
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
Google Analytics —— Meta Pixel
भानपुरी में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी पर्व में शामिल हुए वनमंत्री
रायपुर / शौर्यपथ / वनमंत्री केदार कश्यप ने आज बस्तर के ग्राम भानपुरी में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना की तथा झूला झुलाया। उन्होंने क्षेत्रवासियों और प्रदेश के सभी लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की।
वनमंत्री कश्यप ने कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान कृष्ण की कृपा से आपके जीवन में प्रेम, शांति और खुशहाली आए। हम सभी कृष्ण की लीलाओं से प्रेरणा लें और अपने जीवन में सच्चाई और न्याय का मार्ग अपनाएं। समस्त जगत भगवान कृष्ण की भक्ति में लीन हों और सभी अपने जीवन को सकारात्मकता से भरें। यही मंगल कामना है।
यह कार्यक्रम तुलसी महिला मंडल के द्वारा आयोजित किया गया था। मंडल के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम उत्साह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में भानपुरी, करंदोला सहित आसपास के लोग सम्मिलित हुए।
नन्हें राधा-कृष्णों की अठखेलियों से गुलजार हुआ मुख्यमंत्री निवास
पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से दिया सभी बच्चों को प्रसाद
जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रीकृष्ण की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
रायपुर / शौर्यपथ / कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर आज भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मुख्यमंत्री निवास में धूमधाम से मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस बार जन्माष्टमी अपने निवास पर दिव्यांग बच्चों के साथ मनाई। राधा और कृष्ण का रूप धरे रायपुर के तीन दिव्यांग संस्थाओं के 25 बच्चों की अठखेलियों से आज शाम मुख्यमंत्री निवास गुलजार रहा। मुख्यमंत्री श्री साय ने इन बच्चों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने पालने में बाल गोपाल के रूप में बिराजे दिव्यांग बालक रूद्र की पूजा कर झूला भी झुलाया। उन्होंने प्रदेशवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पूजा के बाद सभी बच्चों को खुद अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। उन्होंने बच्चों को अपनी गोद में लेकर दुलारा और बातकर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में भी पूछा। रायपुर के शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय मठपुरैना तथा माना के अस्थिबाधित बालगृह और बहु-दिव्यांग बालगृह के बच्चे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कृष्ण जन्माष्टी कार्यक्रम में शामिल हुए। संवेदनशील मुख्यमंत्री श्री साय ने आज का पावन दिन इन बच्चों के साथ साझाकर उनके त्यौहार को खास बना दिया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि इन बच्चों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाना और उनकी पूजा करना मेरे लिए अत्यंत सुखद और गर्व का विषय है। प्रदेश के अन्य बच्चों की तरह ये बच्चे भी हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। हम इनकी बेहतर परवरिश, शिक्षा-दीक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन
रायपुर, 26 अगस्त 2024/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने समाज सुधारक और शिक्षाविद् स्वामी आत्मानंद की पुण्यतिथि 27 अगस्त पर उन्हें नमन करते हुए कहा है कि उन्होंने छत्तीसगढ़ में मानव सेवा एवं शिक्षा संस्कार की अलख जगाई। पीड़ित मानवता की सेवा को उन्होंने सबसे बड़ा धर्म बताया। स्वामी विवेकानंद के विचारों का भी उन पर भी गहरा असर हुआ और उन्होंने अपना पूरा जीवन दीन-दुःखियों की सेवा में बिता दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वामी आत्मानंद के पद चिन्हों पर चलते हुए किसानों, वनवासियों, गरीबों और मजदूरों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के हर संभव प्रयास कर रही है। स्वामी आत्मानंद ने वनवासियों के उत्थान के लिए नारायणपुर आश्रम में उच्च स्तरीय शिक्षा केन्द्र और वनवासी सेवा केन्द्र प्रारंभ किए। श्री साय ने कहा कि स्वामी अत्मानंद के आदर्श और जीवन मूल्य सदा जनसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
रायपुर / शौर्यपथ / राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 892.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 27 अगस्त सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1862.9 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 492.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 895.7 मिमी, बलरामपुर में 1306.8 मिमी, जशपुर में 752.3 मिमी, कोरिया में 914.4 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 893.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।
इसी प्रकार, रायपुर जिले में 740.6 मिमी, बलौदाबाजार में 928.0 मिमी, गरियाबंद में 838.2 मिमी, महासमुंद में 680.7 मिमी, धमतरी में 778.3 मिमी, बिलासपुर में 839.7 मिमी, मुंगेली में 938.3 मिमी, रायगढ़ में 855.6 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 520.0 मिमी, जांजगीर-चांपा में 981.6 मिमी, सक्ती 843.0 मिमी, कोरबा में 1199.8 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 903.3 मिमी, दुर्ग में 533.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 697.9 मिमी, राजनांदगांव में 869.6 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी में 981.3 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 643.4 मिमी, बालोद में 908.3 मिमी, बेमेतरा में 496.2 मिमी, बस्तर में 925.5 मिमी, कोण्डागांव में 849.6 मिमी, कांकेर में 1064.5 मिमी, नारायणपुर में 1002.5 मिमी, दंतेवाड़ा में 1110.6 मिमी और सुकमा जिले में 1192.2 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई।
नई दिल्ली / शौर्यपथ / भारत और सिंगापुर के मंत्रियों की दूसरी गोलमेज बैठक आज सिंगापुर में हुई। बैठक के दौरान भारत और सिंगापुर के नेताओं ने दोनों देशों के बीच उभरते हुए और भावी क्षेत्रों में सहयोग बढाने के तौर-तरीकों पर विचार किया। दोनों देशो ने छह प्रमुख क्षेत्रों का चयन किया। इनमें डिजिटलीकरण, कौशल विकास, स्थिरता, स्वास्थ्य देखभाल और चिकित्सा तथा अत्याधुनिक विनिर्माण और संपर्क सुविधाएं शामिल है।
बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन, विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर, रेलवे, सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हिस्सा लिया। सिंगापुर की ओर से वहां के उप-प्रधानमंत्री गन किंम योंग ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
नेताओं ने भारत और सिंगापुर के बीच कूटनीतिक संबंधों की 60वीं वर्षगाठ मनाने की योजना पर भी चर्चा की। उन्होंने आसियान और जी-20 देशों सहित क्षेत्रीय और वैश्विक सहयोग पर भी विचार विमर्श किया।
इससे पहले भारतीय मंत्रियों ने सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की। इन नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सिंगापुर के राष्ट्रपति को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
एक नये समूह- भारत सिंगापुर मंत्री स्तरीय गोलमेज सम्मेलन-आईएसएमआर की स्थापना नई दिल्ली, में सितंबर 2022 में, द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। मत्रियों का यह समूह डिजिटल कनेक्टिविटी, फिंटेक, हरित अर्थव्यवस्था, ग्रीन हाईड्रोजन कौशल विकास और खाद्य सुरक्षा पर विशेष ध्यान केंद्रित करता है।
भारत और सिंगापुर के बीच आपसी व्यापार में निरंतर वृद्धि हुई है। सिंगापुर भारत का छठा सबसे बडा व्यापार भागीदार है। भारत के समग्र व्यापार में सिंगापुर की हिस्सेदारी दो दशमलव नौ प्रतिशत है और यह भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का सबसे बड़ा स्रोत बना हुआ है।
नई दिल्ली / शौर्यपथ / सरकार ने केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में 5 नये जिले बनाने का निर्णय किया है। ये हैं- जांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग। गृहमंत्री अमित शाह ने आज सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लद्दाख को विकसित और खुशहाल बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए गृह मंत्रालय ने पांच नये जिले बनाने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार लद्दाख के लोगों के लिए अधिक अवसर पैदा करने के प्रति वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि नये जिलों के निर्माण से हर स्तर पर प्रशासन सुदृढ होगा और सरकारी कार्यक्रमों का लाभ लोगों की दहलीज तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
गृह मंत्रालय ने लद्दाख प्रशासन से कहा है कि वह नये जिलों के निर्माण के बारे में विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करने के लिए एक समिति का गठन करे। समिति तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी।
नई दिल्ली / शौर्यपथ / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन से फोन पर बातचीत की और यूक्रेन की स्थिति सहित क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। अमरीका के राष्ट्रपति ने श्री मोदी को टेलीफोन किया था। उनसे वार्ता में श्री मोदी ने लोकतंत्र, विधि सम्मत शासन और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संबंधों के साझा मूल्यों पर आधारित भारत-अमरीकी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता की सराहना की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई उल्लेखनीय प्रगति की समीक्षा की और इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत-अमरीकी साझेदारी का उद्देश्य दोनों देशों के लोगों के साथ ही संपूर्ण मानवता का कल्याण है। श्री मोदी और राष्ट्रपति बाइडेन ने अन्य कई और मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
श्री मोदी ने यूक्रेन की अपनी हाल की यात्रा के बारे में श्री बाइडेन को बताया। उन्होंने दोहराया कि भारत हमेशा बातचीत और कूटनीति के पक्ष में है और उन्होंने इसी तरीके से शांति और स्थिरता जल्द बहाल किए जाने के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने बांग्लादेश की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बांग्लादेश में कानून और व्यवस्था बहाल किए जाने और अल्पसंख्यकों विशेषकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया। उन्होंने क्वाड सहित बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
नई दिल्ली / शौर्यपथ / चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा और उनके कामकाज की स्थितियों के संबंध में सिफारिशें करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की ओर से गठित राष्ट्रीय कार्य बल की आज पहली बैठक होगी। सूत्रों के अनुसार यह बैठक नई दिल्ली में होगी। भारत सरकार के कैबिनेट सचिव बैठक की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय गृह सचिव, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के अध्यक्ष, सर्जन वाइस एडमिरल आर सरीन, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ.एम श्रीनिवास और एम्स के न्यूरोलॉजी की पूर्व प्रोफेसर डॉ. पदमा श्रीवास्तव इस कार्य बल के सदस्यों में शामिल हैं।
सर्वोच्च न्यायालय ने कोलकाता के आरजी कर अस्पताल की एक डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या से संबंधित मामले की सुनवाई के दौरान चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय कार्यबल का गठन किया था। सर्वोच्च न्यायालय ने इस कार्य बल को तीन सप्ताह में अपनी अंतरिम रिपोर्ट और दो महीने के अंदर अंतिम रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
नई दिल्ली / शौर्यपथ / विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा आज नई दिल्ली में भारत ब्राजील संयुक्त आयुक्त की 9वीं बैठक की सह अध्यक्षता करेंगे। ब्राजील के विदेश मंत्री चार दिन की यात्रा पर शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि श्री विएरा की यात्रा से भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी को और बढ़ावा मिलेगा। मंत्रालय ने कहा है कि डॉ. जयशंकर और श्री विएरा बताएंगे कि तीन देशों के समूह त्रोइका के रूप में किस तरह दोनों देश मिलकर पिछले वर्ष भारत की अध्यक्षता में जी-20 सम्मेलन के प्रमुख परिणामों की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। जी-20 के अध्यक्ष के रूप में ब्राजील का कार्यकाल नवंबर 2024 तक है। ब्राजील की जी-20 अध्यक्षता के अंतर्गत जी-20 त्रोइका में भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। ब्राजील की मेजबानी में इस वर्ष 18 और 19 नवंबर को रियो डी जेनेरो में जी-20 देशों के नेताओं का शिखर सम्मेलन होगा। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और ब्राजील के बीच बहुपक्षीय संबंधों की जड़ें उन मूल्यों में हैं, जो दोनों देश साझा करते हैं। यह भी कहा गया है कि विदेश मंत्री विएरा की यात्रा दोनों देशों के बीच 2006 में शुरू की गई रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती देने का अवसर प्रदान करेगी। साथ ही, इसके माध्यम से विविध क्षेत्रों में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मामलों में सहयोग के नए रास्ते तलाशे जाएंगे।
इससे पहले जुलाई में विदेश मंत्रालय के आर्थिक संबंधों से जुड़े मामलों के सचिव डी रवि के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल रियो डी जेनेरो में जी-20 देशों के विकास मंत्रियों की बैठक में शामिल हुआ। इस दौरान स्वच्छ भारत अभियान, जल जीवन मिशन और अमृत योजना सहित भारत के प्रमुख विकास कार्यक्रमों का उल्लेख किया गया और जल तथा स्वच्छता से जुड़े सतत विकास लक्ष्य तक पहुंचने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
नई दिल्ली / शौर्यपथ / केंद्र सरकार ने लोक शिकायतों के समयबद्ध, सुगम और सार्थक तरीके से निवारण के उद्देश्य से व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने कहा है कि सार्वजनिक शिकायतों के प्रभावी तरीके से निवारण के लिए जारी किए गए दिशा निर्देश आम नागरिकों को सशक्त करेंगे, इस प्रक्रिया को सरल और कारगर बनाएंगे इसमें अधिक स्पष्टता लाएंगे।
आम नागरिक अपनी शिकायतें www.pgportal.gov पर दर्ज कर सकते हैं। यह पोर्टल शिकायतों के निपटारे के लिए सिंगल विंडो सुविधा के रूप में कार्य करेगा। केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों को इन शिकायतों के त्वरित, साफ-सुथरे और कुशलता से समाधान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने होंगे। उन्हें इसके लिए समर्पित शिकायत सेल बनाने के लिए कहा गया है जो आवश्यक संसाधनों से लैस हो तथा उन्हें योजनाओं और गतिविधियों के बारे में जानकारी हो। निपटाई गई शिकायतों के बारे में जानकारी लोगों को एसएमएस और ईमेल से भेजी जाएगी।
केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली के पोर्टल CPGRAMS ने वर्ष 2022 से 2024 के दौरान लगभग 60 लाख सार्वजनिक शिकायतों का निवारण किया। पिछले दिशा-निर्देशों के तहत शिकायत निवारण की समयसीमा 30 दिन थी, जिसे अब घटाकर 21 दिन कर दिया गया है।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
