंने लोगों से अपील की कि आस्था और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए जल स्रोतों की पवित्रता और स्वच्छता का भी ध्यान रखा जाए। पूजा सामग्री एवं अन्य कचरे का उचित तरीके से निपटान किया जाए, ताकि धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और जल स्रोतों की भी रक्षा हो सके।
बच्चों को भी दिया जल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सफाई अभियान के दौरान तालाब में कुछ छोटे बच्चे नहाने के लिए पहुंचे। इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें जल संरक्षण, तालाबों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को समझाया कि पानी जीवन का आधार है और जल स्रोतों को स्वच्छ रखना किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही आने वाले समय में समाज और पर्यावरण की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसलिए बचपन से ही उनमें प्रकृति, जल एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है।
प्रदीप साहू ने कहा कि गांधी जयंती केवल महात्मा गांधी को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके स्वच्छता, श्रमदान और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश को व्यवहार में उतारने का भी दिन है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के नदी-तालाब, सार्वजनिक स्थान और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाए, तो सामूहिक प्रयासों से जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकता है।
पर्यावरण प्रेमियों ने लोगों से अपील की कि तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों में प्लास्टिक, पॉलिथीन, थर्माकोल, कपड़े अथवा अन्य कचरा न डालें। धार्मिक आयोजनों के बाद निकलने वाली पूजा सामग्री का उचित निपटान करें तथा जल संरक्षण को अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं।
अभियान के दौरान उपस्थित वार्डवासियों ने भी तालाब को स्वच्छ रखने और भविष्य में जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।
NCC कैडेट्स ने मैराथन, स्वच्छता अभियान और नशामुक्ति जागरूकता के जरिए दिया ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ युवा और नशामुक्त समाज’ का संदेश
दुर्ग / शौर्यपथ। गांधी जयंती के अवसर पर शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर (वी.वाई.टी.) स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग में विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के NCC कैडेट्स ने स्वच्छता, नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के तहत NCC कैडेट्स द्वारा मैराथन दौड़ आयोजित की गई। मैराथन महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मालवीय नगर चौक एवं जेल चौक होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। मैराथन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। NCC कैडेट्स ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। वहीं नशामुक्ति विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स ने नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त समाज के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ भी दिलाई गई।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्वच्छता अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। NCC कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों एवं NCC कैडेट्स की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं में सामाजिक चेतना, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता एवं नशामुक्ति के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रमों का संचालन एवं NCC कैडेट्स की सहभागिता NCC अधिकारी लेफ्टिनेंट प्रशांत दुबे के मार्गदर्शन में हुई। उन्होंने कहा कि NCC युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उनके मार्गदर्शन में कैडेट्स ने मैराथन, स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति जागरूकता और शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
गांधी जयंती पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से महाविद्यालय परिसर से “स्वच्छ भारत, स्वस्थ युवा और नशामुक्त समाज” का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों के जरिए महात्मा गांधी के स्वच्छता, आत्मानुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के आदर्शों को विद्यार्थियों एवं समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
रायपुर / शौर्यपथ। स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन छत्तीसगढ़ ने इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (IJU) के आह्वान पर 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर ‘डिमांड डे’ मनाया। इस दौरान पत्रकारों ने मीडिया जगत से जुड़ी छह प्रमुख मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने कहा कि स्वतंत्र, सुरक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त मीडिया लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रपति के नाम दिए जाने वाले ज्ञापन का पाठ किया गया। तत्पश्चात पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल लोक भवन पहुंचा और राज्यपाल रमेन डेका को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों के समाधान के लिए केंद्र सरकार से ठोस पहल की मांग की गई।
पत्रकारों की छह प्रमुख मांगें
1. नए मीडिया आयोग का गठन
बदलते मीडिया परिदृश्य, तकनीकी बदलाव और पत्रकारिता के स्वरूप में आए परिवर्तन को देखते हुए व्यापक समीक्षा एवं नीतिगत सुझावों के लिए नए मीडिया आयोग का गठन किया जाए।
2. केंद्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून
पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष केंद्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून बनाया जाए। साथ ही छत्तीसगढ़ में लागू पत्रकार सुरक्षा कानून में आवश्यक संशोधन के लिए पत्रकार संगठनों एवं पत्रकारों की प्रतिनिधि समिति गठित की जाए।
3. नौकरी की सुरक्षा के लिए वैधानिक संरक्षण
कार्यरत पत्रकारों को नौकरी की सुरक्षा, निर्धारित कार्य घंटे, सेवा शर्तों तथा रोजगार संबंधी विवादों के समाधान के लिए प्रभावी कानूनी संरक्षण उपलब्ध कराया जाए।
4. नए वेतन बोर्ड का गठन
प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में कार्यरत पत्रकारों तथा गैर-पत्रकार कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए नया वेतन बोर्ड गठित किया जाए।
5. रेल किराए में पत्रकारों को रियायत बहाल हो
कोरोना काल के दौरान वर्ष 2020 से बंद पत्रकारों को रेल टिकट एवं आरक्षण में मिलने वाली रियायत को तत्काल पुनः बहाल किया जाए।
6. पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना
केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के लिए व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की जाए, ताकि पत्रकार और उनके परिवार स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बेहतर तरीके से सुरक्षित रह सकें।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पीसी रथ ने कहा कि स्वतंत्र, सुरक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त प्रेस लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, रोजगार की स्थिरता, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों से जुड़े मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपील की गई।
कार्यक्रम में IJU के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिलीप साहू, CSWJU के महासचिव सुधीर आजाद तम्बोली, CSWJU जिलाध्यक्ष राहुल सिन्हा, लविंदर पाल, सैय्यद सलमा, अमित बाघ, जितेंद्र साहू, जयदास मानिकपुरी, दीपेश सोनकर, सीएस नाग, शमीम, अरुण जंघेल, नीलचरण पटेल, मिथलेश कुमार, मौसम साहू, संस्कार तंबोली, थारून निषाद, नंदकुमार मूलचंदानी, जी. नरेश राव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
रमन बाजार में हथियार के साथ घूम रहा था युवक, पूछताछ में तीन और नाम सामने आए, पिस्टल व मैग्जिन बरामद
मृणेन्द्र चौबे
राजनांदगांव/शौर्यपथ /चिखली के रमन बाजार क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों के बीच दहशत पैदा करने और इलाके में दबदबा कायम करने की कोशिश करने वाले चार युवकों को चिखली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और मैग्जिन बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रमन बाजार तालाब क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे थे। चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर की रात चिखली पुलिस की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बड़ा तालाब पार रमन बाजार में एक युवक पिस्टल दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से धनुष साहू उर्फ गोलू (19), पिता स्व. भानू साहू, निवासी रमन बाजार चिखली वार्ड क्रमांक 10 को पकड़ा। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले रंग की पिस्टल और मैग्जिन बरामद हुई।
हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने धनुष साहू से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि पिस्टल शेख शहबाज उर्फ शिब्बू और जफर मोमीन द्वारा खरीदकर लाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे जांच करते हुए शेख शहबाज उर्फ शिब्बू, जफर मोमीन और ऐश्वर्य झा उर्फ राम को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में चारों द्वारा चिखली क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने की कोशिश किए जाने की जानकारी सामने आई। गिरफ्तार आरोपियों में शेख शहबाज उर्फ शिब्बू (28), पिता शेख परवेज, निवासी ओवरब्रिज के पास स्टेशनपारा वार्ड क्रमांक 12; जफर मोमीन (20), पिता हाजी सफीक मोमीन, निवासी पेट्रोल पंप के पास वार्ड क्रमांक 10; तथा ऐश्वर्य झा उर्फ राम (19), पिता स्व. विवेकानंद झा, निवासी देशमुख होटल चौक के पास चिखली वार्ड क्रमांक 5 शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज हैं। इनमें शेख शहबाज के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में कई प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। जफर मोमीन, ऐश्वर्य झा और धनुष साहू के खिलाफ भी पूर्व में प्रतिबंधात्मक एवं अन्य धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। उक्त कार्रवाई में प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर, सहायक उप निरीक्षक विनोद वर्मा, पीएसआई दुर्गेश धुरंधर सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कृष्णा मंडल । दंन्तेवाड़ा
एक शिक्षक छुट्टी पर, दूसरे को आश्रम का जिम्मा—अब बच्चों को पढ़ाएगा कौन? दंतेवाड़ा की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
अटैचमेंट पर रोक के बाद भी शिक्षक स्कूल से बाहर, आश्रमों में अधीक्षक की जिम्मेदारी; दंतेवाड़ा में शिक्षा व्यवस्था बेपटरी!
दंतेवाड़ा। जिले की शिक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के सरकारी स्कूल पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं, ऐसे में स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों को आश्रमों की जिम्मेदारी सौंपे जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का मामला सामने आया है।
राज्य सरकार की व्यवस्था के अनुसार प्राथमिक विद्यालयों में 1+1 और माध्यमिक विद्यालयों में 1+3 शिक्षकों की व्यवस्था है। लेकिन शिक्षकों के अवकाश पर रहने की स्थिति में कई स्कूलों में पहले ही उपलब्ध शिक्षक संख्या घट जाती है। ऐसे में यदि बचे हुए शिक्षक को भी आश्रम अधीक्षक का अतिरिक्त दायित्व दे दिया जाए, तो स्कूल में बच्चों की नियमित पढ़ाई किस तरह संचालित होगी, यह बड़ा सवाल है।
दंतेवाड़ा जिले में कई शिक्षक अवकाश पर रहने के कारण स्कूलों में पहले से ही शिक्षकों की कमी बनी रहती है। ऐसे में प्राथमिक विद्यालय में यदि एक शिक्षक अवकाश पर है और दूसरे शिक्षक को आश्रम अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंप दी जाती है, तो संबंधित स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षक ही नहीं बचता। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और उनकी शैक्षणिक प्रगति पर पड़ने की आशंका है।
सबसे अहम सवाल यह है कि जब राज्य सरकार, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों के अटैचमेंट और आंतरिक व्यवस्था पर रोक की बात कही गई है, तो फिर स्कूल में पदस्थ शिक्षक को वहां की शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना आश्रम अधीक्षक की जिम्मेदारी कैसे दी जा रही है?
मामले में संबंधित शिक्षक का कहना है कि उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी और एसी विभाग की ओर से आश्रम अधीक्षक का दायित्व सौंपा गया है। शिक्षक के मुताबिक उन्होंने स्कूल में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अतिथि शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग भी अधिकारियों से की है।
वहीं, उनका कहना है कि जिले के आश्रमों में अधीक्षक के रूप में कार्यरत कई कर्मचारी मूल रूप से शिक्षक ही हैं। यदि यह व्यवस्था व्यापक स्तर पर लागू है, तो सवाल सिर्फ एक स्कूल का नहीं, बल्कि दंतेवाड़ा जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता और बच्चों की पढ़ाई की पूरी व्यवस्था का है।
*स्कूलों में पहले शिक्षक चाहिए या फिर शिक्षकों से दूसरे विभागीय दायित्व पूरे कराए जाएंगे?*
*यह सवाल अब जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से पूछा जा रहा है।*
आदिवासी बहुल दंतेवाड़ा जिले में बच्चों की शिक्षा पहले से ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संचालित होती है। ऐसे में स्कूलों में उपलब्ध शिक्षकों को दूसरे दायित्वों में लगाने से पहले वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था करना जरूरी है, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और राज्य सरकार इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और शिक्षकविहीन हो रहे स्कूलों में तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था कब तक की जाती हैं
*आश्रम अधीक्षक का पक्ष*
संबंधित आश्रम अधीक्षक/शिक्षक का कहना है कि उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी एवं एसी विभाग द्वारा आश्रम अधीक्षक का दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने स्कूल की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारियों से अतिथि शिक्षक की मांग की है। उनका कहना है कि जिले के कई आश्रमों में अधीक्षक की जिम्मेदारी शिक्षकों के पास ही है।
मुख्य सवाल: जब स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षक ही उपलब्ध नहीं है, तो क्या वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था किए बिना शिक्षक को आश्रम अधीक्षक की जिम्मेदारी देना उचित है?
मृणेन्द्र चौबे ( राजनांदगांव )
राजनांदगांव/ शौर्यपथ / चिखली-शांतिनगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक खैरागढ़ रोड पर एकत्र हुए और चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की और क्षेत्र के तीन पार्षदों के पुतले फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा। प्रदर्शन में शामिल नागरिकों ने क्षेत्र में बढ़ती नशे की गतिविधियों को लेकर गंभीर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि मोहल्ले के कई हिस्सों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों का जमावड़ा रहता है। शराबखोरी के साथ कुछ स्थानों पर गांजा और शराब की बिक्री की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। नागरिकों का कहना था कि सार्वजनिक जगहों पर इस तरह की गतिविधियों से महिलाओं, बच्चों और परिवारों को परेशानी होती है तथा क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।
0 पार्षदों पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप
लोगों ने स्थानीय पार्षदों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत और ध्यानाकर्षण कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप था कि पार्षदों को नियमित रूप से क्षेत्र में पहुंचकर समस्याओं का जायजा लेना चाहिए, लेकिन जनसमस्याओं को लेकर गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है।
0 सड़क के गड्ढों से हादसों का खतरा
प्रदर्शन के दौरान सड़कों की खराब स्थिति भी प्रमुख मुद्दा रही। नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में जगह-जगह सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना था कि कई बार हादसे की स्थिति बन चुकी है, इसके बावजूद गड्ढों की मरम्मत को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
0 अंडरब्रिज का काम अधूरा, स्मार्ट मीटर पर भी नाराजगी
क्षेत्र में अंडरब्रिज का काम अधूरा रहने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। नागरिकों का कहना था कि अधूरे काम के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है और इसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने और मीटर रीडिंग को लेकर उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतों का मुद्दा भी प्रदर्शन के दौरान उठाया गया। लोगों ने संबंधित विभाग से मीटर और रीडिंग से जुड़ी शिकायतों का समाधान करने की मांग की।
0 काम नहीं करवा सकते तो इस्तीफा दें
प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने कहा कि पार्षद जनता के प्रतिनिधि हैं और क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान करवाना उनकी जिम्मेदारी है। आक्रोशित लोगों ने कहा कि यदि पार्षद जनता के काम नहीं करवा सकते और क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे सकते तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
चक्काजाम के दौरान पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा। प्रदर्शनकारियों ने नशे की गतिविधियों पर कार्रवाई, सड़क के गड्ढों की मरम्मत, अंडरब्रिज का काम पूरा कराने और स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग की। नागरिकों ने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
जनसंपर्क विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; 1 अक्टूबर को टिकरिया ने संभाला पदभार, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया आत्मीय स्वागत
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने जनसंपर्क विभाग के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए आईएएस अधिकारी आशीष कुमार टिकरिया को जनसंपर्क संचालक की जिम्मेदारी सौंपी है। शासन के प्रशासनिक फेरबदल के बाद श्री टिकरिया ने 1 अक्टूबर 2026 को जनसंपर्क संचालनालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण के अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
रजत बंसल को जनसंपर्क आयुक्त और ‘छत्तीसगढ़ संवाद’ के CEO की जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईएएस अधिकारी रजत बंसल को जनसंपर्क आयुक्त के साथ ‘छत्तीसगढ़ संवाद’ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास मुख्यमंत्री सचिवालय और खनिज साधन विभाग से जुड़े दायित्व भी हैं।
जनसंपर्क आयुक्त के रूप में रजत बंसल के सामने शासन की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा मीडिया समन्वय को मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी।
वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के MD भी हैं आशीष टिकरिया
आशीष कुमार टिकरिया वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध संचालक (MD) के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें उनके मौजूदा दायित्वों के साथ जनसंपर्क संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, इसी प्रशासनिक आदेश के तहत उन्हें जनसंपर्क विभाग की नई जिम्मेदारी मिली है।
1 अक्टूबर को पदभार ग्रहण करने के बाद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनसे मुलाकात कर नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
सरकार और जनता के बीच संवाद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
जनसंपर्क संचालनालय राज्य शासन और आम जनता के बीच सूचना एवं संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। शासन की योजनाओं, नीतियों, कार्यक्रमों और विकास कार्यों की जानकारी को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंचाने में विभाग की प्रमुख भूमिका रहती है।
डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के दौर में जनसंपर्क विभाग की भूमिका और व्यापक हुई है। ऐसे में संचालक के रूप में आशीष टिकरिया के सामने सरकारी सूचनाओं के त्वरित प्रसार, मीडिया समन्वय तथा शासन की योजनाओं की तथ्यात्मक जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
नई जिम्मेदारी के साथ नई अपेक्षाएं
आशीष टिकरिया के पदभार ग्रहण के साथ जनसंपर्क संचालनालय में उनकी नई प्रशासनिक जिम्मेदारी औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। वहीं, जनसंपर्क आयुक्त के रूप में रजत बंसल के साथ विभागीय स्तर पर जिम्मेदारियों का नया प्रशासनिक स्वरूप सामने आया है।
अब विभाग की कार्यप्रणाली, मीडिया समन्वय, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा शासन-जनता के बीच सूचना के प्रभावी आदान-प्रदान को लेकर दोनों अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ का हुआ शुभारम्भ
सियान सेवा महाकुंभ में 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठजनों को देशभर में यात्रा के लिए निशुल्क बस पास
समाज कल्याण की योजनाओं से प्रदेश के 15.90 लाख वरिष्ठजन लाभान्वित; मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से 2.55 लाख ने की आध्यात्मिक यात्रा
रायपुर, 6/ अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में सियान सेवा महाकुंभ आयोजित किया गया। समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनसे संवाद किया। कार्यक्रम में 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए।
महाकुंभ में नई सियान आशीष सेवा योजना के अंतर्गत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को सम्पूर्ण भारत में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास प्रदान किए गए। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार 2 हजार छड़ियां, एक हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल वितरित की गईं। बस पास से वरिष्ठजनों को यात्रा में सुविधा मिलेगी, जबकि सहायक उपकरण उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों को सुगम बनाएंगे।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठजन हमारी सांस्कृतिक विरासत और जीवन अनुभव के संवाहक हैं। उन्होंने अपने परिश्रम से परिवार और समाज को मजबूत आधार दिया है। उनका सम्मान करने के साथ उनके अनुभव को समाज के विकास में भी स्थान देना चाहिए। उन्होंने कहा, “वरिष्ठजन केवल कल की विरासत नहीं हैं, बल्कि आज के विकास के सहभागी हैं।” विकसित भारत के संकल्प और नवा अंजोर-अंजोर 2047 की सोच में वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का वृद्धजन कल्याण का संकल्प पेंशन तक सीमित नहीं है। वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा, देखभाल, आवागमन, सामाजिक सहभागिता और गरिमापूर्ण जीवन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 400 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए 450 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से वर्तमान में प्रदेश के 15,90,080 वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर पात्र हितग्राही तक सहायता समय पर, पारदर्शिता के साथ और सम्मानपूर्वक पहुंचे।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि इसके माध्यम से अब तक 2 लाख 55 हजार 845 वरिष्ठजनों को आध्यात्मिक यात्रा का लाभ मिला है। तीर्थयात्रा कई वरिष्ठजनों की जीवनभर की इच्छा होती है और यह योजना उन्हें उस इच्छा को पूरा करने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि सियान आशीष सेवा योजना के बस पास भी वरिष्ठजनों की यात्रा को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सियान हेल्पलाइन 155326 की जानकारी देते हुए कहा कि आवश्यकता के समय वरिष्ठजनों को सहायता और भरोसा मिलना चाहिए। उन्होंने वृद्धाश्रमों, अटल वयो अभ्युदय योजना, प्रशामक देखरेख गृह और सियान गुड़ी जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाग का प्रयास वरिष्ठजनों को सुरक्षित, आत्मीय और सम्मानपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। उनका ध्यान ऐसे समाज के निर्माण पर है, जहां वरिष्ठजन स्वस्थ और सक्रिय रहें तथा परिवार और समुदाय से जुड़े रहें।
उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों के जीवन में आई सुविधा और उनके चेहरे की मुस्कान से आंकी जानी चाहिए। उन्होंने सभी से सुरक्षा, सहभागिता और गरिमा के तीन संकल्प लेने का आह्वान किया। श्रीमती राजवाड़े ने कहा, “आपका अनुभव हमारी शक्ति है, आपकी गरिमा हमारी जिम्मेदारी है और आपकी सहभागिता विकसित छत्तीसगढ़ की पहचान है।”
रायपुर जिला प्रशासन की विशेष पहल
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रायपुर जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ की शुरुआत की। प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा के तहत जिले के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को देशभर में यात्रा के लिए निःशुल्क बस पास उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान के अंतर्गत श्रम विभाग में लंबे समय से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत 60 वरिष्ठ श्रमिकों को लाभ प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। पात्र निर्माण श्रमिकों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के अंतर्गत 1500 रुपये मासिक पेंशन तथा तीन वर्ष से पंजीकृत 59 से 60 वर्ष आयु के श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता का प्रावधान है। रायपुर जिले की इस पहल का उद्देश्य पात्र वरिष्ठ श्रमिकों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर श्रीवास तथा विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं श्री मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। समाज कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, रायपुर कलेक्टर श्री गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, संचालक श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठजन भी मौजूद थे।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
